समसामयिकी -31 May 2022

पीआईबी न्यूज आर्थिक

राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना


भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 5-6 मई, 2022 को उत्तर प्रदेश पूर्व और पश्चिम, उत्तराखंड और बिहार के अन्य क्षेत्रीय हितधारकों के साथ लखनऊ में दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया।

महत्वपूर्ण तथ्य: इस अवसर पर NHAI ने दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए, जो राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना को बेहतर बनाने में योगदान देंगे।

  • राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे वृक्षारोपण करने में स्वयं सहायता समूहों को शामिल करने के लिए NHAI और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश के बीच अपनी तरह के पहले समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
  • वृक्षारोपण की यह पहल मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, राजस्थान और आंध्र प्रदेश जैसे अन्य राज्यों में भी शुरू की जाएगी।
  • दूसरे समझौता ज्ञापन पर NHAI और अम्मन्न इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा हस्ताक्षर किये गए। दोनों संस्थाओं ने उच्च कौशल प्राप्त कार्यबल का एक प्रतिभा पूल बनाने के लिए सहयोग किया है, जो राजमार्ग निर्माण, पुनर्वास और रखरखाव में उन्नत तकनीकों पर पूरी तरह से प्रशिक्षित होगा।
  • वित्त वर्ष 2021-22 में NHAI ने सभी क्षेत्रों में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। वर्ष के दौरान, NHAI ने कुल 6,306 किलोमीटर की परियोजनाओं का कार्य सौंपा है, जो पिछले तीन वर्षों में प्राधिकरण द्वारा सौंपी गई सबसे अधिक लंबाई है।

सामयिक खबरें आर्थिकी

नैनी कोयला खदान


केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने ओडिशा के अंगुल जिले में प्रस्तावित ओपनकास्ट कोयला खनन के लिए वन व्यपर्वतन प्रक्रिया (forest diversion process) में तेजी लाने की मांग की है, जिसके लिए एक आरक्षित वन में एक लाख से अधिक पेड़ों की कटाई की आवश्यकता होगी और हाथियों की आबादी भी प्रभावित होगी।

महत्वपूर्ण तथ्य: भारत सरकार और तेलंगाना के बीच एक संयुक्त उद्यम कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) ने अंगुल जिले के छेंदीपाड़ा तहसील में नैनी कोयला खदान में कोयला खदान का प्रस्ताव दिया है।

  • परियोजना के लिए कुल 912.799 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें 643.095 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि और 140.180 हेक्टेयर ग्राम वन भूमि है। शेष गैर वन भूमि है।
  • SCCL इसके लिए 783.275 हेक्टेयर वन भूमि के व्यपर्वतन से पहले पर्यावरण और वन मंजूरी की प्रतीक्षा कर रहा है, जो महानदी घाटी के भीतर निचले गोंडवाना बेसिन के दक्षिण-पूर्वी कोने में है।
  • साइट निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार छेंदीपाड़ा आरक्षित वन में 1,05,092 पेड़, राजस्व वन में 1,087 पेड़ और गैर वन भूमि में 327 पेड़ काटने होंगे।

वन्यजीवों के लिए खतरा: हालांकि कोयला खनन के लिए प्रस्तावित क्षेत्र किसी राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव अभयारण्य या जीवमंडल का हिस्सा नहीं है। लेकिन इससे विशेष रूप से जंगली हाथियों की आवाजाही के लिए खतरा हो सकता है।

  • राज्य हाथियों की आवाजाही पर अंगुल जिले में कोयला खनन के प्रभाव का आकलन करने के लिए बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी से अध्ययन कराएगा।

अन्य तथ्य: कोयला खनन ओडिशा में औद्योगिक क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य में भारत के 24% कोयला भंडार हैं।

सामयिक खबरें विधेयक एवं अधिनियम

जैव विविधता (संशोधन) विधेयक 2021


राज्य सभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने जैव विविधता (संशोधन) विधेयक, 2021 के प्रावधानों की आलोचना की है, जिसकी वर्तमान में एक संयुक्त संसदीय समिति द्वारा समीक्षा की जा रही है।


(Image Source: https://www.thehansindia.com/)

