ऑक्सफ़ेम विश्व असमानता रिपोर्ट 2018

अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन ऑक्सफेम द्वारा 22 जनवरी, 2018 को जारी विश्व असमानता रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2017 में पूरे विश्व में सृजित कुल संपत्ति का 82% विश्व के सर्वाधिक 1% धनियों ने कब्जा लिया। यह कमाल हुआ वैश्विक शेयर बाजारों में जबर्दस्त उछाल के कारण। ऑक्सफेम के अनुसार विश्व के 42 लोगों के पास सबसे गरीब 3.7 अरब लोगों के बराबर की संपत्ति है।

ऑक्सफेम रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2017 में प्रत्येक दो दिन पर एक अरबपति का जन्म हुआ तो दूसरी ओर विश्व के सबसे गरीब 50% आबादी की आय में कोई बढ़ोतरी ही नहीं हुयी। ऑक्सफैम, यूनाइटेड किंगडम के ऑक्सफोर्ड स्थित एक वैश्विक चैरिटी संगठन है। इसकी स्थापना 1942 में ऑक्सफोर्ड में हुयी थी।

वैश्विक परिदृश्य

  • विश्व के 0.1% लोगों के पास विश्व की कुल आय का 13 प्रतिशत हिस्सा।
  • पिछले 36 वर्षों में जो नई संपत्तियाँ सृजित की गई हैं, उनमें भी 27% पर सिर्फ 1% अमीरों का ही अधिकार।
  • आय की सर्वोच्च श्रेणी में गिने जाने वाले शीर्ष 1% लोगों की कुल संख्या महज 7.5 करोड़ है, जबकि सबसे नीचे के 50% लोगों की कुल संख्या 3.7 अरब।

भारतीय आय असमानता

विश्व असमानता रिपोर्ट 2018 के अनुसार भारत में आय असमानता ऐतिहासिक रूप से उच्च स्तर पर पहुंच गई है। भारत में वर्ष 2017 में सृजित कुल संपत्ति/आय का 73% भारत के सर्वाधिक धनी 1% लोगों के पास गयी।

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2014 में भारत की 1 प्रतिशत आबादी के पास राष्ट्रीय आय का 22 प्रतिशत हिस्सा था। वही शीर्ष 10 प्रतिशत आबादी के पास राष्ट्रीय आय का 56 प्रतिशत हिस्सा था।