युद्धाभ्यास/सैन्य अभियान

अभ्यास पीसफुल मिशन 2021

सेना और वायु सेना के 200 कर्मियों के एक संयुक्त बल ने रूस में अभ्यास ‘पीसफुल मिशन 2021’ (Exercise Peaceful Mission 2021) में हिस्सा लिया।

अभ्यास का उद्देश्यः शंघाई सहयोग संगठन सदस्य-देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देना और और बहुराष्ट्रीय सैन्य टुकडि़यों की कमान संभालने के लिए सैन्य कर्मियों की क्षमताओं को बढ़ाना।

  • यह अभ्यास शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के बीच 13 से 25 सितंबर, 2021 तक दक्षिण पश्चिम रूस के ऑरेनबर्ग क्षेत्र में आयोजित किया गया, जिसमें पाकिस्तान और चीन भी शामिल थे।
  • अभ्यास पीसफुल मिशन के छठे संस्करण की मेजबानी रूस द्वारा की गई।
  • अभ्यास ने एससीओ देशों के सशस्त्र बलों को बहुराष्ट्रीय और संयुक्त वातावरण में शहरी परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियानों में प्रशिक्षित करने का अवसर भी प्रदान किया।

अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’

भारतीय नौसेना और इंडोनेशिया की नौसेना ने 20 से 22 सितंबर, 2021 तक सुंडा जलडमरूमध्य के इलाके में अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’ में हिस्सा लिया।

अभ्यास का उद्देश्यः दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री संचालन में आपसी समझ और अंतर-संचालन को बढ़ाना और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना।

  • भारतीय नौसेना के जहाज शिवालिक और कदमत ने इस द्विपक्षीय अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’ के तीसरे संस्करण में हिस्सा लिया।
  • भारत की एक्ट ईस्ट नीति के अनुसरण में अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’ की कल्पना 2018 में द्विपक्षीय भारत - इंडोनेशिया अभ्यास के रूप में की गई थी।

अभ्यास जपड़ - 2021

200 भारतीय सेना कर्मियों की एक टुकड़ी ने 3 से 16 सितंबर, 2021 तक रूस के नोवगोग्राड क्षेत्र में निजनी के पास मुलिनो ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित बहुराष्ट्रीय अभ्यास ‘जपड़- 2021’ (Exercise AZPAD 2021) में हिस्सा लिया।

उद्देश्यः भाग लेने वाले देशों के बीच सैन्य और रणनीतिक संबंधों को बढ़ाना।

  • अभ्यास के लिए आमंत्रित किए गए 17 देशों में से नौ भाग लेने वाले देश और चीन तथा पाकिस्तान सहित आठ पर्यवेक्षक देश थे।
  • नौ भाग लेने वाले देशों में मंगोलिया, आर्मेनिया, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, किर्गिस्तान, सर्बिया, रूस, भारत और बेलारूस शामिल थे।
  • जपड़ - 2021 रूसी सशस्त्र बलों के थिएटर स्तर के अभ्यासों में से एक है और यह मुख्य रूप से आतंकवाद विरोधी संचालन पर केंद्रित था।
  • अभ्यास में भाग लेने वाले ‘नागा’ बटालियन समूह में एक ‘सभी शस्त्रों का संयुक्त कार्यबल’ (all arms combined task force) था।

ऑसिन्डेक्स-2021

रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी एवं भारतीय नौसेना ने 6 से 10 सितंबर, 2021 तक द्विपक्षीय अभ्यास- ‘ऑसिन्डेक्स-2021’ (AUSINDEX- 2021) में हिस्सा लिया।

उद्देश्यः दोनों नौसेनाओं के अंतर-संचालन को और मजबूत करना, सर्वोत्तम प्रथाओं से लाभ उठाना और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए प्रक्रियाओं की एक सामान्य समझ विकसित करना।

  • भारतीय नौसेना के जहाजों शिवालिक और कदमत ने ‘ऑसिन्डेक्स’ के चौथे संस्करण में हिस्सा लिया।
  • ऑसिन्डेक्स के इस संस्करण में भाग लेने वाली नौसेनाओं के जहाजों, पनडुब्बियों, हेलीकॉप्टरों और लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमानों के बीच जटिल सतही, उप-सतही और हवाई अभियान शामिल थे।
  • ऑसिन्डेक्स की शुरुआत 2015 में भारतीय नौसेना- रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी के द्विपक्षीय अभ्यास के साथ हुई थी।