युद्धाभ्यास/सैन्य अभियान

युद्ध अभ्यास 2021

भारत और अमेरिका के बीच जारी रक्षा सहयोग के अंतर्गत संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2021’ (EX YUDH ABHYAS 21) 15 से 29 अक्टूबर, 2021 तक संयुक्त बेस एल्मेंडॉर्फ रिचर्डसन, अलास्का (यूएसए) में आयोजित किया गया।

उद्देश्यः दोनों सेनाओं के बीच समझ, सहयोग और अंतर-संचालन को बढ़ाना तथा सामरिक स्तर के अभ्यासों को साझा करना तथा एक दूसरे से अभ्यास की सर्वश्रेष्ठ परिपाटियां सीखना।

  • यह संयुक्त अभ्यास का 17वां संस्करण था। यह अभ्यास दोनों देशों के बीच बारी-बारी से आयोजित किया जाता है।
  • भारत की ओर से सेना की ‘7 मद्रास इन्फैंट्री बटालियन’ ने अभ्यास में हिस्सा लिया।

जीके फ़ैक्ट

  • इस अभ्यास का पिछला संस्करण फरवरी 2021 में राजस्थान के बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित किया गया था।

भारतीय सेना की टीम ने कैंब्रियन गश्ती अभ्यास में जीता स्वर्ण पदक

भारतीय सेना की ‘4/5 गोरखा राइफल्स (फ्रंटियर फोर्स)’ की एक टीम ने 13 से 15 अक्टूबर, 2021 तक ब्रिटेन के ब्रेकन, वेल्स में आयोजित ‘कैम्ब्रियन सैन्य गश्ती (पेट्रोल) अभ्यास’ में स्वर्ण पदक हासिल किया।

उद्देश्यः सेना के नेतृत्व, आत्म-अनुशासन, साहस, शारीरिक सहनशक्ति और दृढ़ संकल्प का आकलन करना।

  • ब्रिटिश सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ जनरल सर मार्क कार्लेटन-स्मिथ ने टीम के सदस्यों को स्वर्ण पदक प्रदान किया।
  • यूनाइटेड किंगडम की सेना द्वारा आयोजित कैम्ब्रियन सैन्य गश्ती (पेट्रोल) अभ्यास को मानवीय सहनशक्ति, टीम भावना की अंतिम परीक्षा माना जाता है।
  • इस अभ्यास में कुल 96 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें दुनिया भर से विशेष बलों और प्रतिष्ठित रेजिमेंटों का प्रतिनिधित्व करने वाली 17 अंतरराष्ट्रीय टीमें भी शामिल थीं।

जीके फ़ैक्ट

  • कैम्ब्रियन सैन्य गश्ती अभ्यास को कभी-कभी दुनियाभर की सेनाओं के बीच ‘सैन्य पेट्रोलिंग के ओलंपिक’ (Olympics of Military Patrolling) के रूप में जाना जाता है।

अभ्यास ‘अजेय वारियर’

भारत- यूनाइटेड किंगडम के संयुक्त कंपनी स्तर के सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास ‘अजेय वारियर’ का छठा संस्करण उत्तराखंड के चौबटिया में 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर, 2021 तक आयोजित किया गया।

  • यह अभ्यास मित्र विदेशी राष्ट्रों के साथ अंतर-संचालनीयता और विशेषज्ञता साझा करने की पहल का हिस्सा है।
  • इस अभ्यास के दौरान भारतीय सेना की एक इन्फैंट्री कंपनी और यूनाइटेड किंगडम सेना ने अपने-अपने देशों में विभिन्न सैन्य अभियानों के संचालन के दौरान और विदेशी गतिविधियों के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों को साझा किया।
  • प्रशिक्षण के अंतर्गत दोनों देशों की सेना संयुक्त सैन्य अभियानों को अंजाम देने के लिए एक-दूसरे के हथियारों, उपकरणों, रणनीति, तकनीकों और प्रक्रियाओं से परिचित हुई।

अभ्यास ‘मित्र शक्ति’

भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर, 2021 तक श्रीलंका के पूर्वी जिले अम्पारा में कॉम्बैट ट्रेनिंग स्कूल में 12 दिवसीय सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति’ (Exercise 'Mitra Shkati') का आयोजन किया गया।

उद्देश्यः दोनों देशों की सेनाओं के बीच घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देना और अंतर-संचालन को बढ़ाना और आतंकवाद विरोधी अभियानों में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना।

  • कर्नल प्रकाश कुमार की अध्यक्षता में इन्फैंट्री बटालियन ग्रुप के भारतीय सेना के 120 जवानों की एक टुकड़ी ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया।

जीके फ़ैक्ट

  • अभ्यास ‘मित्र शक्ति’ का 7वां संस्करण दिसंबर 2019 में पुणे के औंध सैन्य स्टेशन में स्थित विदेशी प्रशिक्षण नोड में आयोजित किया गया था।

समुद्री अभ्यास ‘जिमेक्स-’

भारतीय नौसेना (IN) और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (JMSDF) के बीच भारत-जापान द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘जिमेक्स-21’ (JIMEX-21) का पांचवां संस्करण 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर, 2021 तक अरब सागर में आयोजित किया गया।

JIMEX-21 का उद्देश्यः समुद्री अभियानों के समस्त आयामों में अनेक उन्नत अभ्यासों के संचालन के माध्यम से अभियानगत प्रक्रियाओं की सामान्य समझ विकसित करना और अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना।

  • फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्रलीट रियर एडमिरल अजय कोचर की कमान में स्वदेश निर्मित गाइडेड मिसाइल स्टेल्थ डिस्ट्रॉयर ‘कोच्चि’ और गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट ‘तेग’ ने भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व किया।
  • JIMEX का पिछला संस्करण सितंबर 2020 में उत्तरी अरब सागर में आयोजित किया गया था।

जीके फ़ैक्ट

  • समुद्री सुरक्षा सहयोग पर विशेष ध्यान देने के उद्देश्य से जनवरी 2012 में JIMEX श्रृंखला का अभ्यास शुरू किया गया था।

अभ्यास ‘सूर्य किरण’

15वां भारत-नेपाल संयुक्त बटालियन स्तर का सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास ‘सूर्य किरण’ (Exercise Surya Kiran) 20 सितंबर से 3 अक्टूबर, 2021 तक पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) में संपन्न हुआ।

  • अभ्यास के दौरान भारतीय सेना और नेपाली सेना की एक-एक इन्फेंट्री बटालियन ने अंतर-संचालन विकसित करने और आतंकवाद विरोधी अभियानों और आपदा राहत कार्यों के अपने अनुभव को साझा करने के लिए एक साथ प्रशिक्षण लिया।
  • संयुक्त अभ्यास में भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व ‘छठी गढ़वाल रेजीमेंट’ ने किया, जबकि नेपाली पक्ष का प्रतिनिधित्व नेपाली सेना की ‘रिपु दमन बटालियन’ ने किया।
  • अभ्यास सूर्य किरण का अंतिम संस्करण 2019 में नेपाल में आयोजित किया गया था।