सामयिक

चर्चित स्थल:

सेमेरु ज्वालामुखी

4 दिसंबर, 2022 को इंडोनेशियाई सरकार ने ‘सेमेरु ज्वालामुखीपर चेतावनी को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया।

महत्वपूर्ण तथ्य-

  • 3 दिसंबर, 2022 को सेमेरु ज्वालामुखी में विस्फोट शुरू हुआ और ज्वालामुखी से निकलने वाला राख का एक स्तंभ 50,000 फीट (15 किमी) की ऊंचाई तक पहुंच गया।
  • पूर्वी जावा प्रांत में स्थित सेमेरु ज्वालामुखी में विस्फोट द्वीप के पश्चिम में भूकम्पों की एक श्रृंखला के बाद हुआ था|
  • माउंट सेमेरू आखिरी बार दिसंबर 2021 में फटा था, इंडोनेशिया पैसिफिक रिंग ऑफ फायर पर स्थित है, जहां महाद्वीपीय प्लेटों के मिलने से उच्च ज्वालामुखी और भूकंपीय गतिविधि होती है।

गुलमर्ग में खुला 'दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे’

फरवरी 2022 में जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे खोला गया है।

(Image Source: https://twitter.com/basiitzargar)

  • यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में 'स्नोग्लू' (Snowglu) नाम का यह कैफे स्थापित किया गया है।
  • इस नए कैफे की ऊंचाई 37.5 फीट और व्यास 44.5 फीट है। इसकी मोटाई पांच फीट है।
  • इसमें एक बार में 40 लोग खाना खाने के लिए बैठ सकते हैं। इसे 64 दिनों में तैयार किया गया है।
  • इस इग्लू कैफे के निर्माता सैयद वसीम शाह ने दावा किया है कि यह दुनिया का अपनी तरह का सबसे बड़ा कैफे है।
  • गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, वर्तमान में सबसे बड़ा इग्लू कैफे स्विट्जरलैंड में है, जिसकी ऊंचाई 33.8 फीट और व्यास 42.4 फीट है।

केंद्रीय जेल इंदौर को मिला अपना एफएम रेडियो चैनल

मध्य प्रदेश में इंदौर की केंद्रीय जेल ने 13 फरवरी, 2022 को अपना रेडियो चैनल 'जेल वाणी-एफएम 18.77' शुरू किया।

(Image Source: https://newsonair.gov.in)

  • इस रेडियो चैनल के माध्यम से जेल में बंद कैदियों को दुनिया में हो रही घटनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी।
  • रेडियो चैनल जेल के कैदियों को स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों की जानकारी भी देगा।
  • रेडियो स्टेशन कैदियों के लिए अपनी कहानी और अपने अनुभव साझा करने के लिए माध्यम के रूप में कार्य करेगा।
  • कैदियों के सुधार के लिए अपनाए गए इस तरह के अभिनव उपायों वाली जेलें निश्चित रूप से सुधारक संस्थानों के रूप में कार्य करेंगी।

चंद्रनगर की फ्रांसीसी विरासत

औपनिवेशिक शहर की फ्रांसीसी बस्ती का प्रतीक 1875 में निर्मित चंद्रनगर में दो मंजिला संरचना और पंजीयन भवन की बहाली परियोजना आगे नहीं बढ़ पायी है।

  • यह ढहती इमारत पश्चिम बंगाल के हुगली के तट पर रानी घाट जेट्टी के सामने किनारे पर स्थित है।
  • कोलकाता में फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने कहा कि बहाली परियोजना के लिए एक समझौता फरवरी 2019 में तैयार किया गया था।
  • चंद्रनगर, या चंदननगर, हुगली के पूर्वी तट पर पहली व्यापारिक चौकी थी, जिसे 1696 में फ्रांसीसियों द्वारा स्थापित किया गया था।
  • शहर में कई इमारतें हैं, जो शहर की समृद्ध स्थापत्य विरासत का प्रतिबिंब हैं।
  • जिन इमारतों और संरचनाओं को धरोहर का दर्जा (heritage tag) दिया गया है, उनके अलावा 99 इंडो-फ्रांसीसी विरासत संरचनाओं को बहाल करने के लिए चिन्हित किया गया है।

भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन गुरुग्राम में स्थापित

भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन, चार पहिया वाहनों के लिए 100 चार्जिंग पॉइंट के साथ, 28 जनवरी, 2022 को गुरुग्राम के सेक्टर 52 में शुरू किया गया।

  • गुरुग्राम में ईवी चार्जिंग स्टेशन, 72 एसी स्लो-चार्जर और 24 डीसी फास्ट-चार्जर के साथ स्थापित किया गया है।
  • स्टेशन में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 96 ऑपरेशनल चार्जिंग पोर्ट हैं और यह चौबीसों घंटे 576 इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग कर सकता है।
  • दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-आगरा हाईवे पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में नेशनल हाईवेज फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (NHEV) की एक भागीदार कंपनी द्वारा इसे संचालित किया जाता है।
  • इससे पहले, देश का सबसे बड़ा ईवी चार्जिंग स्टेशन नवी मुंबई में था, जिसमें ऐसे वाहनों के लिए 16 एसी और 4 डीसी चार्जिंग पोर्ट थे।

