निधन

पुनीत राजकुमार

प्रसिद्ध कन्नड़ स्टार पुनीत राजकुमार का 29 अक्टूबर, 2021 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वे 46 वर्ष के थे।

  • पुनीत कन्नड़ फिल्म जगत के प्रमुख नायकों में से एक थे; उनके पिता स्वर्गीय राजकुमार को सुपर स्टार माना जाता था।
  • उन्होंने 49 फिल्मों में अभिनय किया है, जिसमें 28 में वे मुख्य किरदार में थे।
  • मात्र 10 साल की उम्र में, उन्होंने ‘बेट्टाडा हूवु’ (माउंटेन फ्लावर) [Bettada Hoovu (Mountain Flower)] फिल्म के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का राष्ट्रीय पुरस्कार’ जीता था।

नेदुमुदी वेणु

मलयालम सिनेमा के सबसे बहुमुखी चरित्र अभिनेताओं में से एक नेदुमुदी वेणु का 11 अक्टूबर, 2021 को निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे।

  • नेदुमुदी वेणु ने कवलम नारायण पणिकर के नाटकों के साथ एक ‘थिएटर कलाकार’ के रूप में अपना करियर शुरू किया।
  • उन्होंने 1978 में जी अरविंदन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘थंबू’ (Thambu) के साथ फिल्मों में अपनी शुरुआत की।
  • मलयालम और तमिल फिल्मों में अपने अभिनय के लिए प्रख्यात वेणु ने 500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।
  • नेदुमुदी वेणु ने अपने प्रदर्शन के लिए तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और छः केरल राज्य फिल्म पुरस्कार जीते थे।

अब्दुल कदीर खान

पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम के जनक परमाणु वैज्ञानिक अब्दुल कदीर खान का 10 अक्टूबर, 2021 को निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे।

  • खान, का जन्म 1936 में भोपाल में हुआ था और 1947 में विभाजन के बाद वे अपने परिवार के साथ पाकिस्तान चले गए। अपने देश को दुनिया की पहली इस्लामी परमाणु शक्ति बनाने के लिए पाकिस्तानी परमाणु वैज्ञानिक खान एक राष्ट्रीय नायक के रूप में प्रतिष्ठित थे।

येसुदासन

प्रख्यात कार्टूनिस्ट येसुदासन का 6 अक्टूबर, 2021 को कोच्चि में निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे।

  • येसुदासन ने ‘जनयुगोम मलयालम’ (Janayugom Malayalam) दैनिक से राजनीतिक कार्टून की दुनिया में प्रवेश किया। बाद में, उन्होंने नई दिल्ली से प्रकाशित शंकर साप्ताहिक और व्यंग्य पत्रिकाओं ‘कट-कट’ (Cut-Cut) और ‘टुक टुक’ (Tuk Tuk) के साथ काम किया।
  • उन्होंने 23 वर्षों तक मलयाला मनोरमा ग्रुप में बतौर कार्टूनिस्ट सेवायें दी। वे ‘केरल ललित कला अकादमी’ के पूर्व अध्यक्ष और ‘केरल कार्टून अकादमी’ के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे थे।
  • उन्हें ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कार्टूनिस्ट्स’ द्वारा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ तथा केरल सरकार द्वारा कार्टून और मीडिया क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘स्वदेश-अभिमानी केसरी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
  • येसुदासन ने चार पुस्तकें भी लिखी हैं - अनियारा, प्रधम दृष्टि, पोस्टमॉर्टम और वारेयली नयनार।

वी. एम. एम. नायर

भारत के सबसे वयोवृद्ध पूर्व राजनयिक वी- एम- एम- नायर का उनके 103वें जन्मदिन से दो दिन पहले 6 अक्टूबर, 2021 को निधन हो गया।

  • नायर 1942 के बिहार कैडर के भारतीय सिविल सेवा (आईसीएस) के अधिकारी थे।
  • नायर ने अगस्त 1946 से सितंबर 1948 तक विदेश विभाग में अवर सचिव के रूप में कार्य किया। बाद में वे राष्ट्रमंडल संबंधों के वरिष्ठ अवर सचिव भी रहे।
  • उन्होंने 1957-58 के दौरान कुआलालंपुर में भारत के उच्चायुक्त के रूप में कार्य किया। उन्होंने कंबोडिया और पोलैंड में भारत के राजदूत के रूप में भी काम किया था।

अरविंद त्रिवेदी

1980 के दशक के लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक रामायण में ‘रावण’ की भूमिका निभाने वाले वयोवृद्ध अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का 5 अक्टूबर, 2021 को निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे।

  • अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में भी अभिनय किया था।
  • इसके अलावा उन्होंने ‘विक्रम और बेताल’ (1985) और 1998 की गुजराती फीचर फिल्म ‘देश रे जोया दादा परदेश जोया’ में अभिनय से प्रसिद्धि पाई थी। 1991 में, अरविंद त्रिवेदी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकांठा निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुने गए थे।

घनश्याम नायक

लोकप्रिय टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘नट्टू काका’ का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता घनश्याम नायक का 3 अक्टूबर, 2021 को कैंसर के कारण निधन हो गया। वे 77 वर्ष के थे।

  • घनश्याम नायक ने 100 से अधिक गुजराती और हिंदी फिल्मों में काम किया था।
  • उन्होंने 350 से अधिक टेलीविजन शो में अभिनय किया। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के अलावा, वह ‘खिचड़ी’ और ‘साराभाई बनाम साराभाई’ जैसे शो में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाते थे।