जैव विविधता अधिनियम, 2002: इसे जैव विविधता पर संयुक्त राष्ट्र अभिसमय (Convention on Biological Diversity: CBD), 1992 को प्रभावी बनाने के लिए तैयार किया गया था, जो जैविक संसाधनों और संबद्ध पारंपरिक ज्ञान के उपयोग से उत्पन्न होने वाले लाभों के स्थायी, निष्पक्ष और समान बंटवारे का प्रयास करता है।

  • भारत की जैव विविधता के संरक्षण के लिए यह अधिनियम राष्ट्रीय स्तर पर एक 'राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण', राज्य स्तर पर 'राज्य जैव विविधता बोर्ड' और स्थानीय निकाय स्तरों पर 'जैव विविधता प्रबंधन समितियों' (बीएमसी) से मिलकर एक त्रि-स्तरीय संरचना का प्रावधान करता है।
  • जैव विविधता प्रबंधन समितियों की प्राथमिक जिम्मेदारी स्थानीय जैव विविधता और संबंधित पारंपरिक ज्ञान को 'पीपल्स बायोडायवर्सिटी रजिस्टर' (People’s Biodiversity Register) के रूप में दस्तावेजीकरण करना है।

संशोधित विधेयक के प्रावधान: इसमें स्थानीय समुदायों के साथ जैविक संसाधनों की पहुंच और लाभ साझा करने के दायरे को बढ़ाने का प्रस्ताव है।

  • विधेयक पंजीकृत आयुष चिकित्सकों और संहिताबद्ध पारंपरिक ज्ञान प्राप्त करने वाले लोगों को कुछ उद्देश्यों के लिए जैविक संसाधनों तक पहुँच के लिए राज्य जैव विविधता बोर्डों को पूर्व सूचना देने से छूट देने का प्रयास करता है।
  • संशोधन आयुष विनिर्माण कंपनियों को राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण से अनुमोदन की आवश्यकता से छूट देंगे और इस प्रकार 'जैव चोरी' (bio piracy) का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

सामयिक खबरें विज्ञान-प्रौद्योगिकी

इसरो का शुक्र मिशन


भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने 4 मई, 2022 को शुक्र विज्ञान पर एक दिवसीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शुक्र मिशन (Venus mission) की संकल्पना की गई है तथा इसके लिए एक परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है।

उद्देश्य: सौर मंडल के सबसे गर्म ग्रह की सतह के निचले भाग का अध्ययन करना और 'सल्फ्यूरिक एसिड' के बादलों के रहस्यों को उजागर करना।

महत्वपूर्ण तथ्य: इसरो द्वारा इस मिशन को दिसंबर 2024 में लॉन्च करने की योजना बनाई जा रही है, जब पृथ्वी और शुक्र एक सीध में आ जाएंगे। अगर इस समय लॉन्चिंग होगी तो अंतरिक्ष यान को कम से कम प्रणोदक के साथ शुक्र की कक्षा में स्थापित किया जा सकता है।

  • 'शुक्र' सूर्य से दूसरा ग्रह है। शुक्र को उसके द्रव्यमान, आकार और घनत्व के कारण ‘पृथ्वी की जुड़वा बहन’ कहा जाता है। समान शारीरिक बनावट के बावजूद, दोनों ग्रह एक-दूसरे से काफी अलग हैं।
  • शुक्र में कार्बन डाइऑक्साइड से भरा एक घना, विषैला वातावरण है।
  • शुक्र ग्रह को ‘भोर का तारा’ (Morning Star) व ‘सांझ का तारा’ (Evening Star) के नामों से भी जाना जाता है।
  • यह सौर मंडल का सबसे गर्म ग्रह है। शुक्र पर सतह का तापमान लगभग 900 डिग्री फारेनहाइट (लगभग 475 डिग्री सेल्सियस) है।

सामयिक खबरें पर्यावरण

सियोल वन घोषणा


दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल, में आयोजित 15वीं विश्व वानिकी कांग्रेस में 5 मई, 2022 को ‘सियोल वन घोषणा’ को अपनाया गया। 15वीं विश्व वानिकी कांग्रेस 2 से 6 मई, 2022 तक आयोजित की गई।

