RBI देगा श्रीलंका को 40 करोड़ डॉलर की मदद

जनवरी, 2019 को भारतीय रिजर्व बैंक श्रीलंका के केन्द्रीय बैंक को मुद्रा अदला-बदली व्यवस्था के तहत 40 करोड़ डॉलर देने पर सहमत हुआ है। इससे श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होगा। श्रीलंका के केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि रिजर्व बैंक की त्वरित और सही समय पर दी गयी सहायता से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा। श्रीलंका को अपने विदेशी मुद्रा कोष को उपयुक्त स्तर पर बनाये रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, वह आयात, ऋण किस्त का भुगतान कर सकेगा और मुद्रा को जरूरी समर्थन प्राप्त होगा और विनिमय दर में अस्थिरता से भी बचा जा सकेगा। रिजर्व बैंक की ओर से यह सहायता श्रीलंका के लिए काफी महत्वपूर्ण है। खासकर, ऐसे समय जब यह द्वीपीय देश अपने राजनीति और संवैधानिक संकट से अभी उबर रहा है। अक्टूबर और नवंबर के दौरान उपजे उसके राजनीतिक संकट से देश के आर्थिक परिदृश्य पर बुरा प्रभाव पड़ा है।