सामयिक
खेल समाचार :
द्वितीय खेलो मास्टर्स गेम्स दिल्ली-2022
युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने 30 अप्रैल, 2022 को नई दिल्ली के ‘त्यागराज स्टेडियम’ में द्वितीय खेलो मास्टर्स गेम्स दिल्ली-2022 (2nd Khelo Masters Games Delhi-2022) का उद्घाटन किया।
- द्वितीय खेलो मास्टर्स गेम्स के अंतर्गत 30 अप्रैल से 3 मई, 2022 तक आठ खेल स्पर्धाओं में 23 राज्यों एवं केंद्र-शासित प्रदेशों के 30 वर्ष से अधिक और 95 वर्ष तक की आयु वर्ग के तीन हजार मास्टर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप 2022
मंगोलिया के उलानबटोर में आयोजित एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप 2022 के 35वें संस्करण में भारतीय पहलवानों ने कुल 17 पदक हासिल किए, जिसमें 1 स्वर्ण, 5 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं।
- भारत ने पदक तालिका में 5वां स्थान हासिल किया।
लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2022
24 अप्रैल, 2022 को स्पेन के सेविले में आयोजित एक आभासी पुरुस्कार समारोह में लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2022 (Laureus world sports awards 2022) के विजेताओं को अवॉर्ड्स प्रदान किए गए।
- 2021 में फॉर्मूला वन विश्व चैम्पियन मैक्स वर्सटाप्पेन (मोटर रेसिंग) को 'लॉरियस स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड प्रदान किया गया, जबकि जमैका की ओलम्पिक चैम्पियन स्प्रिंटर (एथलीट) एलेन थॉम्पसन-हेराह ने 'लॉरियस स्पोर्ट्सवुमेन ऑफ द ईयर 2022' अवॉर्ड जीता
भारतीय ग्रैंडमास्ट डी गुकेश ने जीता 48वां ला रोडा इंटरनेशनल ओपन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब
युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने ‘48वें ला रोडा इंटरनेशनल ओपन शतरंज टूर्नामेंट’ (48th La Roda International Open chess tournament) में नौ राउंड से आठ अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
विजडन अल्मनैक ने नामित किए पांच क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर
20 अप्रैल, 2022 को विजडन अल्मनैक (Wisden Almanack) ने भारत के कप्तान रोहित शर्मा और गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2022 के लिए 'वर्ष के पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों' में शामिल किया है।
- इन दोनों के अलावा, पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों की सूची में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन और दक्षिण अफ्रीका की महिला खिलाड़ी डेन वैन नीकेर्क भी शामिल हैं।
नीदरलैंड ने जीता एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2022
नीदरलैंड ने 12 अप्रैल, 2022 को दक्षिण अफ्रीका के पोचेस्ट्रोम में फाइनल में जर्मनी को 3-1 से हराकर एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2022 का अपना चौथा खिताब जीत लिया है।
- फाइनल से पहले तक नीदरलैंड ने 46 गोल किए थे और उसके खिलाफ एक भी गोल नहीं हुआ था। नीदरलैंड के खिलाफ पहला गोल फाइनल में हुआ।
हरियाणा ने जीती 12वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप
भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए 12वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में हरियाणा ने तमिलनाडु की टीम को पेनल्टी शूट आउट में 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
- हरियाणा ने 2011 के बाद पहली बार यह ट्रॉफी जीती है।
आईपीएल इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने रविचंद्रन अश्विन
10 अप्रैल, 2022 को राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के दौरान 'रिटायर्ड आउट' (retired out) होने वालेआईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
- अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 23 गेंदों पर 28 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने के बाद 19वें ओवर के बीच में 'रिटायर्ड आउट' का विकल्प चुना और वे मैदान से बाहर चले गए।
डेनिश ओपन तैराकी प्रतियोगिता 2022
अभिनेता आर. माधवन के बेटे 16 वर्षीय भारतीय तैराक वेदांत माधवन ने डेनमार्क के कोपेनहेगन में डेनिश ओपन तैराकी प्रतियोगिता 2022 में अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए।
- पहले 1500 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में रजत पदक जीतने के बाद, वेदांत ने अपना सर्वश्रेष्ठ समय 8:17.28 दर्ज करते हुए 800 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता।
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ने की संन्यास की घोषणा
वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी कायरन पोलार्ड ने 20 अप्रैल, 2022 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
- हालांकि वह दुनिया भर में टी-20 और टी-10 लीगों में खेलना जारी रखेंगे।