चर्चित दिवस

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (1 अक्टूबर)

2021 का विषय (2021 Theme): ‘डिजिटल इक्विटी फॉर ऑल एजेस’ (Digital Equity for All Ages)

महत्वपूर्ण तथ्यः 14 दिसंबर, 1990 को, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में नामित किया। 1991 में, महासभा ने वृद्धजनों के लिए संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों को अपनाया।

अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस (2 अक्टूबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी और अहिंसा के दर्शन के अग्रदूत महात्मा गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ मनाया जाता है।

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2007 में अपनाए गए एक प्रस्ताव में शिक्षा और जन जागरूकता के माध्यम से अहिंसा के संदेश को फैलाने के अवसर के रूप में इस दिवस की स्थापना की।

विश्व पर्यावास दिवस (4 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘कार्बन मुक्त दुनिया के लिए शहरी कार्रवाई को तेज करना’ (Accelerating urban action for a carbon-free world)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र ने हर साल अक्टूबर के पहले सोमवार को हमारे पर्यावास की स्थिति को प्रतिबिंबित करने हेतु और पर्याप्त आश्रय के लिए सभी के मूल अधिकार हेतु विश्व पर्यावास दिवस के रूप में नामित किया है।

  • विश्व पर्यावास दिवस पहली बार 1986 में ‘आश्रय मेरा अधिकार’ विषय के साथ मनाया गया था। उस वर्ष इस दिवस की मेजबानी नैरोबी शहर ने की थी।

विश्व शिक्षक दिवस (5 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘शिक्षा की बहाली के केंद्र में शिक्षक’ (Teachers at the heart of education recovery)

महत्वपूर्ण तथ्यः 1994 में, यूनेस्को ने शिक्षकों के योगदान और उपलब्धियों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस की शुरुआत की।

  • 5 अक्टूबर, 1966 को एक विशेष अंतर सरकारी सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें ‘शिक्षकों की स्थिति पर यूनेस्को की सिफारिश’ को स्वीकार किया था।

विश्व कपास दिवस (7 अक्टूबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः ‘कपास-4’ देश (बेनिन, बुर्किना फासो, चाड और माली) की पहल पर, विश्व व्यापार संगठन ने पहली बार 7 अक्टूबर, 2019 को इस दिवस की शुरूआत की थी।

  • यह दिवस पांच महाद्वीपों में 75 से अधिक देशों में उगाए जाने वाले वैश्विक पण्य सामग्री (commodity) के रूप में कपास के महत्व को पहचानने का अवसर प्रदान करता है।
  • कपास इन 75 देशों में 100 मिलियन से अधिक परिवारों को लाभान्वित करता है।

विश्व डाक दिवस (9 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘इनोवेट टू रिकवर’ (Innovate to recover)

महत्वपूर्ण तथ्यः प्रतिवर्ष 9 अक्टूबर को स्विट्जरलैंड की राजधानी, बर्न में 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन की स्थापना की वर्षगांठ के रूप में यह दिवस मनाया जाता है।

  • 1969 में टोक्यो, जापान में आयोजित यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन कांग्रेस द्वारा इसे विश्व डाक दिवस घोषित किया गया था।

विश्व प्रवासी पक्षी दिवस (9 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘सिंग, फ्लाई, सोर- लाइक ए बर्ड’ (Sing, Fly, Soar - Like a Bird)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस प्रवासी पक्षियों और उनके आवासों के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालने वाला एक जागरूकता अभियान है।

  • इस दिवस की शुरुआत 2006 में हुई थी। 2018 से यह दिवस वर्ष में दो बार मई और अक्टूबर माह के दूसरे शनिवार को मनाया जाता है।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस (10 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘एक असमान दुनिया में मानसिक स्वास्थ्य’ (Mental Health in an Unequal World)

2021 का अभियान नाराः ‘सभी के लिए मानसिक स्वास्थ्य देखभालः आइए इसे एक वास्तविकता बनाएं’ (Mental health care for all: let's mkae it a reality)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस का उद्देश्य पूरे विश्व में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और मानसिक स्वास्थ्य के समर्थन में प्रयासों को बढ़ावा देना है।

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार देश औसतन अपने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बजट का लगभग 2% से कम मानसिक स्वास्थ्य पर खर्च करते हैं।

विश्व अंतरिक्ष सप्ताह (4-10 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘अंतरिक्ष में महिलाएं’ (Women in Space)

महत्वपूर्ण तथ्यः हर वर्ष 4 से 10 अक्टूबर तक ‘विश्व अंतरिक्ष सप्ताह’ अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण घटनाओं की याद में मनाया जाता है; 4 अक्टूबर, 1957 को पहला मानव निर्मित पृथ्वी उपग्रह ‘स्पुतनिक-1’ का प्रमोचन और 10 अक्टूबर, 1967 को संयुक्त राष्ट्र के चंद्रमा और अन्य खगोलीय पिंडों सहित बाहरी अंतरिक्ष के अन्वेषण और उपयोग गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले सिद्धांतों से संबंधित संधि लागू हुई थी।

