अभियान/सम्मेलन/आयोजन

ग्लोबल सिटीजन लाइव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 सितंबर, 2021 को ‘ग्लोबल सिटीजन लाइव’ (Global Citçen Live) कार्यक्रम को वीडियो के माध्यम से संबोधित किया।

  • ‘ग्लोबल सिटीजन’ एक वैश्विक संगठन है, जो 2030 तक अत्यधिक गरीबी को समाप्त करने की दिशा में काम कर रहा है।
  • ‘ग्लोबल सिटीजन लाइव’ एक 24 घंटे का कार्यक्रम था, जो 25 और 26 सितंबर को आयोजित किया गया और इसमें मुंबई, न्यूयॉर्क, पेरिस, रियो डि जेनेरो, सिडनी, लॉस एंजेलिस, लागोस और सियोल सहित प्रमुख शहरों में सजीव कार्यक्रम हुए।
  • इस वैश्विक कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रह की रक्षा और गरीबी को समाप्त करने के लिए दुनिया को एकजुट करना था।
  • ‘ग्लोबल सिटीजन लाइव’ ग्लोबल सिटीजन के 2021 के वैश्विक अभियान, ‘विश्व के लिए एक सुधार योजना’ (Recovery Plan for the World) का हिस्सा है। सुधार योजना पांच प्रमुख उद्देश्यों पर केंद्रित है- सभी के लिए कोविड-19 को समाप्त करना, भुखमरी संकट को समाप्त करना, सभी के लिए शिक्षा को फिर से शुरू करना, ग्रह की रक्षा करना और सभी के लिए समानता को आगे बढ़ाना।

बुजुर्गों की बात - देश के साथ

केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. के. रेड्डी ने 7 सितंबर, 2021 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र में ‘बुजुर्गों की बात - देश के साथ’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

  • ‘बुजुर्गों की बात-देश के साथ’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और उन बुजुर्गों के बीच संवाद को बढ़ाना है, जो 95 वर्ष और उससे अधिक उम्र के हैं और आजादी से पहले भारत में लगभग 18 साल बिता चुके हैं।
  • बातचीत का वीडियो 60 सेकेंड से कम होना चाहिए और इसे www.rsahtragan. पद पर अपलोड किया जा सकता है।
  • केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने डॉ. उत्पल के. बनर्जी द्वारा लिखित पुस्तक ‘गीत गोविंदः जयदेव डिवाइन ओडिसी’ (Gita Govinda: Jaydeva's Divine Odyssey) का भी विमोचन किया। इसके अलावा ‘गीत गोविन्द’ पर एक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

जीके फ़ैक्ट

  • गीत गोविन्द मूल रूप से 12वीं शताब्दी के कवि जयदेव की रचना है।

मंथन 2021

‘पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो’ और ‘अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद’ ने 26 अगस्त, 2021 को नेशनल मीडिया सेंटर में ‘मंथन 2021’ का शुभारम्भ किया।

  • ‘मंथन 2021’ हमारी खुफिया एजेंसियों के सामने 21वीं सदी की सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करने के लिए नवीन अवधारणाओं और प्रौद्योगिकी समाधानों की खोज करने के लिए एक विशिष्ट राष्ट्रीय हैकाथॉन पहल है।
  • 28 नवंबर से 1 दिसंबर, 2021 तक होने वाली 36 घंटों की इस ऑनलाइन हैकाथॉन में देश भर के शैक्षणिक संस्थानों से चुने गए युवा और पंजीकृत स्टार्टअप्स भाग लेंगे।
  • मंथन मूल रूप से 6 विषय वस्तुओं पर केंद्रित है- छवि और वीडियो विश्लेषिकी (Image and Video Analytics), भावनाओं का विश्लेषण (Sentiment Analysis), नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (Natural Lang- Processing), डेटा विश्लेषण (Data Analytics), फेक कंटेंट की पहचान (Fkae Content Detection) और साइबर अपराध (Cybercrime)।

‘आयुष आपके द्वार’ अभियान

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 3 सितंबर, 2021 को मुंबई से ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की।

  • आयुष मंत्रालय ने देश भर में 45 से अधिक स्थानों से ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान शुरू किया है।
  • अभियान का उद्देश्य एक वर्ष में 75 लाख घरों में पौधारोपण के लिए औषधीय पौधे वितरित करना है।
  • इन औषधीय पौधों में तेजपत्ता, स्टीविया (Stevia), अशोक, गिलोय, अश्वगंधा, लेमनग्रास, तुलसी, सर्पगंधा और आंवला शामिल हैं।