आरबीआई का श्रीलंका के केन्‍द्रीय बैंक के साथ मुद्रा अदला-बदली का समझौता

  • 27 Jul 2020

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने जुलाई 2020 में श्रीलंका के केन्‍द्रीय बैंक के साथ 40 करोड़ डॉलर की मुद्रा अदला-बदली के समझौते पर हस्‍ताक्षर किए हैं। यह मुद्रा अदला-बदली व्यवस्था नवंबर 2022 तक उपलब्ध रहेगी।

महत्वपूर्ण तथ्य: 'सार्क मुद्रा अदला बदली फ्रेमवर्क' (SAARC Currency Swap Framework) के तहत मुद्रा विनिमय सुविधा के लिए श्रीलंकाई पक्ष के अनुरोध के आधार पर यह सुविधा प्रदान की गई।

  • ज्ञात हो कि 23 मई, 2020 को श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबया राजपक्षे ने भारत से सार्क व्यवस्था के तहत 40 करोड़ डॉलर की मुद्रा विनिमय और द्विपक्षीय रूप से अतिरिक्त 1.1 अरब डॉलर की मुद्रा विनिमय की सहायता मांगी थी।
  • मुद्रा अदला-बदली व्यवस्था में, एक देश एक विदेशी केंद्रीय बैंक को डॉलर प्रदान करता है, जो उसी समय (लेन-देन के समय) बाजार विनिमय दर के आधार पर अपनी मुद्रा के बराबर धनराशि पहले देश को प्रदान करता है।
  • पार्टियां भविष्य में निर्दिष्ट तिथि पर अपनी दो मुद्राओं की इन मात्राओं को पहले लेन-देन के समान विनिमय दर का उपयोग करते हुए वापस अदला-बदली के लिए सहमत होती हैं, जो कि अगले दिन या दो साल बाद भी हो सकती हैं। श्रीलंका के मामले में, यह दो साल से अधिक है।
  • भारतीय रिजर्व बैंक 2019-22 तक 'सार्क मुद्रा अदला बदली फ्रेमवर्क' के तहत सार्क क्षेत्र में केंद्रीय बैंकों के लिए 2 बिलियन डॉलर की मुद्रा विनिमय व्यवस्था प्रदान करेगा।