राष्ट्रीय बायोफार्मा मिशन
प्रश्नः सरकार द्वारा राष्ट्रीय बायोफार्मा मिशन (NBM) के अंतर्गत निर्धारित किए गए उद्देश्यों और लक्ष्यों का ब्यौरा क्या है_ सरकार देश में समावेशन हासिल करने के लिए नवाचार को किस प्रकार बढ़ावा दे रही है?
(रवि किशन एवं नायब सिंह सैनी द्वारा लोकसभा में पूछा गया अतारांकित प्रश्न)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ- हर्ष वर्धन द्वारा दिया गया उत्तरः राष्ट्रीय बायोफार्मा मिशन मंत्रिमंडल द्वारा 2017 में वहनीय उत्पाद विकास के माध्यम से देश के स्वास्थ्य मानकों में परिवर्तन और 5-7 बायोफार्मास्युटिकल उत्पादों को बाजार में लाने के उद्देश्य से अनुमोदित किया गया था।
इस मिशन के उद्देश्य और लक्ष्य इस प्रकार हैं-
- वैक्सीन, बायोसिमिलर्स और चिकित्सा उपकरणों के तहत विशिष्ट उत्पाद विकास
- उत्पाद परीक्षण, विवरण और उत्पादन के लिए साझा अवसंरचना का निर्माण
- ट्रांसलेशनल अनुसंधान संकाय की स्थापना और नए बायोफार्मास्युटिकल व उपकरणों के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना
- प्रशिक्षणों के माध्यम से कौशल विकास
- प्रौद्योगिकी अंतरण और बौद्धिक संपदा प्रबंधन का सृजन और इसमें वृद्धि करना।
- यह मिशन वैक्सीन, जैव उपचार, उपकरणों और नैदानिकी के लिए बायोफार्मास्युटिकल उत्पाद विकास, उद्योग व शैक्षणिक समुदाय के परस्पर संबंध में वृद्धि और ज्ञान को उत्पादों/प्रौद्योगिकियों में परिवर्तित करने के लिए अवसर उपलब्ध कराने हेतु लघु और मध्यम उद्यमों को सहायता प्रदान कर रहा है।


