वैश्विक जलवायु जोखिम सूचकांक- 2020

पर्यावरण थिंक टैंक जर्मनवाच द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन के मामले में भारत विश्व का पांचवां सबसे असुरक्षित देश है। रिपोर्ट के तहत जारी वैश्विक जलवायु जोखिम सूचकांक 2020 (Climate Risk Index 2020) में भारत 5वें स्थान पर है। जलवायु जोखिम सूचकांक 2020 को वर्ष 2018 के लिए जारी किया गया है।

  • जलवायु जोखिम सूचकांक 2019 में भारत 14वें स्थान पर था।
  • जलवायु जोखिम सूचकांक 2018 में भारत का स्थान 6वां था।
  • बॉन (जर्मनी) आधारित जर्मनवॉच एक स्वतंत्र विकास और पर्यावरण संगठन है, जो सतत वैश्विक विकास के लिए काम करता है।

प्रमुख तथ्य

2018 में भारत में जलवायु परिवर्तन के कारण सबसे अधिक मृत्यु दर्ज की है तथा इसके प्रभाव से सबसे अधिक मौद्रिक नुकसान उठाने वाले देशों में दूसरे स्थान पर है। इंडेक्स में भारत की उच्च रैंक का कारण गंभीर बारिश, बाढ़ और भूस्खलन है। इन आपदाओं की वजह से भारत में 1000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।

  • ‘वैश्विक जलवायु जोखिम सूचकांक 2020’ यह बताता है कि मौसम से संबंधित घटनाओं (तूफान, बाढ़, हीट वेव आदि) के प्रभाव से देश और क्षेत्र किस हद तक प्रभावित हुए हैं।
  • रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन से जुड़े चरम मौसम न केवल म्यांमार और हैती जैसे गरीब देशों को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि दुनिया के कुछ सबसे अमीर देशों को भी प्रभावित कर रहे हैं। 2018 में जापान सबसे खराब स्थिति वाला देश है, जबकि जर्मनी और कनाडा दोनों ही सबसे अधिक प्रभावित शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं।
  • 2018 में सबसे अधिक प्रभावित होने वाले शीर्ष तीन देश जापान, फिलीपींस और जर्मनी थे, जबकि 1999 से 2018 के बीच की अवधि के लिए प्युर्टो रिको, म्यांमार और हैती शीर्ष तीन सर्वाधिक प्रभावित देश थे।
  • गरीब देश जलवायु जोखिम से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। 1999-2018 की अवधि में दस सबसे अधिक प्रभावित देशों और क्षेत्रों में, सात कम आय वाले या निम्न-मध्यम आय वाले विकासशील देश थे, दो (थाईलैंड और डोमिनिका) को ऊपरी-मध्यम आय वाले देशों के रूप में वर्गीकृत किया गया है तथा एक उच्च आय वाली उन्नत अर्थव्यवस्था (प्यूर्टो रिको) है।
  • हीटवेव (लू) 2018 में नुकसान का एक प्रमुख कारण था। 2018 में दस सबसे अधिक प्रभावित देशों में से जर्मनी, जापान और भारत गर्मी की विस्तारित अवधि से पीड़ित थे।

सूचकांक में शीर्ष 5 देश

रैंक

देश

स्कोर

1.

जापान

5.50

2.

फिलीपींस

11.17

3.

जर्मनी

13.83

4.

मेडागास्कर

15.83

5.

भारत

18.17