स्तन कैंसर उपचार हेतु लक्षित नैनो-मेडिसिन विकसित

  • 04 Jun 2026

जून 2026 में अगरकर अनुसंधान संस्थान (ARI), पुणे के वैज्ञानिकों ने एक उन्नत नैनो-मेडिसिन प्लेटफॉर्म विकसित किया, जो स्तन कैंसर की वृद्धि के लिए उत्तरदायी जीनों को लक्षित कर उन्हें निष्क्रिय कर सकता है। यह प्रौद्योगिकी परिशुद्ध कैंसर उपचार (Precision Cancer Therapy) की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

मुख्य बिंदु

  • प्रयुक्त प्रौद्योगिकी: शोधकर्ताओं ने जैव-अपघटनीय मेसोपोरस सिलिका नैनोकण (Biodegradable Mesoporous Silica Nanoparticles) विकसित किए, जो उपचारात्मक अणुओं को सीधे ट्यूमर कोशिकाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सक्षम हैं।
  • लक्षित वितरण: इन नैनोकणों को प्रोटामाइन बायोपॉलिमर तथा MUC1-विशिष्ट एप्टामर (Aptamer) के साथ क्रियाशील किया गया था, जो स्तन कैंसर कोशिकाओं पर अत्यधिक मात्रा में मौजूद MUC1 रिसेप्टर्स की पहचान करने और उनसे चुनिंदा रूप से जुड़ने में मदद करता है।
  • दोहरे जीन का निष्क्रियकरण: यह प्लेटफॉर्म एक साथ दो एंटी-एपोप्टोटिक जीन - MCL-1 और सरवाइविन (Survivin) को लक्षित करने वाले 'स्मॉल इंटरफेरिंग आरएनए' (siRNA) अणुओं को पहुँचाता है। ये दोनों जीन कैंसर कोशिकाओं को जीवित रहने और इलाज का प्रतिरोध करने में मदद करते हैं।
  • प्रायोगिक परिणाम: MCF-7 स्तन कैंसर मॉडल पर किए गए अध्ययनों से दोनों लक्षित जीनों में महत्वपूर्ण कमी, कैंसर कोशिकाओं की मृत्यु में वृद्धि और ट्यूमर के विकास में भारी गिरावट देखी गई।