‘शी-बॉक्‍स’

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों की रिपोर्ट करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल ‘शी-बॉक्स’ को केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और 33 राज्यों के 653 जिलों तथा केंद्रशासित प्रदेशों से लिंक किया है। ऐसे मामलों में कार्यवाही करने के लिए हर मामला संबंधित अधिकार क्षेत्र वाले केंद्र/राज्य प्राधिकारी के पास सीधे पहुंच जाता है। ‘शी-बॉक्स’ की शिकायतकर्ता और महिला बाल विकास मंत्रालय द्वारा निगरानी की जा सकती है। इससे मामले के निपटान में लगने वाले समय में कमी आएगी।

‘शी-बॉक्स’ पोर्टल कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का सामना कर रही महिलाओं को तेजी से राहत उपलब्ध कराने का एक प्रयास है। 2017 में ‘शी-बॉक्स’ का शुभारंभ किया गया था। जिसमें सरकारी और निजी कर्मचारियों सहित सभी महिला कर्मियों को कार्यस्थलों पर यौन उत्पीड़न की ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा प्रदान की गई है।