सामयिक
बैडमिंटन:
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स-2022
11 दिसंबर, 2022 को बैंकाक में पुरुषों के बैडमिंटन के खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन ने सीजन-एंड वर्ल्ड टूर फाइनल्स में इंडोनेशियाई ऐस एंथोनी गिंटिंग को हराकर पुरुष एकल ख़िताब जीता।
बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप-2022
29 नवंबर से 4 दिसंबर 2022 तक थाईलैंड के नॉनथबुरी, में ‘बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप-2022’ का आयोजन किया गया।
पीवी सिंधु ने जीता एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2022 में कांस्य
एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2022 में भारत की पीवी सिंधु ने 30 अप्रैल, 2022 को मनीला में सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की अकाने यामागुची से तीन गेम की हार के बाद अपना दूसरा एशियाई कांस्य पदक जीता।
- सिंधु ने एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2014 गिमचियन संस्करण में अपना पहला कांस्य पदक जीता था।
- सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में चीन की ही बिग जिओ को 21-9,13-21 और 21-19 से पराजित कर कांस्य पदक पक्का कर लिया था।
- सिंधु ने इस साल सैयद मोदी इंटरनेशनल और स्विस ओपन के दो सुपर 300 खिताब जीते हैं।
पी वी सिंधु ने जीता स्विस ओपन 2022 का खिताब
27 मार्च, 2022 को भारत की पी वी सिंधु ने स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को पराजित कर अपना इस सीजन का दूसरा महिला एकल खिताब जीता।
- बासेल के सेंट जैकबशाले में खेले गए फाइनल में सिंधु ने बुसानन को 21-16, 21-8 से हराया।
लक्ष्य सेन रहे ऑल इंग्लैंड ओपन चैम्पियनशिप 2022 में उपविजेता
विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन 19 मार्च, 2022 को बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरुष एकल फाइनल में डेनमार्क के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन से पराजित हो गए।
- विक्टर एक्सेलसन ने लक्ष्य सेन को 21-10, 21-15 से हराया।
प्रमोद भगत ने जीते तीन स्वर्ण
विश्व नंबर 1 और टोक्यो पैरालम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत ने मार्च 2022 में स्पेन के विटोरिया में संपन्न स्पेनिश पैरा-बैडमिंटन इंटरनेशनल-II में सभी श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीता।
- एकल में, भगत ने कुमार नितेश को 17-21, 21-17, 21-17 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल 2022
18 से 23 जनवरी, 2022 तक सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल 2022 बैडमिंटन टूर्नामेंट बाबू बनारसी दास इंडोर स्टेडियम, लखनऊ में सम्पन्न हुआ।
- दो बार की ओलंपिक पदक विजेता, पी.वी. सिंधु ने सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में सिंधु ने हमवतन मालविका बंसोड़ को 21-13, 21-16 से हराया।
योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन बैडमिंटन 2022
16 जनवरी, 2022 को नई दिल्ली में पुरुष एकल में लक्ष्य सेन और पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने ‘योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन बैडमिंटन 2022’ का खिताब जीत लिया है।
- योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन 2022 केडी जाधव इंडोर हॉल, नई दिल्ली में 11 से 16 जनवरी, 2022 तक खेला गया।
किदांबी श्रीकांत ने जीता बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में ऐतिहासिक रजत
बैडमिंटन में, किदांबी श्रीकांत ने 19 दिसंबर, 2021 को स्पेन के ह्यूएलवा (Huelva) में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल फाइनल में सिंगापुर के लोह कीन यू से 15-21, 20-22 से हार के बाद ऐतिहासिक रजत पदक जीता।
- श्रीकांत बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में उपविजेता रहने वाले पहले भारतीय हैं
इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट 2021
बैडमिंटन में, विश्व नंबर-1 जापान के केंटो मोमोटा ने 21 नवंबर, 2021 को बाली में फाइनल में डेनमार्क के एंडर्स एंटोन्सन को हराकर इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट 2021 का पुरुष एकल खिताब अपने नाम किया।
- महिला एकल फाइनल में दक्षिण कोरियाई एन से-यंग ने जापान की अकाने यामागुची को हराकर खिताब जीता।