भारत ने लगाया 101 रक्षा उत्पादों पर प्रतिबन्ध

  • 10 Aug 2020

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 9 अगस्त, 2020 को भारत द्वारा रक्षा उत्पादन के स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए 101 वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध को 2020 से 2024 के बीच धीरे-धीरे लागू करने की योजना है।

महत्वपूर्ण तथ्य:आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के तहत भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा 101 वस्तुओं की सूची तैयार की गई थी।

  • आयात पर प्रतिबंध लगाई जाने वाली इन 101 वस्तुओं की सूची में न केवल हल्की वस्तुएं शामिल हैं, बल्कि आर्टिलरी गन, असॉल्ट राइफलें (Assault rifles), लड़ाकू जलपोत, सोनार प्रणाली, मालवाहक विमान, हल्के लड़ाकू विमान (एलसीएच), रडार जैसे कुछ उच्च प्रौद्योगिकी हथियार प्रणालियां और हमारी रक्षा सेवाओं की जरूरतों को पूरा करने वाली कई अन्य वस्तुएं भी शामिल हैं।
  • चयनित 101 वस्तुओं में लगभग 260 योजनाएँ शामिल हैं, जिन्हें 2015 से 2020 के बीच 3.5 लाख करोड़ रुपये की लागत से सेना के तीनों अंगों द्वारा अनुबंधित किया गया था।
  • इसके अलावा, अगले 5 से 7 वर्षों में घरेलू उद्योगों को 4 लाख करोड़ रुपये के अनुबंध प्रदान किए जायेंगे।
  • रक्षा मंत्रालय ने वर्ष 2020-21 के लिए पूंजी खरीद को घरेलू और विदेशी पूंजी खरीद के रूप में विभाजित किया है। चालू वित्त वर्ष के लिए घरेलू खरीद के लिए 52,000 करोड़ रुपये का एक अलग बजट बनाया गया है।