असम में दो नए राष्ट्रीय उद्यान

असम सरकार ने 9 जून, 2021 को देहिंग पटकाई को राष्ट्रीय उद्यान के रूप में अधिसूचित किया है, इससे पहले 5 जून को पश्चिमी असम के कोकराझार जिले में स्थित 422 वर्ग किमी. के रैमोना आरक्षित वन (Raimona reserve forest) को राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था।

महत्वपूर्ण तथ्यः असम अब 7 राष्ट्रीय उद्यान के साथ तीसरा सबसे अधिक राष्ट्रीय उद्यान वाला राज्य/केंद्र-शासित प्रदेश बन गया है। मध्य प्रदेश में 12 और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 9 राष्ट्रीय उद्यान है।

देहिंग पटकाई राष्ट्रीय उद्यानः 234.26 वर्ग किमी. का देहिंग पटकाई पूर्वी असम के डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जिलों में एक प्रमुख हाथी पर्यावास स्थल है।

  • यहां तितलियों की 310 प्रजातियां तथा बाघ और क्लाउडेड लेपर्ड (clouded leopard) सहित सरीसृप और स्तनधारियों की प्रत्येक की 47 प्रजातियां दर्ज की गई हैं।

रैमोना राष्ट्रीय उद्यानः इसे बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के कचुगांव वन प्रभाग द्वारा प्रशासित किया जाएगा।

  • रैमोना पश्चिम में पश्चिम बंगाल के बुक्सा टाइगर रिजर्व, उत्तर में भूटान में फिप्सू वन्यजीव अभयारण्य और पूर्व में मानस राष्ट्रीय उद्यान के साथ जुड़ा है। रैमोना गोल्डन लंगूर, हाथी, बाघ, क्लाउडेड लेपर्ड और भारतीय गौर (Indian gaur) का पर्यावास स्थल है।

जीके फैक्ट

  • असम के पांच पुराने राष्ट्रीय उद्यान काजीरंगा, मानस, नमेरी, ओरांग और डिब्रू-सैखोवा हैं। काजीरंगा और मानस यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल हैं। नामेरी और ओरंग के साथ काजीरंगा और मानस टाइगर रिजर्व भी हैं।

पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी