मेरा-इंडियाः मलेरिया उन्मूलन अनुसंधान गठबंधान

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने मलेरिया नियंत्रण पर काम करने वाले साझेदारों के समूह- ‘मलेरिया उन्मूलन अनुसंधान गठबंधन (Malaria Elimination Research Alliance - MERA) इंडिया’ शुरू किया है, ताकि 2030 तक भारत से इस बीमारी को खत्म करने के लिए अनुसंधान को प्राथमिकता दी जा सके।

पृष्ठभूमि

पिछले दो दशकों में भारत ने मलेरिया नियंत्रण में प्रभावशाली प्रगति की है। मलेरिया के बोझ में 80% कमी आई है (2000 में 2.03 मिलियन मामलों की तुलना में 2018 में 0.39 मिलियन)। मलेरिया से होने वाली मौतों में भी 90% से अधिक की कमी आई है (2000 में 932 की तुलना में 2018 में 85)। इस सफलता ने भारत सरकार की 2030 तक मलेरिया को खत्म करने की प्रतिबद्धता को मजबूत आधार प्रदान किया है।

  • भारत के राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (National Vector Borne Diseases Control Program-NVBDCP) ने 2030 तक ‘मलेरिया मुक्त भारत’के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक व्यापक रूपरेखा विकसित की है। यह योजना मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों का समर्थन और मार्गदर्शन करने में अनुसंधान की महत्त्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करती है। यह मलेरिया उन्मूलन अनुसंधान गठबंधन (MERA) इंडिया की स्थापना के माध्यम से एक साझा मंच और साझा अनुसंधान एजेंडा और संसाधनों की आवश्यकता पर प्रकाश डालती है।

चुनौतियां

मलेरिया उन्मूलन के समक्ष प्रमुख चुनौतियां निम्नलिखित हैं:

  • लोगों में वेक्टर जनित बीमारियों के बारे में जागरुकता की कमी।
  • सरकारी सहायता का अभाव तथा जरूरत और आवंटित निधि के बीच मेल न होना।
  • शोध और सरकारी कार्यक्रमों के बीच समन्वय नहीं होना।
  • पूरे देश में सर्वाेत्तम प्रथाओं का पालन और उपयोग नहीं होना।
  • लोगों की भागीदारी में कमी तथा अपेक्षित संशोधनों के साथ पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय समाधानों की प्रतिकृति का देश में उपयोग नहीं किया जाना।

महत्व

मेरा इंडिया का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय प्रयासों की नकल करना नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर, पूरक के रूप में, व्यापक वैश्विक एजेंडे में योगदान करना है।

  • 2030 तक भारत से मलेरिया को खत्म करने के लिए देश की अनुसंधान आवश्यकताओं की पहचान करना और प्राथमिकता निर्धारित करना।
  • यह एक साझा अनुसंधान एजेंडे के साथ अंतर-संस्थागत समन्वय और सहयोग की सुविधा प्रदान करेगा; जो न केवल कार्यक्रम संबधी चुनौतियों का समाधान होगा, बल्कि लक्षित अनुसंधान में भी योगदान देगा। यह उपलब्ध साधनों में अंतराल को भी कम करता है।
  • मलेरिया उन्मूलन पर मूर्त प्रभाव को प्राप्त करने के लिए समन्वित और जुझारू तरीकों से अनुसंधान को बढ़ावा देता है।

सुझाव

मेरा इंडिया योजना को समन्वित दृष्टिकोण, अनुसंधान आदानों और साधनों को अपनाने की आवश्यकता है। पूरे देश में ‘सन डाउन स्लीव डाउन एप्रोच’जैसी प्रथाओं का प्रसार किया जाना चाहिए। लोगों को छोटे वीडियो क्लिप जैसे डिजिटल मीडिया माध्यमों से सुरक्षात्मक उपायों के बारे में सूचित किया जाना चाहिए।