माउंट एवरेस्ट की उंचाई में तीन फीट की वृद्धि

  • 11 Dec 2020

8 दिसंबर, 2020 को नेपाल और चीन के विदेश मंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर प्रमाणित किया, जोकि 1954 में मापी गई ऊंचाई की तुलना में 86 सेमी. अधिक है।

महत्वपूर्ण तथ्य: माउंट एवरेस्ट नेपाल और चीन की सीमा पर अवस्थित है। माउंट एवरेस्ट को नेपाल में ‘सागरमाथा’ और चीन में ‘माउंट कोमोलंगमा’ (Qomolangma) के नाम से भी जाना जाता है।

  • साझा घोषणा ने दोनों देशों द्वारा माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई के बारे में लंबे समय से चले आ रहे मतभेद को समाप्त कर दिया है। चीन द्वारा इसकी ऊंचाई 29,017 फीट (8,844 मीटर) और नेपाल द्वारा 29,028 फीट (8,848 मीटर) होने का दावा किया गया था।
  • अब नई ऊंचाई नेपाल के पिछले दावे की तुलना में लगभग 3 फीट अधिक 29,031 फीट (8,848.86 मीटर) है।
  • वर्षों से, मांउट एवरेस्ट की उंचाई को लेकर यह बहस जारी है, कि इसकी उंचाई की गणना, चट्टानों की ऊंचाई तक की जानी चाहिए अथवा इसमें चट्टानों के ऊपर जमे ‘हिम’ की ऊंचाई भी शामिल की जानी चाहिए।

पूर्व में किए गए मापन: इससे पहले, सर्वे ऑफ इण्डिया द्वारा वर्ष 1954 में माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई को मापा गया था, जिसमें इसकी ऊंचाई 8,848 मीटर निर्धारित की गई थी, जिसे वैश्विक रूप से, चीन के अलावा, सभी संदर्भो में स्वीकार किया गया।

  • वर्ष 1999 में, एक अमेरिकी टीम ने माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई 29,035 फीट (लगभग 8,850 मीटर) निर्धारित की थी।