नियुक्ति

अरुण कुमार मिश्रा

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 1 जून, 2021 को औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का अध्यक्ष नियुक्त किया।

  • उच्चस्तरीय चयन समिति की सिफारिश के आधार पर न्यायमूर्ति मिश्रा को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति में गृह मंत्री अमित शाह, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं।
  • न्यायमूर्ति मिश्रा राजस्थान और कलकत्ता उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य करने के बाद 2014 में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। वह सितंबर 2020 में सुप्रीम कोर्ट से सेवानिवृत्त हुए।
  • इनसे पूर्व मुख्य न्यायाधीश एचएल दत्तू NHRC के अध्यक्ष थे, जिनका कार्यकाल 2 दिसंबर, 2020 को समाप्त हो गया था। मार्च 2021 में आयोग के सदस्य न्यायमूर्ति प्रफुल्ल चंद्र पंत द्वारा नियुक्ति का मुद्दा उठाया गया था। तत्पश्चात उन्हें NHRC का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

पात्रता संबंधित संशोधनः 2019 में, संसद ने NHRC और राज्य मानवाधिकार आयोगों के अध्यक्ष के पद के लिए पात्रता मानदंड को संशोधित करने के लिए मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 में संशोधन किया था।

  • संशोधित कानून के अनुसार अब सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश या न्यायाधीश को NHRC अध्यक्ष पद के लिए नियुक्त किया जा सकता है। अध्यक्ष पद का कार्यकाल पाँच साल से घटाकर तीन साल कर दिया गया है।

जीके फैक्ट

  • राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का गठन 12 अक्टूबर, 1993 को हुआ था। इसका गठन पेरिस सिद्धांतों के अनुरूप है, जिन्हें अक्टूबर 1991 में पेरिस में ‘मानवाधिकार संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए राष्ट्रीय संस्थानों पर आयोजित पहली अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला’ में अंगीकृत किया गया था। न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा 1993 से 1996 तक NHRC के पहले अध्यक्ष थे।

अनूप चंद्र पांडे

9 जून, 2021 को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनूप चंद्र पांडे ने देश के नए चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया।

  • 1984 बैच के आईएएस अधिकारी अनूप चंद्र पांडे उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके हैं।
  • भारत के निर्वाचन आयोग में शामिल होने से पहले, उन्होंने उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय हरित अधिकरण निरीक्षण समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया है।
  • उन्होंने ‘प्राचीन भारत में शासन’ नामक एक पुस्तक लिखी है, जो ऋग्वैदिक काल से 650 ईस्वी तक प्राचीन भारतीय नागरिक सेवा के विकास, प्रकृति, कार्यक्षेत्र, कार्यों और सभी संबंधित पहलुओं के बारे में जानकारी प्रदान करती है।

जीके फैक्ट

  • तीन सदस्यीय भारत निर्वाचन आयोग में अन्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा हैं।

सत्य नडेला

माइक्रोसॉफ्रट कॉर्प ने 16 जून, 2021 को जॉन थॉम्पसन के स्थान पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला को अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया है। थॉम्पसन प्रमुख स्वतंत्र निदेशक (lead independent director) के रूप में कार्य करते रहेंगे।

  • 53 वर्षीय नडेला, ने 2014 में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदभार संभाला था। इनसे पहले स्टीव बाल्मर माइक्रोसॉफ्रट के सीईओ रहे।
  • बतौर सीईओ नडेला ने लिंक्डइन (LinkedIn), नुअंस कम्युनिकेशंस (Nuance Communications) और जेनीमैक्स (ZeniMax) जैसे अरबों डॉलर के अधिग्रहण सहित माइक्रोसॉफ्रट के बिजनेस को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
  • 1967 में हैदराबाद (भारत) में जन्मे सत्य नडेला ने 1992 में माइक्रोसॉफ्रट से जुड़ने से पहले ‘सन माइक्रोसिस्टम्स’ के साथ कुछ समय के लिए काम किया।

