समसामयिकी -09 June 2022

सामयिक खबरें आर्थिकी

अमेरिका भारत का शीर्ष व्यापारिक भागीदार


हाल ही में वित्तीय वर्ष 2021-22 में अमेरिका, चीन को पछाड़कर भारत का शीर्ष व्यापारिक भागीदार बन गया, जो भारत-अमेरिका के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों को दर्शाता है।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021-22 में, अमेरिका और भारत के मध्य द्विपक्षीय व्यापार 2020-21 में 80.51 बिलियन डॉलर के मुकाबले 119.42 बिलियन डॉलर रहा।
  • 2021-22 में संयुक्त अरब अमीरात भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार था|
  • संयुक्त अरब अमीरात के बाद सऊदी अरब (42,85 अरब डॉलर), इराक (34.33 अरब डॉलर) और सिंगापुर (30 अरब डॉलर) का स्थान है।

सामयिक खबरें आर्थिकी

थोक मूल्य मुद्रास्फीति में वृद्धि


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार थोक मूल्य मुद्रास्फीति मई माह में बढ़कर 15.88% हो गई, जो अप्रैल में 15.08 प्रतिशत थी|

महत्वपूर्ण बिंदु

  • मई 2022 में थोक मूल्य मुद्रास्फीति की उच्च दर मुख्य रूप से खनिज तेल, कच्चे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, खाद्य पदार्थों, मूल धातुओं, गैर-खाद्य वस्तुओं, रसायनों और रासायनिक उत्पादों एवं खाद्य उत्पादों आदि की कीमतों में वृद्धि के कारण है।
  • मंत्रालयों का आंकड़ों के अनुसार, थोक मूल्य सूचकांक (WPI) पर आधारित मुद्रास्फीति अब 14 महीनों के लिए दोहरे अंकों में बनी हुई है, जो वैश्विक कमोडिटी कीमतों, विशेष रूप से तेल की बढ़ी हुई कीमतों को दर्शाती है।

मुद्रास्फीति का मापन

  • थोक मूल्य सूचकांक (WPI): इसका अनुमान वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा लगाया जाता है और इसे मासिक आधार पर मापा जाता है। इस सूचकांक में खुदरा स्तर से पहले के चरणों में वस्तुओं की कीमत में बदलाव को मापा और ट्रैक किया जाता है।
  • उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI): उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) बास्केट खुदरा मुद्रास्फीति की गणना के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक सूचकांक है|

सामयिक खबरें राष्ट्रीय

राष्ट्रीय महिला विधायक सम्मेलन 2022


26 मई, 2022 को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) में राष्ट्रीय महिला विधायक सम्मेलन-2022 का उद्घाटन किया।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • केरल विधानसभा द्वारा प्रथम बार राष्ट्रीय महिला विधायक सम्मेलन 2022 का आयोजन किया गया था।
  • स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के एक हिस्से के रूप में राष्ट्रीय महिला विधायक सम्मेलन 2022 का आयोजन किया गया।
  • राष्ट्रीय महिला विधायक सम्मेलन 2022 में संसद एवं राज्य विधानसभाओं की बिभिन्न महिला विधायकों के भाग लिया|
  • इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्रियों, लोकसभा अध्यक्ष, लोकसभा के उपाध्यक्ष तथा संसद सदस्यों ने भी भाग लिया।
  • इस सम्मेलन 2022 में संविधान एवं महिला अधिकार, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं की भूमिका, महिला अधिकार एवं विधिक अंतराल और निर्णय निर्माण निकायों में महिलाओं का अल्प प्रतिनिधित्व आदि विषयों पर चर्चा की गई|
  • भारत सरकार द्वारा 2016 में नई दिल्ली में प्रथम महिला विधायकों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया था।

सामयिक खबरें पर्यावरण

स्टॉकहोम+50


2 से 3 जून, 2022 को स्टॉकहोम+50 (Stockholm+50) का आयोजन स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम किया गया है। यह मानव पर्यावरण पर 1972 के संयुक्त राष्ट्र (UN) सम्मेलन (स्टॉकहोम सम्मेलन के रूप में भी जाना जाता है) के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया गया है।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस अंतरराष्ट्रीय बैठक का आयोजन किया था।
  • इस बैठक का विषय "सभी की समृद्धि के लिए एक स्वस्थ ग्रह - हमारी जिम्मेदारी, हमारा अवसर" (A Healthy Planet for the Prosperity of All – Our Responsibility, Our Opportunity) थी।

स्टॉकहोम सम्मेलन के बारे में

  • मानव पर्यावरण पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन 5 जून से 16 जून 1972 के मध्य स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आयोजित किया गया था।
  • यह 'केवल एक पृथ्वी' (Only One Earth)विषय के साथ ग्रहीय पर्यावरण पर इस तरह का पहला विश्वव्यापी सम्मेलन था।
  • इसके परिणामस्वरूप स्टॉकहोम घोषणा हुई, जिसमें पर्यावरण नीति के लिए सिफारिशें और एक कार्य योजना शामिल थी।
  • इस सम्मेलन में भाग लेने वाले 122 प्रतिभागी देशों में से 70 जो विकासशील और गरीब देशों ने स्टॉकहोम घोषणा को अपनाया।
  • यह पहला वैश्विक रूप से मान्यता प्राप्त दस्तावेज़ था, जिसने ‘विकास, गरीबी और पर्यावरण के बीच अंतर्संबंधों’ को मान्यता दी।

