नियुक्ति

अपूर्व चंद्र

1988 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी अपूर्व चंद्र को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने 23 अगस्त, 2021 को पदभार ग्रहण किया।

  • इस नियुक्ति से पहले वे 1 अक्टूबर, 2020 से श्रम और रोजगार मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं, उन्हें सितंबर 2020 में संसद द्वारा पारित श्रम संहिताओं को शीघ्रता से लागू करने की जिम्मेदारी दी गयी थी। उनके मार्गदर्शन में चारों श्रम संहिताओं के लिए नियम बनाए गए थे।
  • उन्होंने 1 दिसम्बर, 2017 से रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक (अधिग्रहण) के रूप में भी कार्य किया है। उन्हें अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाकर भारतीय सशस्त्र बलों को मजबूत करने का कार्यभार सौंपा गया था। वे नई रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया का मसौदा तैयार करने वाली समिति के अध्यक्ष थे।
  • उन्होंने 2013 से 2017 के बीच चार वर्षों से अधिक समय के लिए महाराष्ट्र सरकार में प्रधान सचिव (उद्योग) के रूप में कार्य किया है। इस अवधि में एफडीआई और अन्य निवेश आकर्षित करने में महाराष्ट्र देश में सबसे आगे रहा।

ला गणेशन

तमिलनाडु के वरिष्ठ भाजपा नेता ला गणेशन को 22 अगस्त, 2021 को मणिपुर का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

  • 2006 और 2009 के बीच, गणेशन तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं।
  • 10 अगस्त को नजमा हेपतुल्ला के स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ देने के बाद राज्यपाल का पद खाली हो गया था। उसी दिन सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद को अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।

अजय कुमार भल्ला

केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को वर्तमान कार्यकाल यानी 22 अगस्त, 2021 से और एक साल का विस्तार दिया गया है।

  • असम-मेघालय कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी भल्ला को अगस्त 2019 में गृह सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था।

रेखा शर्मा

7 अगस्त, 2021 को केंद्र सरकार ने रेखा शर्मा को 3 वर्ष के कार्यकाल के लिए पुनः राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का अध्यक्ष नियुक्त किया।

  • उनका दूसरा कार्यकाल 7 अगस्त, 2021 से प्रभावी हो गया। वे 65 वर्ष की आयु तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर बनी रहेंगी।
  • वह वर्ष 2018 में पहले कार्यकाल हेतु इस पद पर नियुक्त हुई थी।

जीके फ़ैक्ट

  • राष्ट्रीय महिला आयोग की स्थापना राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत जनवरी 1992 में सांविधिक निकाय के रूप में की गई थी।