पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य

5 जून 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वक्तव्य में बताया कि भारत ने समय सीमा से 5 महीने पहले पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

महत्वपूर्ण तथ्यः भारत सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ाने, ईंधन पर आयात निर्भरता को कम करने, विदेशी मुद्रा में कमी करने, पर्यावरण संबंधी मुद्दों से निपटने, और घरेलू कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (Ethanol Blended Petrol) कार्यक्रम को बढ़ावा दे रही है।

  • वर्ष 2018 में सरकार द्वारा अधिसूचित ‘जैव ईंधन पर राष्ट्रीय नीति’ में वर्ष 2030 तक पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिश्रण के एक सांकेतिक लक्ष्य की परिकल्पना की गई थी। हालांकि पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य 2030 से पहले 2025-26 तक ही प्राप्त कर लेने का रखा गया है।
  • जून, 2021 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘भारत में इथेनॉल मिश्रण 2020-25’ नाम से एक रोडमैप भी जारी किया था, जिसमें 20% इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए एक विस्तृत खाका तैयार किया गया है। इस रोडमैप में नवंबर, 2022 तक 10% मिश्रण के मध्यवर्ती लक्ष्य का भी उल्लेख किया गया है।
  • हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (Public Sector Oil Marketing) के समन्वित प्रयासों के कारण, कार्यक्रम के तहत 10% मिश्रण का लक्ष्य नवंबर, 2022 की लक्षित समय-सीमा से बहुत पहले प्राप्त कर लिया गया है।
  • देश भर में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल में औसतन 10% इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।

इथेनॉल

  • इथेनॉल एक प्रमुख जैव ईंधन है, जो स्वाभाविक रूप से खमीर द्वारा, शर्करा के किण्वन द्वारा या एथिलीन हाइड्रेशन जैसी पेट्रोकेमिकल प्रक्रियाओं के माध्यम से उत्पादित होता है।
  • इथेनॉल का उत्पादन गन्ना, मक्का, गेहूं आदि से किया जा सकता है, जिसमें स्टार्च की मात्रा अधिक होती है।
  • भारत में, इथेनॉल मुख्य रूप से गन्ने के शीरे से किण्वन प्रक्रिया द्वारा उत्पादित किया जाता है। विभिन्न मिश्रणों को बनाने के लिए इथेनॉल को गैसोलीन के साथ मिलाया जा सकता है।
  • चूंकि इथेनॉल अणु में ऑक्सीजन होता है, यह इंजन के ईंधन को पूरी तरह से दहन करने की अनुमति देता है, जिसके परिणामस्वरूप कम उत्सर्जन होता है और इस तरह पर्यावरण प्रदूषण को कम करता है।