सामयिक खबरें राष्ट्रीय

शिक्षा मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन


1 से 2 जून, 2022 तक गुजरात में दो दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा मंत्रियों के सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य केंद्रीय मंत्री शामिल हुए थे।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • इस सम्मेलन में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
  • इस सम्मेलन में धर्मेंद्र प्रधान ने पीएम श्री स्कूल (PM Shree school) स्थापित करने की योजना की घोषणा की। जिसका उद्देश्य छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करना और यह नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की प्रयोगशाला होगी।
  • इसका उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, स्कूल कौशल और डिजिटल परियोजनाओं जैसे राष्ट्रीय डिजिटल शिक्षा वास्तुकला एवं राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी मंच के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करना है।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप युद्धाभ्यास/सैन्य अभियान

एक्स खान क्वेस्ट 2022


6 जून, 2022 को 16 देशों की सैन्य टुकड़ियों की भागीदारी वाला 14 दिवसीय बहुराष्ट्रीय शांतिवाहिनी अभ्यास एक्स खान क्वेस्ट (EX Khan Quest) 2022 मंगोलिया में आरम्भ हुआ।

  • इस अभ्यास में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व लद्दाख स्काउट्स की एक टुकड़ी ने किया|
  • एक्स खान क्वेस्ट अभ्यास को शांति स्थापना क्षमताओं में सुधार करने, सैन्य संबंधों को मज़बूत करने और सभी प्रतिभागियों की संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान दक्षताओं को बढ़ाने के लिये डिज़ाइन किया गया है।
  • नोमेडिक एलिफेंट (Nomadic Elephant) सैन्य अभ्यास भी दोनों देशों के बीच आयोजित किया जाता है।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप निधन

स्वतंत्रता सेनानी अंजलाई पोन्नुसामी


जून, 2022 को भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इंडियन नेशनल आर्मी की वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी अंजलाई पोन्नुसामी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • 21 वर्ष की आयु में, अंजलाई पोन्नुसामी रानी झांसी रेजिमेंट में शामिल हो गईं थी|
  • अंजलाई पोन्नुसामी 102 वर्ष की थीं। इंडियन नेशनल आर्मी (INA) की सिपाही रही अंजलाई पोन्नुसामी 1943 में आईएनए की महिला रेजीमेंट ‘झांसी की रानी’ में शामिल हुई थीं।
  • जापान के हार के साथ युद्ध समाप्त होने के बाद, भारतीय राष्ट्रीय सेना को भंग कर दिया गया और अंजलाई मलेशिया से भारत लौट आई।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप निधन

भजन सोपोरी


2 जून, 2022 को प्रसिद्ध संतूर वादक और पद्म श्री पुरस्कार विजेता, भजन सोपोरी का 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

भजन सोपोरी के बारे में

  • भजन सोपोरी का जन्म 1948 में कश्मीर घाटी के सोपोर में हुआ था| वे भारतीय शास्त्रीय संगीत के सूफियाना घराने से संबंधित थे।
  • संतूर के संत'और स्ट्रिंग्स के राजा के रूप में प्रसिद्ध, सोपोरी ने 1992 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और 2004 में पद्म श्री पुरस्कार प्राप्त किया था। 2009 में उन्हें बाबा अलाउद्दीन खान पुरस्कार और 2011 में एम एन माथुर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
  • इन्होने विभिन्न भाषाओं और बोलियों जैसे, हिंदी, कश्मीरी, डोगरी, सिंधी, उर्दू, संस्कृत, भोजपुरी, पंजाबी, हिमाचली, राजस्थानी, तेलुगु, तमिल, आदि में 6000 से अधिक गीतों के लिए संगीत निर्माण किया और साथ ही फारसी, अरबी आदि विदेशी भाषाओं में भी संगीत का निर्माण किया।

संक्षिप्त खबरें संस्थान-संगठन

अंतरराज्यीय परिषद का पुनर्गठन


हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से देश में सहकारी संघवाद को बढ़ावा देने के लिए काम करने वाली अंतरराज्यीय परिषद (Inter-State Council) का पुनर्गठन किया।

मुख्या बिंदु

  • इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अध्यक्ष के रूप में तथा सभी राज्यों के मुख्यमंत्री व 6 केंद्रीय मंत्री सदस्य के रूप में शामिल हैं। अधिसूचना के अनुसार, 10 केंद्रीय मंत्री अंतरराज्यीय परिषद में स्थायी रूप से आमंत्रित होंगे।
  • सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय परिषद की स्थायी समिति का भी पुनर्गठन किया है।

अंतरराज्यीय परिषद क्या है?

