नियुक्ति

राकेश अस्थाना

सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक राकेश अस्थाना को दिल्ली पुलिस का आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्होंने 28 जुलाई, 2021 को पदभार ग्रहण किया।

  • गुजरात कैडर के 1984 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अस्थाना को सेवानिवृत्त होने से तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया है।
  • इससे पहले सरकार ने 30 जून, 2021 को एस एन श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद बालाजी श्रीवास्तव को दिल्ली पुलिस का अतिरिक्त प्रभार दिया था।
  • भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक एस. एस. देसवाल अब सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक के पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
  • इस बीच दिल्ली विधान सभा ने 29 जुलाई को एक प्रस्ताव पारित कर गृह मंत्रालय से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना की इस नियुक्ति को रद्द करने को कहा है।

एरियल हेनरी

कैरेबियाई देश हैती में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच 20 जुलाई, 2021 को एरियल हेनरी (Ariel Henry) को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।

  • 7 जुलाई को राष्ट्रपति जोवेनेल मोसे की हत्या से मची उथल-पुथल के बीच देश ने एरियल हेनरी को अपना नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।
  • एरियल हेनरी एक न्यूरोसर्जन और पूर्व कैबिनेट मंत्री हैं। जोवेनेल मोसे ने हत्या से कुछ दिन पहले उन्हें प्रधानमंत्री के लिए चुन लिया था।
  • हेनरी देश का नेतृत्व तब तक करेंगे जब तक कि सितंबर 2021 में देश में होने वाले चुनावों के माध्यम से एक नए राष्ट्रपति की नियुक्ति नहीं हो जाती।

शेर बहादुर देउबा

नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा ने 13 जुलाई, 2021 को पांचवीं बार नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

  • नेपाल के नए प्रधानमंत्री ने नेपाली संसद में विश्वास मत हासिल कर लिया है। शेर बहादुर देउबा को 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में 136 मतों की आवश्यकता थी, जबकि उन्हें 165 मत मिले। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में वर्तमान में सदन में केवल 271 सदस्य हैं।
  • इससे पहले नेपाल की सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने एक नाटकीय फैसले में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन किया है तथा देउबा को संविधान के अनुच्छेद 76(5) के तहत प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाना चाहिए।
  • अनुच्छेद 76(5) के अनुसार, सदन का कोई भी सदस्य जो सदन में विश्वास मत हासिल करने का एक आधार प्रस्तुत करता है, उसे प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाता है। इसके अलावा शपथ लेने के 30 दिनों के भीतर सदन में विश्वास मत हासिल करना जरुरी है।

राष्ट्रपति बाइडेन ने किया दो प्रमुख भारतवंशी चिकित्सकों को प्रमुख भूमिकाओं के लिए नामित

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 13 जुलाई, 2021 को अपने प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एक प्रमुख भारतवंशी चिकित्सक और एक भारतवंशी सर्जन को नामित किया है।

  • वेस्ट वर्जीनिया के पूर्व स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. राहुल गुप्ता को राष्ट्रीय औषधि नियंत्रण नीति कार्यालय के अगले निदेशक के रूप में नामित किया गया। डॉ. गुप्ता ने इबोला वायरस रोग के प्रकोप के दौरान राज्य की जीका कार्य योजना के विकास और इसकी तैयारियों के प्रयासों का भी नेतृत्व किया।
  • सर्जन और लोकप्रिय लेखक अतुल गावंडे को ‘यू. एस. एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट’ (U.S. Agency for International Development) में ‘वैश्विक स्वास्थ्य ब्यूरो के सहायक प्रशासक’ के लिए नामित किया गया।
  • गावंडे ‘ब्रिघम एंड वीमेन हॉस्पिटल’ में सर्जरी के प्रोफेसर हैं। गावंडे ने ‘कॉम्प्लीकेशंस’, ‘बेटर’, ‘द चेकलिस्ट मेनिफेस्टो’ और ‘बीइंग मॉर्टल’ जैसी पुस्तकों का लेखन किया है, जो न्यूयॉर्क में काफी लोक्रपिय हुईं।

आठ राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 6 जुलाई, 2021 को आठ राज्यों के राज्यपाल नियुक्त किए।

  • ‘थावरचंद गहलोत’ को ‘कर्नाटक’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले केंद्रीय सामाजिक अधिकारिता मंत्रालय का कार्यभार देख रहे थे।
  • विशाखापत्तनम से पूर्व लोक सभा सदस्य ‘डॉ. हरि बाबू कंभमपति’ को ‘मिजोरम’, गुजरात से बीजेपी नेता ‘मंगूभाई छगनभाई पटेल’ को ‘मध्य प्रदेश’ तथा गोवा विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष ‘राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर’ को ‘हिमाचल प्रदेश’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • मिजोरम के राज्यपाल ‘पी. एस.श्रीधरन पिल्लई’ को अब ‘गोवा’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • हरियाणा के राज्यपाल ‘सत्यदेव नारायण आर्य’ को अब ‘त्रिपुरा’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • त्रिपुरा के राज्यपाल ‘रमेश बैस’ को अब ‘झारखंड’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ‘बंडारू दत्तात्रेय’ को अब ‘हरियाणा’ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।