सामयिक

चर्चित दिवस:

विश्व हीमोफीलिया दिवस (17 अप्रैल)

2022 का विषय: 'सबके लिए पहुंच: साझेदारी, नीति, प्रगति। अपनी सरकार को शामिल करना, वंशानुगत रक्तस्राव विकारों को राष्ट्रीय नीति में शामिल करना' (Access for All: Partnership, Policy. Progress. Engaging your government, integrating inherited bleeding disorders into national policy)।

महत्वपूर्ण तथ्य: यह दिवस हीमोफीलिया और अन्य वंशानुगत रक्तस्राव विकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है।

  • हीमोफीलिया एक आनुवंशिक विकार है, जिसमें रक्त के थक्के के जमने की क्षमता काफी हद तक क्षीण हो जाती है, जिससे व्यक्ति को मामूली चोट लगने पर भी अत्यधिक रक्तस्राव होता है।
  • हीमोफीलिया मुख्यत: 2 प्रकार का होता है- 'हीमोफीलिया ए' हीमोफीलिया का अधिक सामान्य प्रकार है। यह क्लॉटिंग फैक्टर VIII (फैक्टर आठ) की कमी के कारण होता है। हीमोफीलिया वाले लगभग 20% लोगों में ही 'हीमोफीलिया बी' होता है। हीमोफीलिया बी में क्लॉटिंग फैक्टर IX (फैक्टर नौ) की कमी होती है।
  • यह 'वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ हीमोफीलिया' की एक पहल है, जिसे 1963 में सभी हीमोफीलिया रोगियों के उपचार और देखभाल को बढ़ाने के लिए स्थापित किया गया था।

हाथी रक्षा दिवस (16 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: हाथी रक्षा दिवस (Save the Elephant Day) हर साल 16 अप्रैल को हाथियों के सामने आने वाले खतरों और विभिन्न कठिनाइयों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए मनाया जाता है।

  • हाथी रक्षा दिवस का उद्देश्य लोगों को हाथियों और उनकी दुर्दशा के बारे में शिक्षित करके हाथियों के सामने आने वाले खतरों की खतरनाक प्रवृत्ति को रोकना है।

विश्व चगास रोग दिवस (14 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: चगास रोग या 'अमेरिकी ट्रिपैनोसोमियासिस' (American trypanosomiasis) को 'साइलेंट डिजीज' भी कहा जाता है।

  • यह रोग ट्रायटोमाइन कीट के मल/मूत्र में पाए जाने वाले परजीवी ‘ट्रायपैनोसोमा क्रूजी’ (Trypansosoma cruzi) के संक्रमण के कारण होता है। इसमें हृदय संबंधी परेशानी होती है।
  • रोग का नाम ब्राजील के डॉक्टर कार्लोस रिबेरो जस्टिनियानो चगास के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने 1909 में पहली बार इस रोग की पहचान की थी।
  • विश्व चगास रोग दिवस वर्ष 2020 में पहली बार मनाया गया।

मानव अंतरिक्ष उड़ान का अंतरराष्ट्रीय दिवस (12 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 7 अप्रैल, 2011 के अपने संकल्प के माध्यम से 12 अप्रैल को मानव अंतरिक्ष उड़ान के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया।

  • यह दिवस मानव जाति के लिए अंतरिक्ष युग की शुरुआत के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 12 अप्रैल, 1961 सोवियत नागरिक यूरी गगारिन द्वारा पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान भरी थी।
  • 4 अक्टूबर, 1957 को पहले मानव निर्मित पृथ्वी उपग्रह स्पुतनिक-I को बाहरी अंतरिक्ष में लॉन्च किया गया था, जिससे अंतरिक्ष अन्वेषण का रास्ता खुल गया।
  • 10 अक्टूबर, 1967 को, 'अंतरिक्ष का मैग्ना कार्टा' लागू हुआ। 'अंतरिक्ष का मैग्ना कार्टा' को चंद्रमा और अन्य खगोलीय पिंडों सहित बाहरी अंतरिक्ष के अन्वेषण और उपयोग में देशों की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले सिद्धांतों पर संधि के रूप में भी जाना जाता है।

विश्व पार्किंसंस दिवस (11 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व पार्किंसंस दिवस हर साल 11 अप्रैल को पार्किंसंस बीमारी के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए मनाया जाता है।

