नीति आयोग ने जारी किया निवेश अनुकूलता सूचकांक (IFI) 2026

  • 18 Jul 2026

17 जुलाई, 2026 को नीति आयोग ने निवेश अनुकूलता सूचकांक (Investment Friendliness Index-IFI) 2026 जारी किया। यह सूचकांक विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की क्षमता का आकलन करता है।

मुख्य बिंदु

  • शीर्ष प्रदर्शनकर्ता: इस सूचकांक में गुजरात ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गोवा तथा ओडिशा शीर्ष प्रदर्शनकर्ता राज्यों में शामिल रहे।
  • उच्च रैंकिंग के कारण: नीति आयोग के अनुसार, गुजरात की सुदृढ़ बंदरगाह एवं विद्युत अवसंरचना, महाराष्ट्र की निजी इक्विटी एवं वेंचर कैपिटल आकर्षित करने की क्षमता तथा तमिलनाडु की मजबूत अवसंरचना एवं निर्यात प्रदर्शन ने उन्हें उच्च रैंक दिलाई।
  • आकलन के मानदंड: सूचकांक में सभी 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों का मूल्यांकन 8 प्रमुख स्तंभों - अवसंरचना, व्यावसायिक वातावरण, संसाधन, सरकारी नीतियाँ, नियामकीय सुगमता, संस्थागत वातावरण, वित्तीय स्वास्थ्य तथा पर्यावरणीय लचीलापन के आधार पर किया गया।
  • राज्यों का वर्गीकरण: रिपोर्ट में राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया:
    1. शीर्ष प्रदर्शनकर्ता (Top Performers)
    2. अग्रणी (Frontrunners)
    3. उभरते प्रदर्शनकर्ता (Emerging Performers)
    4. आकांक्षी राज्य (Aspiring States)
  • रिपोर्ट का निष्कर्ष: रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले तीन दशकों में भारत ने उल्लेखनीय आर्थिक वृद्धि दर्ज की है, किंतु वर्ष 2047 तक उच्च आय वाले राष्ट्र का दर्जा प्राप्त करने के लिए निवेश दर एवं आर्थिक वृद्धि की गति में और तेजी लाना आवश्यक होगा।
  • राज्यों की भूमिका: रिपोर्ट के अनुसार, व्यवसाय सुगमता, अवसंरचना विकास तथा नीतिगत स्थिरता को मजबूत बनाने में राज्य-स्तरीय सुधारों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।