विशेष
यूपीएससी (CSE) तैयारी रणनीति विशेषांक
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा महज इस बात की परीक्षा नहीं है कि आप कितना जानते हैं—बल्कि यह इस बात की परीक्षा है कि आप अपने ज्ञान को कितनी अच्छी तरह समझते हैं, उसे प्राथमिकता देते हैं, अंतर्संबंधित करते हैं और उसे लागू करते हैं। परीक्षा के बदलते पैटर्न, व्यापक पाठ्यक्रम और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, सफलता अब केवल अधिक अध्ययन सामग्री जुटाने पर नहीं, बल्कि सही रणनीति अपनाने पर निर्भर करती है।
यह विशेषांक अभ्यर्थियों के लिए एक केंद्रित, चरणबद्ध और परिणाम-उन्मुख रणनीति प्रस्तुत करता है—जिसमें प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और व्यक्तित्व परीक्षण (Personality Test) शामिल हैं। पाठ्यक्रम और पिछले वर्षों के प्रश्नों (PYQs) के विश्लेषण से लेकर, पारंपरिक विषयों (Static) को समसामयिकी (Current Affairs) के साथ जोड़ने, उत्तर-लेखन में सुधार करने और तैयारी के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों से बचने तक, यह विशेषांक यूपीएससी की सासम्पूर्ण तैयारी पर केंद्रित है।
सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कैसे करें?
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), जो भारत का एक संवैधानिक संस्थान है, प्रत्येक वर्ष सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है ताकि भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) जैसी अखिल भारतीय सेवाओं के साथ-साथ भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय राजस्व सेवा (IRS) तथाभारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं हेतु योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा सके। हर वर्ष लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में सम्मिलित होकर अपना भाग्य आज़माते हैं, किन्तु उनमें से केवल कुछ ही छात्र इन गौरवशाली पदों तक पहुँच पाते हैं जिन्हें “राष्ट्र के वास्तुकार” (Architect of Nation) की संज्ञा दी जाती है। ‘सिविल सेवा परीक्षा’ मुख्यत: तीन चरणों — प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार — में सम्पन्न होती है।