जीके फैक्ट

  • सत्य नडेला ने ‘हिट रिफ्रेश’ (Hit Refresh) नामक पुस्तक का लेखन भी किया है।

रेबेका ग्रिनस्पैन

कोस्टा रिका की अर्थशास्त्री रेबेका ग्रिनस्पैन को व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन-अंकटाड (UNCTAD) के महासचिव पद के लिए नियुक्त किया गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 जून, 2021 को उनके नामांकन को मंजूरी दी।

  • वे UNCTAD का नेतृत्व करने वाली पहली महिला और मध्य अमेरिकी होंगी।
  • रेबेका ग्रिनस्पैन 2014 से इबेरो-अमेरिकन जनरल सेक्रेटेरिएट (Ibero-American General Secretariat) की महासचिव रही हैं। यह सचिवालय इबेरो-अमेरिकन शिखर सम्मेलन (Ibero-American Summits) की तैयारियों का समर्थन करता है।
  • उन्होंने 2010 से 2014 तक संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के उप-प्रशासक के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा उन्होंने लैटिन अमेरिका और कैरिबियन के लिए UNDP के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में भी काम किया है।
  • वे 1994 से 1998 तक कोस्टा रिका की उपराष्ट्रपति भी रह चुकी हैं।

जीके फैक्ट

  • UNCTAD को 1964 में स्थायी अंतर सरकारी निकाय के रूप में स्थापित किया गया था। यह संयुक्त राष्ट्र सचिवालय का एक हिस्सा है जो व्यापार, निवेश और विकास संबंधी मुद्दों से संबंधित है। इसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में स्थित है।

एंटोनियो गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एंटोनियो गुटेरेस को 1 जनवरी, 2022 से 31 दिसंबर, 2026 तक के लिये दूसरे कार्यकाल हेतु संयुक्त राष्ट्र महासचिव (UNSG) नियुक्त किया है।

  • गुटेरेस ने 1 जनवरी, 2017 को पद की शपथ ली और उनका पहला कार्यकाल 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त होगा। गुटेरेस 1995 से 2002 तक पुर्तगाल के प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं।
  • गुटेरेस ने जून 2005 से दिसंबर 2015 तक (एक दशक) शरणार्थियों के लिये संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त के रूप में कार्य किया था।

अब्दुल्ला शाहिद

7 जून, 2021 को मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद को 76वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र (2021-22) का अध्यक्ष चुना गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा का 76वां सत्र सितंबर 2021 में शुरू होगा।

  • 193 सदस्यों की महासभा में हुए चुनाव में कुल 191 मतों में से 143 शाहिद के पक्ष में गए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी, अफगानिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री जलमई रसूल को 48 मत मिले।
  • महासभा के अध्यक्ष का चुनाव प्रत्येक वर्ष गोपनीय मतदान से होता है। बारी-बारी से क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व दिए जाने के स्थायी नियमों के अनुसार महासभा के 76वें सत्र के लिए अध्यक्ष का चुनाव एशिया-प्रशांत देशों के समूह से होना था।
  • शाहिद तुर्की के राजनयिक वोलकन बोजकिर का स्थान लेंगे।

रणजीत सिंह दिसाले

जून 2021 में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के प्राथमिक शिक्षक रणजीत सिंह दिसाले को विश्व बैंक समूह में बतौर शिक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2024 तक रहेगा।

  • विश्व बैंक समूह में विश्वभर से नियुक्त 12 सलाहकारों में से एक दिसाले भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
  • हाल ही में, विश्व बैंक समूह ने ‘ग्लोबल कोच प्रोग्राम’ (Global Coach Program) शुरू किया है, जो सेवाकालीन शिक्षक पेशेवर विकास (teacher professional development) कार्यक्रमों और प्रणालियों में सुधार करने में देशों की मदद करके प्रवीणता (learning) में तेजी लाने पर केंद्रित एक नई पहल है।
  • यह कार्यक्रम वैश्विक प्रवीणता संकट (global learning Crisis) से निपटने के लिए विश्व बैंक के व्यापक एजेंडे का हिस्सा है।

जीके फैक्ट

  • रणजीत सिंह दिसाले वर्ष 2020 में वैश्विक शिक्षक पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय हैं।