जाफना सांस्कृतिक केंद्र

निर्माण के लगभग दो साल बाद, श्रीलंका के उत्तरी प्रांत में भारत-वित्त पोषित 'जाफना सांस्कृतिक केंद्र' उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है। इस बात पर अनिश्चितता है कि इस केंद्र को कौन संचालित करेगा।

  • 11 मिलियन डॉलर के भारतीय अनुदान के साथ निर्मित, केंद्र की परिकल्पना "जाफना की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने, संरक्षित करने और प्रोत्साहित करने" के लिए एक सार्वजनिक स्थान के रूप में और श्रीलंका में "सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र" के रूप में की गई थी।
  • पांच साल के लिए इस केंद्र की प्रशासनिक खर्चों को वहन करने के लिए, श्रीलंका को भारत की पेशकश के बावजूद, इस केंद्र की उदघाटन प्रक्रिया हेतु बहुत कम प्रगति हुई है।

जलवायु परिवर्तन के कारण सूख गई टज झील

जलवायु परिवर्तन के कारण मध्य तुर्की में टज झील इस साल पूरी तरह से सूख गई है।

  • सदियों से, टज झील ने राजहंसों की मेजबानी की थी, जो मौसम के गर्म होने पर वहां प्रवास करते हैं, प्रजनन करते हैं और झील के उथले पानी में शैवाल पर भोजन करते हैं।
  • 1,665 वर्ग किलोमीटर (643 वर्ग मील) की यह झील तुर्की की दूसरी सबसे बड़ी झील और कई पक्षी प्रजातियों का घर है।
  • जलवायु परिवर्तन से प्रेरित सूखे और दशकों से नुकसानदायक कृषि नीतियों ने भूमिगत जल आपूर्ति समाप्त कर दी है।
  • वान झील (Lake Van), तुर्की की सबसे बड़ी झील है, जो देश के पूर्व में स्थित है।

मार्तंड सूर्य मंदिर

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 19 अक्टूबर, 2021 को मार्तंड सूर्य मंदिर का दौरा किया।

(Image Source: https://tfipost.com/)

  • एक पहाड़ी के ऊपर स्थित, यह मंदिर कोणार्क और मोढेरा की तुलना में सबसे पुराने ज्ञात सूर्य मंदिरों में से एक है।
  • मार्तंड सूर्य मंदिर एक कश्मीरी हिंदू मंदिर था, जो सूर्य (हिंदू धर्म में प्रमुख सौर देवता) को समर्पित था। 'मार्तंड' हिंदू सूर्य-देवता का संस्कृत में एक नाम है।
  • हालांकि यह अब खंडहर में तब्दील हो गया है, ऐसा माना जाता है कि इसे मुस्लिम शासक सिकंदर शाह मिरी के आदेश पर नष्ट कर दिया गया था।
  • यह मंदिर केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में अनंतनाग से पांच मील की दूरी पर स्थित है।
  • मार्तंड सूर्य मंदिर का निर्माण कारकोटा राजवंश के तीसरे शासक ललितादित्य मुक्तापीड ने 8वीं शताब्दी में करवाया था।

हम्बोटिंग ला में दूरदर्शन/आकाशवाणी ट्रांसमीटर का शुभारम्भ

  • केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने 25 सितंबर, 2021 को लद्दाख में कारगिल के पास हम्बोटिंग ला में दूरदर्शन और आकाशवाणी के उच्च शक्ति वाले ट्रांसमीटर राष्ट्र को समर्पित किए।
  • 10 किलोवाट के ट्रांसमीटर देश में सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थापित टीवी और रेडियो ट्रांसमीटर हैं, जो औसत समुद्र तल से 4,054 मीटर (लगभग 13,300 फुट) की ऊंचाई पर स्थित हैं।
  • लेह में लगे ट्रांसमीटर 3,501 मीटर (लगभग 11,450 फुट) की ऊंचाई पर स्थित हैं।

आईएनएस चिल्का

  • रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति (The Parliamentary Standing Committee on Defence) ने 23 अगस्त, 2021 को भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठित नौसैनिक प्रशिक्षण प्रतिष्ठान ‘आईएनएस चिल्का’ (INS Chilka) का दौरा किया।
  • रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति (The Parliamentary Standing Committee on Defence) रक्षा नीतियों के विधायी निरीक्षण और रक्षा मंत्रालय के फैसलों हेतु संसद के चयनित सदस्यों की एक विभाग संबंधित स्थायी समिति है।
  • आईएनएस चिल्का भारतीय नौसेना का एकमात्र प्रारंभिक प्रशिक्षण संस्थान है, जो सालाना 6600 से अधिक नवोदित सैनिकों को प्रशिक्षित करता है।
  • आईएनएस चिल्का को 1980 में कमीशन किया गया था। इसका नाम प्रसिद्ध झील चिल्का के नाम पर रखा गया है, जो भारत की सबसे बड़ी खारे पानी की तटीय झील है। प्रशिक्षण प्रतिष्ठान झील के किनारे पर स्थित है।
Showing 1-10 of 48 items.