हुरुन ग्लोबल यूनिकॉर्न इंडेक्स 2021

  • 29 Dec 2021

'हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट' ने 22 दिसंबर, 2021 को 'हुरुन ग्लोबल यूनिकॉर्न इंडेक्स 2021' (Hurun Global Unicorn Index 2021) जारी किया।

(Image Source: https://www.hurunindia.net/)

महत्वपूर्ण तथ्य: एक ही वर्ष में 33 'यूनिकॉर्न्स' (Unicorns) को जोड़ने से भारत ने यूनाइटेड किंगडमको पीछे छोड़ते हुये सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। यानी भारत 1 बिलियन डॉलर से अधिक के उद्यम मूल्य के स्टार्टअप्स की श्रेणी में तीसरे स्थान पर है।

  • भारत में यूनिकॉर्न की आधिकारिक संख्या अब 54 तक पहुँच गई है। पिछले साल (2020) यूनिकॉर्न की संख्या के मामले में भारत चौथे स्थान पर था।
  • अमेरिका और चीन पहले दो स्थान पर काबिज हैं। दुनिया के 74% यूनिकॉर्न अमेरिका और चीन में हैं।
  • अमेरिका ने इस वर्ष 254 यूनिकॉर्न जोड़े, जिससे वहां यूनिकॉर्न की कुल संख्या बढ़कर 487 हो गई। चीन ने इस वर्ष 74 यूनिकॉर्न जोड़े, जिससे चीन में यूनिकॉर्न की कुल संख्या 301 हो गई है।
  • यूनाइटेड किंगडम ने इस वर्ष मात्र 15 यूनिकॉर्न जोड़े और वहाँ कुल मिलाकर 39 यूनिकॉर्न हो गए हैं।
  • भारत की यूनिकॉर्न की सूची में एडटेक प्लेटफॉर्म ‘बायजूज’ (21 बिलियन डॉलर उद्यम मूल्य) शीर्ष पर है। इसके बाद मोबाइल विज्ञापन प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म ‘इनमोबी’ (InMobi) (12 बिलियन डॉलर उद्यम मूल्य) और आतिथ्य क्षेत्र की 'ओयो रूम्स' ( 9.5 बिलियन डॉलर उद्यम मूल्य) हैं।
  • बाइटडांस दुनिया का सबसे मूल्यवान यूनिकॉर्न है, जिसका मूल्य 350 बिलियन डॉलर है। इसके बाद एंट ग्रुप (150 बिलियन डॉलर) और स्पेसएक्स (100 बिलियन डॉलर) का स्थान है।
  • अन्य तथ्य: एक निजी स्टार्टअप कंपनी, जिसका उद्यम मूल्य 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो जाता है, उसे 'यूनिकॉर्न' स्टार्टअप कहा जाता है। काउबॉय वेंचर्स की संस्थापक 'एलेन ली' ने 2013 में पहली बार 'यूनिकॉर्न' शब्द गढ़ा था।