युद्धाभ्यास/सैन्य अभियान

समुद्री अभ्यास ‘इंद्र नेवी’

भारतीय नौसेना और रूसी नौसेना के बीच एक द्विवार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘इंद्र नेवी’ (INDRA NAVY) का 12वां संस्करण’ 28 से 29 जुलाई, 2021 तक बाल्टिक सागर में आयोजित किया गया।

उद्देश्यः दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन को और मजबूत करना तथा बहुआयामी समुद्री संचालन के लिए समझ और प्रक्रियाओं को बढ़ाना।

  • इस समुद्री अभ्यास की शुरुआत 2003 में की गई थी।
  • यह अभ्यास रूसी नौसेना के 325वें नौसेना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए आईएनएस तबर की सेंट पीटर्सबर्ग, रूस की यात्रा के हिस्से के रूप में किया गया था।
  • भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व आईएनएस तबर, जबकि रूसी संघ की नौसेना का प्रतिनिधित्व ‘आरएफएस जेलियोनी डोल’ (RFS Zelyony Dol) और आरएफएस ओडिंटसोवो (RFS Odintsovo) द्वारा किया गया।

ऑपरेशन संकल्प

14 जुलाई, 2021 को एक आधिकारिक बयान के अनुसार भारतीय नौसेना के ‘ऑपरेशन संकल्प’ (Operation Sankalp) ने खाड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 16 भारतीय ध्वज धारक व्यापारिक जहाजों (Indian-flagged merchant vessels) को सुरक्षित आवाजाही प्रदान की है।

  • ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ओमान की खाड़ी में दो तेल टैंकर जहाजों में विस्फोट होने के बाद जून 2019 में ‘ऑपरेशन संकल्प’ शुरू किया गया था।
  • तब से, एक भारतीय नौसेना के जहाज को एक हेलीकॉप्टर के साथ जून 2019 से उत्तर-पश्चिम अरब सागर, ओमान की खाड़ी और फारस की खाड़ी में लगातार तैनात किया गया है।

जीके फ़ैक्ट

  • भारत अपनी तेल की मांग के लगभग 85% के लिए आयात पर निर्भर है। 2019-2020 में, लगभग 66 बिलियन डॉलर मूल्य के भारत के तेल आयात का लगभग 62%खाड़ी क्षेत्र से होकर आया था।

समुद्री अभ्यास ‘कटलैस एक्सप्रेस 2021’

आईएनएस तलवार समुद्री ने अभ्यास ‘कटलैस एक्सप्रेस 2021’ (Cutlssa Express 2021) में भाग लिया। इस अभ्यास का संचालन 26 जुलाई से 6 अगस्त, 2021 तक अफ्रीका के पूर्वी तट पर किया गया।

  • यह पूर्वी अफ्रीका और पश्चिमी हिंद महासागर में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित एक वार्षिक समुद्री अभ्यास है।
  • भारतीय नौसेना ने अभ्यास में ‘प्रशिक्षक की भूमिका’ में भाग लिया।
  • अभ्यास के 2021 संस्करण में 12 पूर्वी अफ्रीकी देश, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, भारत और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन जैसे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने हिस्सा लिया।
  • यह अभ्यास पूर्वी अफ्रीका के तटीय क्षेत्रों पर केंद्रित रहा और इसका संचालन संयुक्त समुद्री कानून प्रवर्तन क्षमता का आकलन एवं सुधार करने, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय नौसेनाओं के बीच अंतरप्रचालनीयता को बढ़ाने के लिए किया गया।
  • अभ्यास के हिस्से के रूप में, आईएनएस तलवार ने केन्या के मोम्बासा का दौरा भी किया।