परमाणु हथियारों पर सिपरी रिपोर्ट

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) ने जून 2018 को सिपरी इयरबुक 2018 (SIPRI Yearbook 2018) के निष्कर्ष जारी किए। इसके अंतर्गत हथियारों, निरस्त्रीकरण तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की वर्तमान स्थिति का आंकलन किया गया है। इस रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्षों में निम्नलिखित शामिल हैं-

  • रिपोर्ट के अनुसार परमाणु हथियार रखने के सन्दर्भ में पाकिस्तान, भारत से आगे है; जिसके पास 140-150 परमाणु हथियार हैं, जो वर्ष 2017 की तुलना में 10 अधिक हैं। इसके विपरीत भारत के पास 130-140 परमाणु हथियार हैं।
  • भारत और पाकिस्तान दोनों अपने परमाणु हथियारों के भंडार का विस्तार कर रहे हैं, साथ ही साथ नई भूमि, समुद्र और वायु आधारित मिसाइल प्रणाली विकसित कर रहे हैं।
  • सिपरी के अनुसार चीन अपनी परमाणु हथियार प्रणाली का आधुनिकीकरण जारी रखे हुए है तथा धीरे-धीरे अपने परमाणु शस्त्रगार के आकार में भी वृद्धि कर रहा है। इसके अतिरिक्त रूस और अमेरिका के पास कुल परमाणु हथियारों का 92 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा है।
  • इसके अनुसार 9 देशों- अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, इजराइल और उत्तरी कोरिया के पास वर्ष 2018 की शुरुआत में 14,465 परमाणु हथियार थे, जिनमें से 3,750 तैनात अवस्था में थे। जबकि 2017 की शुरुआत में परमाणु हथियारों की कुल संख्या 14,935 थी।