प्रधानमंत्री को प्रदान किए गए पुरस्कार-भारत की बढ़ती हुई साफ्ट पॉवर का संकेत

भारत के प्रधानमंत्री को कई देशों के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इन पुरस्कारों में मुस्लिम देशों द्वारा प्रदान किये गए पुरस्कार विशेष रूप से उल्लेखनीय है। स्पष्ट रूप से यह भारत की धर्मनिरपेक्ष साख को प्रदर्शित करता है और यह पश्चिमी एशियाई मुस्लिम देशों के साथ भारत के अच्छे संबंधों को भी आधार प्रदान करता है।

यह भारत की सॉफ्ट पॉवर (नरम शक्ति) की स्वीकार्यता और बेहतर अभिव्यक्ति का स्पष्ट प्रमाण प्रस्तुत करता है। सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों के साथ-साथ पर्यावरण से संबंधित पुरस्कार, द्विपक्षीय संबंधों और शांति को बढ़ावा देने में सहायक है। यह भारत की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता और सक्रियता को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री को प्राप्त कुछ प्रमुख पुरस्कार

  • किंग हमाद ऑर्डर ऑफ रेनैसंसः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बहरीन के शासक हमाद बिन इसा बिन सलमान अल खलीफा द्वारा द किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनैसंस पुरस्कार से सम्मानित किया गया, यह पुरस्कार भारत और बहरीन के बीच संबंधों को मजबूत में योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
  • जायेद मेडलः संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जायेद मेडल से सम्मानित किया, यह किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच दोस्ती और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दिया जाता है।
  • ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू एपोस्टलः यह रूस का सर्वोच्च सम्मान है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में असाधारण योगदान और दोनों देशों के लोगों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध को बढ़ावा देने के लिए दिया है।
  • सीओल शांति पुरस्कारः यह दक्षिण कोरिया की सीओल पीस प्राइज फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया है, जो वर्ष 2018 में विश्व शांति और आर्थिक विकास में योगदान करने तथा मोदिनोमिक्स का इजाद करने के लिए प्रदान किया गया है।
  • चैंपियंस ऑफ अर्थ अवार्डः यह संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान है। यह पुरस्कार संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रदान किया गया। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम ने 2005 में वार्षिक पुरस्कार कार्यक्रम के रूप में चैंपियंस ऑफ द अर्थ की स्थापना की, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक-निजी क्षेत्रों और नागरिक समाज से उत्कृष्ट पर्यावरणीय नेताओं की पहचान करना है।
  • ग्रैंड कालर ऑफ स्टेट ऑफ पलेस्टाइनः यह फिलिस्तीन द्वारा विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो 2018 में फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास द्वारा भारत एवं फिलिस्तीन के बीच संबंधों को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया।
  • आमिर अमानुल्लाह खान अवार्डः यह अफगानिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी द्वारा 2016 में भारतीय प्रधानमंत्री को प्रदान किया गया था।
  • आर्डर ऑफ किंग अब्दुल अजीज सैश अवार्डः सऊदी अरब का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। प्रधानमंत्री को रॉयल कोर्ट में किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज द्वारा प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। किंग अब्दुल अजीज सैश अवार्ड का नाम आधुनिक सऊदी राज्य के संस्थापक अब्दुल अजीज अल सऊद के नाम पर रखा गया है।

ये सभी पुरस्कार विश्व की राजनीति में भारत के बढ़ते महत्व और भारतीयों के प्रति विश्व के बढ़ते सकारात्मक झुकाव को उजागर करते हैं।