  • ‘स्पेस फॉर वुमेन’ (Space4Women) अंतरिक्ष में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त राष्ट्र के बाहरी अंतरिक्ष मामलों के कार्यालय (UNOOSA) की एक परियोजना है।
  • रिपोर्ट के अनुसार, अंतरिक्ष इंडस्ट्री में 20-22 फीसदी महिलाएं कार्यरत हैं।

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस (11 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘डिजिटल पीढ़ी। हमारी पीढ़ी’ (Digital Generation. Our Generation)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 19 दिसंबर, 2011 को लड़कियों के अधिकारों और दुनिया भर में लड़कियों के सामने आने वाली चुनौतियों को पहचानने के लिए 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका के दिवस के रूप में घोषित किया था।

विश्व गठिया दिवस (12 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘देर न करें, आज ही संपर्क करें: टाइमटूवर्क’ (Don't Delay, Connect Today: Time2Work)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस का उद्देश्य आमवाती विकारों (rheumatic disorders) के बारे में लोगों के बीच जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ सरकार और नीति निर्माताओं को बीमारी के बारे में जागरूक करना है।

  • इस दिवस की स्थापना वर्ष 1996 में अर्थराइटिस और रूमेटिजम इंटरनेशनल (ARI) द्वारा की गई थी।

राष्ट्रीय डाक-टिकट संग्रहण दिवस (13 अक्टूबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः ‘फिलाटेली’ (Philately) डाक टिकटों और डाक इतिहास का अध्ययन है। यह दिवस टिकटों और अन्य टिकट संग्रह संबंधी उत्पादों के संग्रह, अभिमूल्यन (appreciation) और अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। यह दिवस राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर तक) के हिस्से के रूप में मनाया जाता है।

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (13 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘विकासशील देशों के लिए उनके आपदा जोखिम और आपदा नुकसान को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग’ (International cooperation for developing countries to reduce their disater risk and disater losses)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1989 में इस दिवस की स्थापना की थी, इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर आपदा न्यूनीकरण तथा आपदा जोखिम के बारे में जागरूकता फैलाना है।

विश्व मानक दिवस (14 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘सतत विकास लक्ष्यों के लिए मानक - एक बेहतर दुनिया के लिए साझा दृष्टिकोण’ (Standards for sustainable development goals - shared vision for a better world)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस मानक विकास संगठनों के भीतर स्वैच्छिक मानकों को विकसित करने में दुनिया भर के विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है।

  • मानकीकरण की सुविधा के लिए एक वैश्विक संगठन को डिजाइन करने के लिए 14 अक्टूबर, 1946 को लंदन में 25 देशों के प्रतिनिधियों की पहली बैठक के उपलक्ष्य में इस तारीख (14 अक्टूबर) को इस दिवस के लिए चुना गया है।
  • अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO) की स्थापना 1947 में की गई थी। हालाँकि, पहले विश्व मानक दिवस की औपचारिक रूप से शुरुआत 1970 में ISO के तत्कालीन अध्यक्ष फारुक सनटर द्वारा की गई थी।

ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे (15 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘हमारा भविष्य हाथ में है - चलो एक साथ आगे बढ़ते हैं’ (Our Future is at Hand - Let's Move Forward Together)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस बीमारियों से बचाव और जीवन को बचाने के लिए आसान, प्रभावी और किफायती तरीके से साबुन के साथ हाथ धोने की वकालत करने के लिए समर्पित है।

  • इस दिवस की स्थापना ‘ग्लोबल हैंडवॉशिंग पार्टनरशिप’ (Global Handwsahing Partnership) द्वारा की गई थी। पहला ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे 2008 में आयोजित किया गया था।
  • यूनिसेफ के नवीनतम अनुमानों के अनुसार 10 में से लगभग 3 लोगों या 2.3 बिलियन लोगों के पास घर पर पानी की उपलब्धता और साबुन से हाथ धोने की सुविधा नहीं है।

अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस (15 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘रुरल वुमेन कल्टीवेटिंग गुड फूड फॉर ऑल’ (Rural Women Cultivating Good Food for All)

महत्वपूर्ण तथ्यः कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा में सुधार और ग्रामीण गरीबी उन्मूलन में स्थानीय महिलाओं सहित ग्रामीण महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान को मान्यता देने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 2007 में इस दिवस की स्थापना की गई थी। पहली बार यह दिवस 15 अक्टूबर, 2008 को मनाया गया था।

  • विकासशील देशों में कृषि श्रम शक्ति में महिलाओं की औसतन 40 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी है।

विश्व खाद्य दिवस (16 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘हमारे कार्य ही हमारे भविष्य हैं- बेहतर उत्पादन, बेहतर पोषण, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन’ (Our actions are our future- Better production, better nutrition, a better environment and a better life)

महत्वपूर्ण तथ्यः इसी दिन 1945 में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) की स्थापना की गई थी। इसी उपलक्ष्य में हर साल 16 अक्टूबर को श्विश्व खाद्य दिवस मनाया जाता है।

