चर्चित दिवस

चौथा राष्ट्रीय पोषण माह (सितंबर)

2021 का विषयः महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने चार साप्ताहिक विषय के साथ पूरे महीने में गतिविधियों की एक श्रृंखला की योजना बनाई।

  • वृक्षारोपण गतिविधि ‘पोषण वाटिका’ (1 से 7 सितंबर तक), पोषण के लिए योग और आयुष (8 से 15 सितंबर तक), अधिक बोझ वाले जिलों के आंगनवाड़ी लाभार्थियों को ‘क्षेत्रीय पोषण किट’ (16 से 23 सितंबर तक) तथा ‘गंभीर रूप से तीव्र कुपोषित बच्चों की पहचान और पौष्टिक भोजन का वितरण’ (24 से 30 सितंबर तक)।

महत्वपूर्ण तथ्यः हर साल सितंबर माह को ‘पोषण माह’ के रूप में मनाया जाता है। पोषण अभियान बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए भारत सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है।

  • 8 मार्च, 2018 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान के झुंझुनू से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘पोषण’ (Prime Minister's Overarching Scheme for Holistic Nutrition: POSHAN) अभियान शुरू किया गया था।
  • पोषण माह का उद्देश्य जन भागीदारी को प्रोत्साहित करना है, ताकि बच्चों, किशारियों और महिलाओं के बीच कुपोषण को दूर किया जा सके।

विश्व नारियल दिवस (2 सितंबर)

2021 का विषयः ‘कोविड-19 महामारी के बीच और उसके उपरांत एक सुरक्षित, समावेशी, सुदृढ़ और स्थायी नारियल समुदाय का निर्माण’ (Building a safe, inclusive resilient and sustainable coconut community amid COVID-19 pandemic and beyond)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में नारियल के स्वास्थ्य लाभ, इसके उपयोग और इसके बारे में जागरूकता पैदा करना।

  • ‘विश्व नारियल दिवस’ संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग एशिया और प्रशांत (UN-ESCAP) के तत्वावधान में नारियल उत्पादक देशों के एक अंतर-सरकारी संगठन ‘अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय’ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। ‘अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय’ की स्थापना 1969 में की गई थी। इसका सचिवालय जकार्ता, इंडोनेशिया में है।
  • 2020-21 के दौरान भारत में नारियल का उत्पादन 21207 मिलियन नट्स रहा, जो वैश्विक उत्पादन का 34% है।

अंतरराष्ट्रीय परोपकार दिवस (5 सितंबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस की स्थापना दुनिया भर के लोगों, गैर सरकारी संगठनों और हितधारकों को स्वयंसेवी और परोपकारी गतिविधियों के माध्यम से दूसरों की मदद करने के लिए संवेदनशील बनाने और एकजुट करने के उद्देश्य से की गई थी।

  • 1979 में नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त करने वाली मदर टेरेसा के निधन की वर्षगांठ मनाने के लिए 5 सितंबर की तारीख को चुना गया था।
  • प्रसिद्ध नन और मिशनरी और भारत रत्न से सम्मानित मदर टेरेसा (असली नाम- एग्नेस गोंक्सा बोजाक्सीहु) का जन्म 1910 में स्कॉप्जे (अब उत्तर मेसीडोनिया में) में हुआ था। 1928 में भारत आने के बाद, उन्होंने निराश्रितों की मदद करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था।
  • 1948 में वह एक भारतीय नागरिक बन गईं और 1950 में कोलकाता (कलकत्ता) में ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ की स्थापना की, जो उस शहर में गरीबों और असहाय के बीच अपने काम के लिए प्रसिद्ध हुई। 5 सितंबर, 1997 को उनका निधन हो गया था।

नीले आसमान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस (7 सितंबर)

2021 का विषयः ‘स्वस्थ वायु, स्वस्थ ग्रह’ (Healthy Air, Healthy Planet)

महत्वपूर्ण तथ्यः स्वच्छ वायु में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की बढ़ती दिलचस्पी के बाद और मानव स्वास्थ्य की रक्षा के लिए वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए और प्रयास करने की आवश्यकता पर बल देते हुए, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 7 सितंबर को नीले आसमान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के रूप में नामित किया है।

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस (8 सितंबर)

2021 का विषयः मानव-केंद्रित रिकवरी के लिए साक्षरताः डिजिटल विभाजन को कम करना (Literacy for a Human-centered Recovery: Narrowing the Digital Divide)

महत्वपूर्ण तथ्यः अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का उद्देश्य व्यक्तियों, समुदायों और समाज के लिए साक्षरता के महत्व और अधिक साक्षर समाज के लिए गहन प्रयासों की आवश्यकता को उजागर करना है।