  • यह दिवस जेम्स पार्किंसन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भी मनाया जाता है, जिन्होंने 1817 में पहली बार इस बीमारी की पहचान करते हुए 'एन एसे ऑन द शेकिंग पाल्सी' (An Essay on the Shaking Palsy) लेख लिखा था।
  • अप्रैल माह पार्किंसंस जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। पार्किंसन फाउंडेशन के लिए इस वर्ष जागरूकता माह का विषय #FutureOfPD है।
  • पार्किंसन रोग तब होता है, जब मस्तिष्क के एक प्रमुख रसायन डोपामाइन का उत्पादन करने वाली कोशिकाएं नष्ट होने लग जाती हैं। यह मुख्य रूप से 60 वर्ष से अधिक लोगों को प्रभावित करता है, हालांकि कम उम्र के लोगों को भी इसका खतरा होता है।
  • इस रोग के लक्षण अंगों में कंपन, अकड़न, अंगों की कठोरता, अंगों की गतिविधियों का धीमा हो जाना, शरीर का संतुलन बिगड़ जाना यानी चलने-फिरने में कठिनाई होना और नींद की समस्या हैं। पार्किंसंस रोग के अन्य लक्षणों में अवसाद (डिप्रेशन) और अन्य भावनात्मक परिवर्तन शामिल हो सकते हैं।
  • पार्किंसंस रोग का कोई उपचार नहीं है लेकिन कुछ आहार परिवर्तन करके इसे प्रबंधित किया जा सकता है।

राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस (11 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: इस दिवस का उद्देश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए उचित स्वास्थ्य देखभाल और मातृत्व सुविधाओं के बारे में जागरूकता पैदा करना है।

  • इस दिन राष्ट्रपिता मोहन दास करम चंद गांधी की पत्नी कस्तूरबा गांधी की जयंती भी मनाई जाती है।
  • यह ‘व्हाइट रिबन एलायंस इंडिया’ (White Ribbon Alliance India) की एक पहल है।
  • भारत के महापंजीयक के अनुसार, भारत के मातृ मृत्यु अनुपात (MMR) में दस अंकों की गिरावट आई है। यह अनुपात 2016-18 में 113 से घटकर 2017-19 में 103 हो गया है।

विश्व होम्योपैथी दिवस (10 अप्रैल)

महत्वपूर्ण तथ्य: यह दिवस जर्मन चिकित्सक डॉ. क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमुअल हैनीमैन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है, जो होम्योपैथी के संस्थापक हैं। डॉ. हैनीमैन एक प्रसिद्ध वैज्ञानिक और भाषाविद थे। उनका जन्म 10 अप्रैल, 1755 को पेरिस में हुआ था।

  • इस अवसर पर भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने 9 और 10 अप्रैल 2022 को नई दिल्ली में 'होम्योपैथी: सेहत के लिए लोगों की पसंद' (Homoeopathy: People’s Choice for Wellness) विषय के साथ दो दिवसीय वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन किया।

विकास और शांति हेतु अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस (6 अप्रैल)

2022 का विषय: सभी के लिए एक सतत और शांतिपूर्ण भविष्य सुरक्षित करना: खेल का योगदान' (Securing a Sustainable and Peaceful Future for All: The Contribution of Sport)।

  • महत्वपूर्ण तथ्य: विकास और शांति हेतु अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस दुनिया भर में समुदायों और लोगों के जीवन में खेल और शारीरिक गतिविधि की सकारात्मक भूमिका को पहचानने का अवसर प्रदान करता है।
  • विकास और शांति हेतु अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पहली बार 2014 में मनाया गया था।

विश्व स्वास्थ्य दिवस (7 अप्रैल)

2022 का विषय: 'हमारा ग्रह, हमारा स्वास्थ्य' (Our planet, our health)।

महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व स्वास्थ्य दिवस हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा दुनिया भर के लोगों के लिए चिंता के एक विशिष्ट स्वास्थ्य विषय पर ध्यान आकर्षित करने के लिए मनाया जाता है।

  • 7 अप्रैल, 1948 को डब्ल्यूएचओ के संविधान लागू होने के साथ ही इसकी स्थापना हुई थी।

59वां राष्ट्रीय समुद्री दिवस (5 अप्रैल)

2022 का विषय: 'कोविड-19 से परे सतत जहाजरानी' (Sustainable Shipping beyond Covid-19)।

  • महत्वपूर्ण तथ्य: इस दिवस का उद्देश्य लोगों को भारतीय जहाजरानी उद्योग की गतिविधियों और देश की अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका से अवगत कराना है।
  • व्यापार की दुनिया में भारत की पहली व्यापारिक समुद्री यात्रा के उपलक्ष्य में हर साल 5 अप्रैल को यह दिवस मनाया जाता है।
  • 5 अप्रैल, 1919 को प्रथम भारतीय फ्लैग मर्चेंट पोत (सिंधिया स्टीम नेविगेशन कंपनी के स्वामित्व वाले) ‘एस एस लॉयल्टी’ (S S Loyalty) ने मुंबई से लंदन तक की पहली समुद्री यात्रा की थी।
  • पहला राष्ट्रीय समुद्री दिवस 1964 में मनाया गया। यह दिवस पत्तन,पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा वार्षिक रूप से मनाया जाता है।
Showing 61-70 of 476 items.