श्रीलंका का एकात्मक डिजिटल पहचान फ्रेमवर्क

श्रीलंका सरकार ने 7 फरवरी, 2022 को भारत के 'आधार' की तर्ज पर 'एकात्मक डिजिटल पहचान फ्रेमवर्क' (Sri Lanka's Unitary Digital Identity framework) के कार्यान्वयन की घोषणा की है।

महत्वपूर्ण तथ्य: भारत ने श्रीलंका को इस फ्रेमवर्क के कार्यान्वयन के लिए अनुदान प्रदान करने की सहमति जतायी है।

  • एकात्मक डिजिटल पहचान ढांचे के तहत, बायोमेट्रिक डेटा के आधार पर एक व्यक्तिगत पहचान सत्यापन उपकरण (personal identity verification device) तथा साइबर स्पेस में व्यक्तिगत पहचान को प्रदर्शित करने वाले एक डिजिटल उपकरण (digital tool) को प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
  • इन दो उपकरणों के संयोजन से डिजिटल और भौतिक वातावरण में व्यक्तिगत पहचान का सत्यापन सटीकता से किया जा सकता है।
  • यद्यपि भारत ने डिजिटल पहचान प्रणाली में परिवर्तन के श्रीलंका के प्रयास के लिए समर्थन की पुष्टि की है, लेकिन अनुदान की राशि तथा इसमें तकनीकी सहायता व प्रशिक्षण शामिल होगा या नहीं, इस संदर्भ में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

जीके फ़ैक्ट

  • यह पहल दिसंबर 2019 में श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबया राजपक्षे और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद की गई है।


इन्हें भी जानें

लस्सा बुखार

11 फरवरी,2022 को यूनाइटेड किंगडम में लस्सा बुखार (Lassa fever) से पीड़ित तीन व्यक्तियों में से एक की मृत्यु हो गई है। इन मामलों को पश्चिम अफ्रीकी देशों की यात्रा से जोड़ा गया है।

  • लस्सा बुखार पैदा करने वाला वायरस पश्चिम अफ्रीका में पाया जाता है और इसे पहली बार 1969 में नाइजीरिया के लस्सा में खोजा गया था।
  • यह बुखार चूहों द्वारा फैलता है और मुख्य रूप से सिएरा लियोन, लाइबेरिया, गिनी और नाइजीरिया सहित पश्चिम अफ्रीका के देशों में पाया जाता है, जहां यह (लस्सा बुखार) स्थानिक है।
  • किसी संक्रमित चूहे के मल या मूत्र से दूषित भोजन या घरेलू सामान के संपर्क में आने से एक व्यक्ति संक्रमित हो सकता है।
  • यह कभी- कभार किसी बीमार व्यक्ति के संक्रमित शारीरिक तरल पदार्थ या आंख, नाक या मुंह जैसे श्लेष्म झिल्ली के संपर्क में आने से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। इसके हल्के लक्षणों में हल्का बुखार, थकान, कमजोरी और सिरदर्द शामिल हैं और अधिक गंभीर लक्षणों में रक्तस्राव, सांस लेने में कठिनाई, उल्टी, चेहरे की सूजन, छाती, पीठ और पेट में दर्द शामिल हैं।
  • लक्षणों की शुरुआत के दो सप्ताह में रोगी की मृत्यु हो सकती है, आमतौर पर बहु-अंग विफलता के परिणामस्वरूप। संक्रमण से बचाव का सबसे अच्छा तरीका चूहों के संपर्क से बचना है।

अंतरराष्ट्रीय संबंध