  • 1966 में संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस घोषित किया गया था। पहली बार यह दिवस 1967 में मनाया गया था।

हिमालय दिवस (9 सितंबर)

2021 का विषयः ‘हिमालय का योगदान और हमारी जिम्मेदारियां’ (Contribution of Himalaysa and Our Responsibilities)

महत्वपूर्ण तथ्यः राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन ने ‘नौला फाउंडेशन’ के साथ मिलकर हिमालय दिवस का आयोजन किया। हिमालय दिवस हर साल 9 सितंबर को उत्तराखंड राज्य में मनाया जाता है। हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और क्षेत्र के संरक्षण के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है।

  • यह पहल 2010 में सुंदर लाल बहुगुणा, अनिल जोशी और राधा बहन सहित प्रसिद्ध पर्यावरणविदों और कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा शुरू की गई थी। इसे 2015 से उत्तराखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आधिकारिक तौर पर हिमालय दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

शिक्षा को हमले से बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस (9 सितंबर)

2021 का विषयः ‘स्थायी शांति के लिए शिक्षा की रक्षा करें’ (Protect education for sustainable peace)

महत्वपूर्ण तथ्यः 2020 में पहली बार मनाए गए इस दिवस का उद्देश्य 35 संकटग्रस्त देशों में रहने वाले 3 से 18 साल के 75 मिलियन बच्चों की दुर्दशा और उनकी शैक्षिक सहायता की तत्काल आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित करना है।

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (10 सितंबर)

2021 का विषयः ‘कार्रवाई के माध्यम से आशा की किरण जगाना’ (Creating Hope Through Action)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस को मनाने का का लक्ष्य आत्महत्या की रोकथाम के लिए वैश्विक प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना है।

  • इस दिवस को मनाने की शुरुआत वर्ष 2003 में ‘इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर सुसाइड प्रिवेंशन’ (IASP) और ‘विश्व स्वास्थ्य संगठन’ (WHO) ने मिलकर की थी।
  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, हर साल 700,000 से अधिक लोग आत्महत्या करते हैं। यह 15-19 साल के बच्चों में मौत का चौथा प्रमुख कारण है।

दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस (12 सितंबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र दिवस हाल के वर्षों में दक्षिण क्षेत्रों में स्थित देशों द्वारा किए गए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

  • 1978 में ‘विकासशील देशों के बीच तकनीकी सहयोग’ (TCDC) पर ग्लोबल साउथ (Global South) का सम्मेलन ब्यूनस आयर्स में आयोजित किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप विकासशील देशों के बीच तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने और कार्यान्वित करने के लिए दक्षिण-दक्षिण सहयोग के मुख्य स्तंभों में से एक ‘ब्यूनस आयर्स कार्य योजना’ (BAPA) को अपनाया गया था।

हिंदी दिवस (14 सितंबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः 14 सितंबर, 1949 को संविधान सभा ने देवनागरी में लिखी गई हिंदी को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था। इसका उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना है और हिंदी को मातृ भाषा के रूप में प्रसारित करना है।

  • हिंदी दुनिया में व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है और 520 मिलियन से अधिक लोगों की पहली भाषा है।

अभियंता दिवस (15 सितंबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः प्रसिद्ध भारतीय इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में भारत में अभियंता (इंजीनियर) दिवस मनाया जाता है। भारत के अलावा श्रीलंका और तंजानिया में भी यह दिवस मनाया जाता है।

  • ‘सर एम. वी.’ के नाम से विख्यात सिविल इंजीनियर, विश्वेश्वरैया मैसूर शहर के उत्तर पश्चिम उपनगर में कृष्णा राज सागर बांध के मुख्य अभियंता थे।
  • सिंचाई तकनीकों और बाढ़ आपदा प्रबंधन के विशेषज्ञ, सर एमवी 1912 से 1919 तक मैसूर के 19वें दीवान भी रहे। मैसूर के दीवान के रूप में सेवा करते हुए, 1915 में उन्हें किंग जॉर्ज पंचम द्वारा ब्रिटिश भारतीय साम्राज्य के कमांडर के रूप में ‘नाइट’ (Knight) से सम्मानित किया गया था।
  • उन्हें 1955 में भारत के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था।

अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस (15 सितंबर)

2021 का विषयः ‘भविष्य के संकटों की स्थिति में लोकतांत्रिक लचीलेपन को मजबूत करना’ (Strengthening democratic resilience in the face of future crises)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस दुनिया में लोकतंत्र की स्थिति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करता है। इसे 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा स्थापित किया गया था।

अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस (16 सितंबर)

2021 का विषयः ‘मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल - हमें, हमारे भोजन और टीकों को ठंडा रखना’ (Montreal Protocol n` 'keeping us, our food and vaccines cool)

महत्वपूर्ण तथ्यः 1994 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 16 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस घोषित किया। इसी दिन 1987 में, ओजोन परत को नुकसान पहुँचाने वाले पदार्थों पर मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किये गए थे।

  • इसका उद्देश्य ओजोन परत के संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाना तथा इसके संरक्षण के लिए समाधान खोजना है।

विश्व रोगी सुरक्षा दिवस (17 सितंबर)

2021 का विषयः ‘सुरक्षित मातृ एवं नवजात शिशु देखभाल’ (Safe maternal and newborn care)

2021 का नारा (slogan): ‘सुरक्षित और सम्मानजनक प्रसव के लिए अभी कार्रवाई करें!’ (Act now for safe and respectful childbirth!)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस को मनाने का उद्देश्य रोगी सुरक्षा की वैश्विक समझ को बढ़ाना और रोगी की सुरक्षा बढ़ाने और रोगी की परेशानी को कम करने के लिए वैश्विक कार्रवाई को बढ़ावा देना है।

विश्व बांस दिवस (18 सितंबर)

2021 का विषयः ‘बांस लगाओः बांस लगाने का समय आ गया है’ (#Plant Bamboo: It's Time to Plant Bamboo)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस वर्ष 2009 से दुनिया भर में बांस उद्योग के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ बांस वृक्षारोपण हेतु जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।

  • विश्व बांस दिवस की स्थापना कामेश सलाम ने वर्ष 2009 में बैंकॉक में आयोजित 8वीं विश्व बांस कांग्रेस में की थी। वे विश्व बांस संगठन के पूर्व अध्यक्ष थे।
  • बांस के कई उपयोग हैं- जैसे भोजन, जैव ईंधन, फर्नीचर आदि।

अंतरराष्ट्रीय समान वेतन दिवस (18 सितंबर)

2021 का विषयः ‘समान मूल्य के कार्य के लिए समान वेतन’ (Equal pay for work of equal value)

महत्वपूर्ण तथ्यः पहली बार यह दिवस 2020 में मनाया गया था, जो समान मूल्य के काम के लिए समान वेतन की उपलब्धि की दिशा में लंबे समय के प्रयासों का प्रतिनिधित्व करता है।

  • यह मानवाधिकारों के प्रति तथा महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ भेदभाव सहित सभी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबद्धता को दोहराता है।
  • सभी क्षेत्रों में, महिलाओं को पुरुषों की तुलना में कम भुगतान किया जाता है, वैश्विक स्तर पर लैंगिक वेतन अंतराल 23% अनुमानित है।

अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस (21 सितंबर)

2021 का विषयः ‘एक समान और टिकाऊ दुनिया के लिए बेहतर रिकवरी’ ( Recovering better for an equitable and sustainable world)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इसे 24 घंटे के अहिंसा और संघर्ष विराम के माध्यम से शांति के आदर्शों को मजबूत करने के लिए समर्पित दिवस के रूप में घोषित किया है।

  • अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की स्थापना 1981 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा की गई थी। दो दशक बाद, 2001 में, महासभा ने सर्वसम्मति से इस दिन को अहिंसा और संघर्ष विराम की अवधि के रूप में नामित किया था।

विश्व गैंडा दिवस (22 सितंबर)

2021 का विषयः ‘कीप द फाइव अलाइव’ (Keep the five Alive)

महत्वपूर्ण तथ्यः हर साल 22 सितंबर को विभिन्न प्रकार के गैंडे की प्रजातियों के साथ-साथ उनके सामने आने वाले खतरों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

  • गैंडे की पांच प्रजातियों में, एक-सींग वाले गैंडे, सुमात्रन गैंडे, जावा गैंडे एशिया में तथा काले गैंडे और सफेद गैंडे अफ्रीका में पाए जाते हैं।
  • इस दिवस की घोषणा पहली बार विश्व वन्यजीव कोष (WWF) - दक्षिण अफ्रीका द्वारा वर्ष 2010 में की गई थी। इसे दो समर्पित महिलाओं रिशजा कोटा और लिसा जेन कैंपबेल द्वारा लोकप्रिय बनाया गया था।

अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस (23 सितंबर)

2021 का विषयः ‘वी साइन फॉर ह्यूमन राइट्स’ (We Sign for Human Rights)