  • अंतरराज्यीय परिषद की स्थापना भारतीय संविधान के अनुच्छेद 263 के तहत 28 मई 1990 के राष्ट्रपति के आदेश के माध्यम से की गई थी। केंद्र-राज्य संबंधों पर सरकारिया आयोग (1983-87) द्वारा एक स्थायी अंतरराज्यीय परिषद की स्थापना की मांग की गई थी।
  • संविधान का अनुच्छेद 263 यह प्रावधान करता है कि "यदि किसी भी समय राष्ट्रपति को यह प्रतीत होता है कि परिषद की स्थापना से सार्वजनिक हितों की सेवा होगी", तो ऐसी स्थिति में अंतर-राज्यीय परिषद (ISC) की स्थापना की जा सकती है।
  • अनुच्छेद 263 उन कर्तव्यों को भी निर्दिष्ट करता है जिन्हें अंतरराज्यीय परिषद को सौंपा जा सकता है।
  • राष्ट्रपति ऐसी परिषद द्वारा किए जाने वाले कर्तव्यों की प्रकृति और उसके संगठन और प्रक्रिया को परिभाषित कर सकता है।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप

इंडियन कमोडिटी एक्सचेंज लिमिटेड की मान्यता रद्द


हाल ही में बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने इंडियन कमोडिटी एक्सचेंज लिमिटेड (ndian Commodity Exchange Limited’s) की मान्यता को रद्द कर दिया है।

  • सेबी द्वारा निवल संपत्ति और बुनियादी ढांचे के मानदंडों सहित कई आधारों पर गैर-अनुपालन घोषित करने के आदेश के बाद एक्सचेंज की मान्यता रद्द कर दी गई थी।

सेबी के बारे में

  • भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड 12 अप्रैल 1992 को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड अधिनियम, 1992 के प्रावधानों के अनुसार स्थापित एक वैधानिक निकाय है।
  • अप्रैल, 1988 में सेबी का गठन भारत सरकार के एक प्रस्ताव के तहत भारत में पूंजी बाजार के नियामक के रूप में किया गया था।
  • प्रारंभ में सेबी बिना किसी वैधानिक शक्ति के एक गैर-सांविधिक निकाय था। सेबी अधिनियम 1992 द्वारा वैधानिक शक्तियां प्रदान की गईं।
  • भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड का मूल कार्य प्रतिभूतियों में निवेशकों के हितों की रक्षा करना और प्रतिभूति बाजार को बढ़ावा देना और विनियमित करना है।
  • सेबी का मुख्यालय मुंबई में स्थित है। सेबी के क्षेत्रीय कार्यालय अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई और दिल्ली में स्थित हैं।
  • सेबी बोर्ड में एक अध्यक्ष और कई अन्य पूर्णकालिक और अंशकालिक सदस्य होते हैं।

खेल समाचार टेनिस

फ्रेंच ओपन 2022


2022 फ्रेंच ओपन 22 मई से 5 जून 2022 तक फ्रांस के पेरिस में स्टेड रोलैंड गैरोस में आयोजित किया गया था| फ्रेंच ओपन आउटडोर क्ले कोर्ट पर खेला जाने वाला ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट है।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • स्पेन के स्टार खिलाड़ी राफेल नडाल ने नार्वे कैस्पर रूड (Casper Ruud) को पराजित करके पुरुष एकल स्पर्धा को जित लिया है| राफेल नडाल का यह 14वां फ्रेंच ओपन खिताब था।
  • पोलैंड की इगा स्विएतेक (Iga Świątek) ने अमेरिका की कोको गौफ़ (Coco Gauff ) को पराजित करके महिला एकल स्पर्धा को जीत लिया है|
  • पुरुष युगल का ख़िताब मार्सेलो एरेवालो (अल सल्वाडोर), जीन-जूलियन रोजर (नीदरलैंड) ने इवान डोडिग (क्रोएशियाई), ऑस्टिन क्रेजिसेक (अमेरिका) को पराजित करके जीता है|
  • महिला युगल का ख़िताब कैरोलीन गार्सिया (फ्रेंच), क्रिस्टीना म्लादेनोविक (फ्रेंच) ने जेसिका पेगुला (अमेरिका), कोको गौफ (अमेरिका) को पराजित करके जीता है|

राज्य समाचार राजस्थान

आंचल अभियान


हाल ही में राजस्थान सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं के लिए करौली (Karauli) जिले में एक विशेष स्वास्थ्य देखभाल अभियान 'आंचल' शुरू किया गया है।

मुख्य बिंदु

  • इस अभियान से 13 हजार से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह अनूठा अभियान गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर अवस्था में सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया था ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके।
  • इस अभियान के तहत यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि जिले में सहायक नर्स मिडवाइफ और आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के साथ लगातार संपर्क में रहें और उन्हें जरूरत पड़ने पर आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान करें|