(Image Source: https:// https://twitter.com/WFCKorea/)

सियोल घोषणा की मुख्य विशेषताएं: वनों की जिम्मेदारी को संस्थानों, क्षेत्रों और हितधारकों के बीच साझा और एकीकृत किया जाना चाहिए।

  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहमत प्रतिबद्धताओं और अवक्रमितभूमि को बहाल करने के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए विश्व स्तर पर वन और परिदृश्य बहाली में निवेश को 2030 तक तिगुना करने की आवश्यकता है।
  • वन राजनीतिक, सामाजिक और पर्यावरणीय सीमाओं से स्वतंत्र होते हैं, जो जैव विविधता और ग्रहीय पैमाने पर कार्बन, जल और ऊर्जा चक्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
  • विश्व वानिकी कांग्रेस के महत्वपूर्ण निष्कर्षों में एक चक्रीय जैव-अर्थव्यवस्था और जलवायु तटस्थता के महत्व को रेखांकित किया गया है।
  • भविष्य की महामारियों के जोखिम को कम करने के लिए स्वस्थ, उत्पादक वनों को भी बनाए रखा जाना चाहिए।

विश्व वानिकी कांग्रेस: विश्व वानिकी कांग्रेस हर छ: साल में लगभग एक बार आयोजित की जाती है। पहली कांग्रेस 1926 में इटली में आयोजित की गई थी। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के सहयोग से 1954 से मेजबान देशों द्वारा कांग्रेस का आयोजन किया जाता है।

  • 2022 कांग्रेस का विषय 'वनों के साथ हरित, स्वस्थ और अनुकूल भविष्य का निर्माण' (Building a Green, Healthy and Resilient Future with Forests) था।
  • यह एशिया में आयोजित दूसरी कांग्रेस है। इंडोनेशिया ने 1978 में एशिया में पहली कांग्रेस की मेजबानी की थी।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप अभियान/सम्मेलन/आयोजन

सांस्कृतिक कार्यक्रम 'मुक्ति-मातृका'


संस्कृति मंत्रालय द्वारा 6 मई, 2022 को विक्टोरिया मेमोरियल हॉल, कोलकाता में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम 'मुक्ति-मातृका' (मां के रूप में स्वतंत्रता) आयोजित किया गया।

  • मुक्ति-मातृका 'मुक्ति' या स्वतंत्रता / आजादी के विचार के साथ-साथ 'मातृका' के विचार को शामिल करती है, एक ऐसा प्रतीक जिसमें एक भूमि या राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है।
  • इन दो तथ्यों को पिरोते हुए, 'मुक्ति-मातृका' स्वतंत्रता और मां (देवी दुर्गा) के बीच संबंध स्थापित करती है, विशेष रूप से इस तथ्य के संदर्भ में कि दुर्गा हमारी ‘आजादी’ और बुराई (जो कि दानव का प्रतीक है) के चंगुल से हमारे उद्धार की प्रतीक है।
  • यूनेस्को द्वारा मानवता की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत की सूची में 'बंगाल की दुर्गा पूजा' को शामिल किए जाने और विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के 2021-22 में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष समारोह की पृष्ठभूमि में यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस

अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस (15 मई)


2022 का विषय: 'परिवार और शहरीकरण' (Families and Urbanization)।

महत्वपूर्ण तथ्य: 'अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस' परिवारों से संबंधित मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और परिवारों पर सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय प्रक्रियाओं के प्रभाव के बारे में ज्ञान बढ़ाने पर केंद्रित है।

  • 1993 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रति वर्ष 15 मई को अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस

अंतरराष्ट्रीय प्रकाश दिवस (16 मई)


महत्वपूर्ण तथ्य: अंतरराष्ट्रीय प्रकाश दिवस प्रत्येक वर्ष 16 मई को भौतिक विज्ञानी और इंजीनियर, थियोडोर मैमन द्वारा 1960 में लेजर के पहले सफल संचालन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

  • यह दिवस विज्ञान, संस्कृति और कला, शिक्षा, सतत विकास और चिकित्सा, संचार और ऊर्जा के जैसे विविध क्षेत्रों में प्रकाश की भूमिका के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।