  • एफएओ के अनुसार 3 अरब से अधिक लोगों (दुनिया की आबादी का लगभग 40%) की स्वस्थ आहार तक पहुँच नहीं है।

अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस (17 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘एक साथ आगे बढ़नाः लगातार गरीबी को समाप्त करना, सभी लोगों और हमारे ग्रह का सम्मान करना’ (Building forward together: Ending Persistent Poverty, Respecting all People and our Planet)

महत्वपूर्ण तथ्यः 22 दिसंबर, 1992 को अपनाए गए संकल्प के माध्यम से, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 17 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस के रूप में घोषित किया।

  • इस दिवस का उद्देश्य सभी देशों को गरीबी और निराश्रयता के उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय संदर्भ में उपयुक्त, ठोस कार्रवाई के लिए प्रेरित करना है।
  • 1987 में 17 अक्टूबर के ही दिन पेरिस में ट्रोकाडेरो (TrocadUuro) में अत्यधिक गरीबी, हिंसा और भूख के शिकार लोगों के सम्मान में एक लाख से अधिक लोग एकत्र हुए थे; ट्रोकाडेरो में 1948 में ‘मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा’ पर हस्ताक्षर किए गए थे।
  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2018-2027 को ‘गरीबी उन्मूलन के लिए तीसरा संयुक्त राष्ट्र दशक’ घोषित किया है।

पुलिस स्मृति दिवस (21 अक्टूबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस की स्थापना उन पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से की गई है, जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुये अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

  • 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के पास हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के दस पुलिसकर्मियों को सम्मान देने के लिए हर साल 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।

संयुक्त राष्ट्र दिवस (24 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘बिल्डिंग बैक टुगेदर फॉर पीस एंड प्रोस्पेरिटी’ (Building Back Together for Peace and Prosperity)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र दिवस 1945 में संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के लागू होने की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

  • ‘संयुक्त राष्ट्र’ नाम संयुक्त राज्य अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट द्वारा दिया गया था और पहली बार द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1 जनवरी, 1942 की संयुक्त राष्ट्र घोषणा में इस्तेमाल किया गया था।

विश्व विकास सूचना दिवस (24 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘सूचना और संचार प्रौद्योगिकी - विकास की चुनौतियों का नया समाधान’ (Information and Communications Technologies - New Solutions to Development Challenges)

महत्वपूर्ण तथ्यः दुनिया का ध्यान विकास की समस्याओं की ओर आकर्षित करने और उन्हें हल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1972 में विश्व विकास सूचना दिवस की स्थापना की।

  • 24 अक्टूबर, 1970 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा ‘द्वितीय संयुक्त राष्ट्र विकास दशक के लिए अंतरराष्ट्रीय विकास रणनीति’ को अपनाया गया था।

विश्व पोलियो दिवस (24 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘एक दिन, एक फोकसः पोलियो को समाप्त करना - पोलियो मुक्त विश्व के हमारे वादे को पूरा करना’ (One Day, One Focus: Ending Polio – delivering on our promise of a polio-free world)

महत्वपूर्ण तथ्यः विश्व पोलियो दिवस की स्थापना रोटरी इंटरनेशनल ने एक दशक पहले पोलियो (poliomyelitis) टीके के आविष्कारक अमेरिका के जोनास साल्क के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में की थी, जिन्होंने 1955 में पहला पोलियो टीका विकसित किया था।

  • भारत को 27 मार्च, 2014 को डब्ल्यूएचओ के पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन से पोलियो मुक्त प्रमाणन प्राप्त हुआ था।

निरस्त्रीकरण सप्ताह (24-30 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘निरस्त्रीकरणः मानवता के भविष्य की सुरक्षा’ (Disarmament: Securing Humanity's Future)

महत्वपूर्ण तथ्यः निरस्त्रीकरण सप्ताह का उद्देश्य निरस्त्रीकरण के मुद्दों की जागरूकता और बेहतर समझ को बढ़ावा देने का प्रयास करना है।

विश्व श्रव्य-दृश्य विरासत दिवस (27 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘योर विंडो टू द वर्ल्ड’ (Your Window to the World)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस दृश्य-श्रव्य दस्तावेजों के महत्व को स्वीकार करने की आवश्यकता के बारे में सामान्य जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अवसर प्रदान करता है।

विश्व शहर दिवस (31 अक्टूबर)

2021 का विषयः ‘बेहतर शहर, बेहतर जीवनः जलवायु लचीलापन के लिए शहरों को अपनाना’ (Better City, Better life: Adapting Cities for Climate Resilience)

महत्वपूर्ण तथ्यः विश्व शहर दिवस की स्थापना 2013 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा की गई थी। पहला विश्व शहर दिवस 2014 में आयोजित किया गया था।

  • इस दिवस का उद्देश्य वैश्विक शहरीकरण में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की रुचि को बढ़ावा देना, शहरीकरण की चुनौतियों का समाधान करना और दुनिया भर में सतत शहरी विकास में योगदान करने के अवसरों हेतु देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाना है।