सामयिक
चर्चित दिवस:
विश्व बौद्धिक संपदा दिवस (26 अप्रैल)
2022 का विषय: 'आईपी एंड यूथ इनोवेटिंग फॉर ए बैटर फ्यूचर' (IP and Youth innovating for a Better Future)।
महत्वपूर्ण तथ्य: इस दिवस का उद्देश्य रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बौद्धिक संपदा (आईपी) के महत्व को उजागर करना है।
अंतरराष्ट्रीय चेर्नोबिल आपदा स्मरण दिवस (26 अप्रैल)
महत्वपूर्ण तथ्य: 26 अप्रैल, 1986 को यूक्रेन के प्रिपयात शहर के चेर्नोबिल पावर प्लांट में परमाणु दुर्घटना हुई थी। यह विश्व में घटित सबसे भयानक परमाणु आपदाओं में से एक है। वर्ष 2016 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 26 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय चेर्नोबिल आपदा स्मरण दिवस के रूप में नामित किया था।
पृथ्वी दिवस या अंतरराष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल)
2022 का विषय: 'हमारे ग्रह में निवेश करें' (Invest In Our Planet)।
महत्वपूर्ण तथ्य: पृथ्वी को बेहतर बनाने के बारे में जागरूकता फैलाने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करने के लिए दुनिया भर में हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाया जाता है।
- 2009 में अपनाए गए प्रस्ताव के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 22 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस के रूप में नामित किया।
- पृथ्वी के संरक्षण हेतु विश्व भर में जागरूकता फैलाने हेतु ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ वर्ष 1970 से प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है।
विश्व पुस्तक और कॉपीराइट दिवस (23 अप्रैल)
2022 का विषय: 'रीड...सो यू नेवर फील अलोन' (Read…So you never feel alone)।
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व पुस्तक और कॉपीराइट दिवस 23 अप्रैल को यूनेस्को और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा विश्व स्तर पर पुस्तकों के उत्सव को मनाने और पढ़ने के आनंद को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है।
- 1995 में, यूनेस्को ने विश्व पुस्तक और कॉपीराइट दिवस को दुनिया भर में मनाने के लिए 23 अप्रैल की तारीख तय की क्योंकि इसी तारीख को 1616 में विलियम शेक्सपियर और इंका गार्सिलासो डे ला वेगा जैसे दिग्गज लेखकों की मृत्यु हुई थी।
विश्व टीकाकरण सप्ताह (24 से 30 अप्रैल)
2022 का विषय: 'सभी के लिए लंबा जीवन' (Long Life for All)।
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व टीकाकरण सप्ताह, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य सभी उम्र के लोगों को बीमारी से बचाने के लिए टीकों के उपयोग को बढ़ावा देना है।
विश्व मलेरिया दिवस (25 अप्रैल)
2022 का विषय: 'मलेरिया रोग के बोझ को कम करने और जीवन बचाने के लिए नवाचार का उपयोग करें' (Harness innovation to reduce the malaria disease burden and save lives)।
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व मलेरिया दिवस हर साल 25 अप्रैल को इस जानलेवा बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है, जो मानव जाति के लिए खतरा बना हुआ है।
राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस (21 अप्रैल)
महत्वपूर्ण तथ्य: भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 21 अप्रैल को राष्ट्रीय सिविल सेवा के रूप में मनाया जाता है।
यह दिवस विभिन्न विभागों में भारत के सिविल सेवकों को समर्पित है। राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस लोक प्रशासन में इन अधिकारियों के योगदान को मान्यता देता है।
- 21 अप्रैल की तारीख को राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस मनाने के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि 21 अप्रैल, 1947 को नई दिल्ली के मेटकाफ हाउस में देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने नव नियुक्त प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को संबोधित किया था।
- इस ऐतिहासिक अवसर के दौरान, सरदार पटेल ने नवनियुक्त सिविल सेवकों को 'भारत का स्टील फ्रेम' (Steel frame of India) कहा था।
- देश का पहला राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस कार्यक्रम 21 अप्रैल, 2006 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था।
विश्व यकृत दिवस (19 अप्रैल)
महत्वपूर्ण तथ्य: यकृत (Liver) की बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दुनिया भर में विश्व यकृत दिवस मनाया जाता है।
विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस (21 अप्रैल)
महत्वपूर्ण तथ्य: मानव विकास के विभिन्न पहलुओं में रचनात्मकता और नवाचार की भूमिका पर जोर देने के उद्देश्य से विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत और समूह दोनों स्तरों पर विभिन्न देशों के बीच रचनात्मक बहु-विषयक सोच को आगे बढ़ाना है।
- यह दिवस विश्व रचनात्मकता सप्ताह समारोह का हिस्सा है, जो हर साल 15 से 21 अप्रैल तक मनाया जाता है।
- विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस की स्थापना 25 मई, 2001 को कनाडा के मार्सी सेगल (Marci Segal) द्वारा टोरंटो, कनाडा में की गई थी।
विश्व विरासत दिवस (18 अप्रैल)
2022 का विषय: 'विरासत और जलवायु' (Heritage and Climate)।
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व विरासत दिवस को स्मारकों और स्थलों के लिए अंतराराष्ट्रीय दिवस (International Day for Monuments and Sites) के रूप में भी जाना जाता है।
- इस दिवस का उद्देश्य दुनिया भर में विश्व विरासत स्थल का दर्जा हासिल करने वाले विभिन्न स्थलों की सुरक्षा और संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।