चर्चित खेल व्यक्तित्व

मीराबाई चानू

भारोत्तोलक ‘साइखोम मीराबाई चानू’ ने 24 जुलाई, 2021 को महिलाओं की 49 किग्रा. वर्ग की भारोत्तोलन स्पर्धा में ‘रजत पदक’ जीतकर टोक्यो ओलंपिक में भारत को पहला पदक दिलाया।

  • उन्होंने ‘स्नैच’ में 87 किग्रा. और क्लीन एंड जर्क में 115 किग्रा. सहित कुल 202 किग्रा- भार उठाया। चीन की होउ झिहुई (Hou hihZui) पहले स्थान पर रही, जिन्होंने 210 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
  • मणिपुर की 26 वर्षीया चानू, वर्ष 2000 में कर्णम मल्लेश्वरी (कांस्य पदक) के बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय भारोत्तोलक हैं।
  • वह पी. वी. सिंधु (2016 रियो ओलंपिक) के बाद ओलंपिक रजत पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला भी हैं।

पुरस्कारः राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार (2018); पदम् श्री पुरस्कार (2018)।

उपलब्धियां-

  • स्वर्ण पदकः महिला 48 किग्रा, विश्व चैंपियनशिप 2017, अनाहीम (यूएसए) तथा महिला 48 किग्रा, राष्ट्रमंडल खेल 2018, गोल्ड कोस्ट;
  • रजत पदकः महिला 49 किग्रा, टोक्यो ओलंपिक 2020 तथा महिला 48 किग्रा, राष्ट्रमंडल खेल 2014, ग्लासगो;
  • कांस्य पदकः महिला 49 किग्रा, एशियाई चैंपियनशिप 2020, ताशकंद।

अभिमन्यु मिश्रा

  • 30 जून, 2021 को भारतीय मूल के अमेरिकी अभिमन्यु मिश्रा शतरंज इतिहास के सबसे युवा ग्रैंडमास्टर बन गये हैं। अभिमन्यु ने 12 साल, 4 महीने और 25 दिन की आयु में यह उपलब्धि हासिल की।
  • उन्होंने 2002 में रूस के सर्गेई कारजाकिन द्वारा बनाए गए 12 साल और 7 महीने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
  • अमेरिका के न्यू जर्सी में रहने वाले अभिमन्यु मिश्रा ने बुडापेस्ट में वेजेर्केप्जो ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट में अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर मानदंड हासिल किया। उन्होंने 15 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंका को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
  • ग्रैंड मास्टर का खिताब वैश्विक शतरंज संगठन (FIDE) द्वारा खिलाडि़यों को दिया जाता है।

प्रिया मलिक

  • भारतीय जूनियर पहलवान प्रिया मलिक ने जुलाई 2021 में हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप में 73 किग्रा. वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
  • 16 वर्षीया प्रिया ने फाइनल में बेलारूस की पहलवान सेनिया पटापोविच को 5-0 से हराकर महिलाओं का 73 किग्रा. का खिताब जीता।
  • हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली प्रिया मलिक ने 2019 में पुणे में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था।
  • कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां 17 साल से कम उम्र के दुनिया भर के सर्वश्रेष्ठ ग्रीको-रोमन, फ्रीस्टाइल और महिला पहलवान प्रतिस्पर्धा करते हैं।

दीपिका कुमारी

  • भारत की दीपिका कुमारी ने 27 जून, 2021 को पेरिस में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप चरण III में एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किये।
  • उन्होंने व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट, मिश्रित रिकर्व इवेंट और महिला रिकर्व टीम में स्वर्ण पदक जीता। मिश्रित रिकर्व टीम इवेंट में उन्होंने अपने पति अतनु दास के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीता।
  • उन्होंने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट और महिला टीम रिकर्व इवेंट में स्वर्ण पदक जीते थे। उन्हें वर्ष 2012 में अर्जुन अवार्ड से तथा 2016 में पदम् श्री से सम्मानित किया गया था।

जेम्स एंडरसन

  • 5 जुलाई, 2021 को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 1000वां विकेट हासिल किया।
  • अनुभवी गेंदबाज ने ओल्ड ट्रैफर्ड में लंकाशायर के लिए खेलते हुए केंट के खिलाफ काउंटी मैच में यह उपलब्धि हासिल की।
  • एंडरसन ने अपने 1000वें विकेट के रूप में हीनो कुह्न को आउट किया।
  • एंडरसन ने 19 रन देकर सात विकेट लेकर लंकाशायर के लिए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और केंट की पहली पारी को 74 रन पर समेट दिया था।

यशपाल शर्मा

  • 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे यशपाल शर्मा का 13 जुलाई, 2021 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे।
  • यशपाल शर्मा ने भारत के लिए कुल 37 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1606 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए 42 वनडे मैच भी खेले, जिनमें 4 अर्धशतक सहित कुल 883 रन बनाए।
  • वह भारत की 1983 की ऐतिहासिक जीत में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, उन्होंने ग्रुप चरण में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की जीत में 89 और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 61 रन बनाए थे।
  • उन्होंने पहले 2004 से 2005 तक, और बाद में 2008 से 2011 तक दो बार राष्ट्रीय चयनकर्ता के रूप में भी कार्य किया था।

क्रिस गेल

  • 12 जुलाई, 2021 को वेस्टइंडीज के क्रिकेटर क्रिस गेल टी-20 क्रिकेट के इतिहास में 14000 रन बनाने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
  • उन्होंने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रॉस आइलेट, सेंट लूसिया में खेले गए तीसरे टी-20 में हासिल की।
  • सबसे अधिक टी-20 रन बनाने वालों की सूची में विराट कोहली पांचवें स्थान पर हैं। कोहली ने अब तक 311 टी-20 में 9929 रन बनाए हैं।

कार्लोस रॉयटमैन

  • एक दशक से अधिक समय तक विश्व मोटरस्पोर्ट्स में शीर्ष पर प्रतिस्पर्धा करने वाले पूर्व फॉर्मूला वन चालक और अर्जेंटीना के राजनेता कार्लोस रॉयटमैन का 7 जुलाई, 2021 को निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे।
  • पांच बार के विश्व चैंपियन जुआन मैनुअल फांगियो के बाद रॉयटमैन को अर्जेंटीना का सबसे महान चालक माना जाता था।
  • उन्होंने करियर में 146 ग्रां प्री में 12 जीत और 46 पोडियम फिनिश हासिल की। 1982 में उन्होंने अचानक खेल छोड़ दिया था।

पी वी सिंधु

  • 1 अगस्त, 2021 को टोक्यो ओलंपिक 2020 में बैडमिंटन के महिला एकल में पी वी सिंधु ने चीन की ‘ही बिंगजियाओ’ (He Bingjiao) को 21.13, 21.15 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया है।
  • सिंधु पहलवान सुशील कुमार के बाद दो व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाली केवल दूसरी भारतीय और देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं।
  • सिंधु ने लगातार दो ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतकर पहली भारतीय महिला खिलाड़ी होने का गौरव भी हासिल किया। इससे पहले सिंधु ने रियो ओलंपिक 2016 में रजत पदक जीता था।