नियुक्ति

एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी

30 सितंबर, 2019 को एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने 27वें वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने आर. के. एस. भदौरिया का स्थान लिया।

  • राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र रहे एयर चीफ मार्शल चौधरी को दिसंबर 1982 में भारतीय वायुसेना की लड़ाकू स्ट्रीम में कमीशन प्रदान किया गया था। उन्होंने कई लड़ाकू और प्रशिक्षक विमानों पर 3800 घंटे से अधिक की उड़ान भरी है।
  • वर्तमान नियुक्ति से पहले, वे वायु सेना उप-प्रमुख थे। वे परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और वायु सेना पदक के प्राप्तकर्ता हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह

लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने 27 सितंबर, 2021 को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के 34वें महानिदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह को 1987 में पैराशूट रेजिमेंट में कमीशन प्रदान किया गया था।

  • भारत में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का गठन 1948 में राष्ट्रीय कैडेट कोर अधिनियम, 1948 के माध्यम से किया गया था।
  • राष्ट्रीय कैडेट कोर एक त्रि-सेवा संगठन है, जिसमें सेना, नौसेना और वायु सेना के स्कंध (Wing) शामिल हैं, जो युवाओं को अनुशासित और देशभक्त नागरिक के रूप में संवारने में लगे हुए हैं।
  • राष्ट्रीय कैडेट कोर एक स्वैच्छिक संगठन है, जो पूरे भारत में हाई स्कूल, उच्च माध्यमिक, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से कैडेटों की भर्ती करता है।
  • सशस्त्र बलों के सेवा अधिकारियों द्वारा एनसीसी कैडेटों को बुनियादी सैन्य और हथियार प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

नए राज्यपालों की नियुक्ति

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 9 सितंबर, 2021 को तमिलनाडु, उत्तराखंड, पंजाब और नागालैंड में नए राज्यपालों की नियुक्ति की।

  • सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ज्ञात हो कि बेबी रानी मौर्य ने 8 सितंबर को उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था।
  • नागालैंड के राज्यपाल आर. एन. रवि को तमिलनाडु के अगले राज्यपाल के रूप में स्थानांतरित किया गया है। रवि नगा शांति वार्ता में एक वार्ताकार भी रहे हैं। उन्हें जुलाई 2019 में नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
  • तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, जो पंजाब के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को पंजाब का नियमित राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी को नियमित व्यवस्था होने तक अपने स्वयं के प्रभार के अलावा नागालैंड के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट के नौ नए न्यायाधीशों की नियुक्ति

सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में पहली बार शीर्ष अदालत में नियुक्त तीन महिलाओं समेत नौ नए न्यायाधीशों ने 31 अगस्त, 2021 को पद की शपथ ली।

  • शपथ लेने वालों में कर्नाटक उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना भी थीं, जो 2027 में भारत की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनने की कतार में हैं।
  • अन्य महिला न्यायाधीश जिन्हें शीर्ष अदालत में पदोन्नत किया गया है, वे हैं न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और हिमा कोहली।
  • अन्य नियुक्तियों में न्यायमूर्ति सी. टी. रविकुमार, एम. एम. सुंदरेश, अभय श्रीनिवास ओका, विक्रम नाथ, जितेंद्र कुमार माहेश्वरी और पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल पी. एस. नरसिम्हा।
  • नवीनतम नियुक्तियों के साथ, सुप्रीम कोर्ट में प्रधान न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर अब 33 हो गई है। उच्चतम न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की संख्या 34 है।