महत्वपूर्ण तथ्यः बधिरता से पीडि़त लोगों के मानवाधिकारों को सुनिश्चित करने में सांकेतिक भाषा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

  • ‘वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ डीफ’ (World Federation of the Deaf: WFD) द्वारा प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस को 2017 में सर्वसम्मति से अपनाया गया था। वर्ष 2018 में, पहली बार यह दिवस मनाया गया।
  • WFD की स्थापना 23 सितंबर, 1951 को हुई थी, WFD बधिर लोगों के 135 राष्ट्रीय संघों का एक महासंघ है।

विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2021 (25 सितंबर)

2021 का विषयः ‘फार्मेसीः ऑलवेज ट्रस्टेड फॉर योर हेल्थ’ (Pharmacy: Always Trusted For Your Health)

महत्वपूर्ण तथ्यः स्वास्थ्य क्षेत्र के क्षेत्र में फार्मासिस्टों की भूमिका को मान्यता देने के लिए इस दिवस को मनाया जाता है।

  • 2009 में, तुर्की के इस्तांबुल शहर में अंतरराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल फेडरेशन (FIP) परिषद द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुरुआत की गई थी।
  • ज्ञात हो कि वर्ष 1912 में, इसी दिन (25 सितंबर) अंतरराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल फेडरेशन की स्थापना की गई थी। यह एक गैर-सरकारी संगठन है, जिसका प्रधान कार्यालय नीदरलैंड में स्थित है।

परमाणु हथियारों के सम्पूर्ण उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस (26 सितंबर)

महत्वपूर्ण तथ्यः इस दिवस का उद्देश्य परमाणु हथियारों से मानवता के लिए उत्पन्न खतरे और उनके सम्पूर्ण उन्मूलन के लिए लोगों की जागरूकता और शिक्षा को बढ़ाना है।

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2013 में इस दिवस की घोषणा की थी। यह दिवस 2014 से प्रतिवर्ष मनाया जाता है।

विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर)

2021 का विषयः ‘समावेशी विकास के लिए पर्यटन’ (Tourism for inclusive growth)

महत्वपूर्ण तथ्यः संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO) संविधि को अपनाने की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर वर्ष 1980 में पहली बार यह दिवस मनाया गया था। UNWTO संविधि को 27 सितंबर, 1970 को अपनाया गया था।

  • संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन, जो जिम्मेदार, टिकाऊ और सार्वभौमिक रूप से सुगम्य पर्यटन को बढ़ावा देता है, आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करता है। इसका मुख्यालय मैड्रिड, स्पेन में स्थित है।

सूचना की सार्वभौमिक पहुंच हेतु अंतरराष्ट्रीय दिवस (28 सितंबर)

2021 का विषयः ‘जानने का अधिकारः सूचना तक पहुंच के साथ बेहतर निर्माण करना’ (The right to 'know: Building back better with access to information)

महत्वपूर्ण तथ्यः यूनेस्को द्वारा 2015 में इस दिवस की घोषणा की गई थी। 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा भी यह दिवस मनाने की घोषणा की गई।

भोजन की हानि और बर्बादी में कमी पर अंतरराष्ट्रीय जागरूकता दिवस (29 सितंबर)

2021 का विषयः ‘लोगों के लिए, ग्रह के लिए, भोजन की हानि और बर्बादी को रोकें’ (Stop Food Loss and wsate, for the people, for the planet)

महत्वपूर्ण तथ्यः 2019 में, 74वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 29 सितंबर को ‘भोजन की हानि और बर्बादी में कमी पर अंतरराष्ट्रीय जागरूकता दिवस’ के रूप में नामित किया।

अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस (30 सितंबर)

2021 का विषयः ‘अनुवाद में एकजुट’ (United in translation)

महत्वपूर्ण तथ्यः 24 मई 2017 को, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने राष्ट्रों को जोड़ने तथा शांति, समझ और विकास को बढ़ावा देने में भाषा पेशेवरों की भूमिका को देखते हुये यह दिवस मनाने की घोषणा की।

विश्व समुद्री दिवस (30 सितंबर)

2021 का विषयः ‘नाविक नौवहन के भविष्य के मूल में’ (Seafarers at the core of shipping's future)

महत्वपूर्ण तथ्यः यह दिवस सितंबर माह के अंतिम बृहस्पतिवार को मनाया जाता है। दुनिया भर में लोगों और समुदायों के लिए वैश्विक व्यापार का 80% से अधिक परिवहन अंतरराष्ट्रीय नौवहन द्वारा किया जाता है।