ई-संजीवनी ने पार किया 50 करोड़ टेलीकंसल्टेशन का आंकड़ा

  • 06 Oct 2026

राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी ने 50 करोड़ टेलीकंसल्टेशन का आंकड़ा पार कर डिजिटल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि खासतौर पर ग्रामीण, दूरस्थ और कम सुविधा वाले क्षेत्रों में नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में टेलीमेडिसिन की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है।

मुख्य बिंदु

  • व्यापक पहुंच: यह उपलब्धि 15 सितंबर 2026 तक देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 50,00,92,730 टेलीकंसल्टेशन के साथ दर्ज की गई।
  • नेटवर्क: प्लेटफॉर्म 1.42 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्पोक्स, 19,473 मेडिकल हब और 901 ऑनलाइन OPD को समर्थन देता है। साथ ही 2,41,923 पंजीकृत स्वास्थ्य सेवा प्रदाता शामिल हैं।
  • बहुभाषी सेवा: प्लेटफॉर्म अंग्रेजी सहित 15 भाषाओं में उपलब्ध है और प्रतिदिन लगभग 2.5–3 लाख परामर्श कराता है।
  • लिंग एवं आयु आधारित भागीदारी: कुल टेलीकंसल्टेशन में महिलाओं की हिस्सेदारी 57.14% है, जबकि 46 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों ने 40.15% परामर्श लिए हैं। इनमें 16.25% परामर्श 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा लिए गए।
  • AI एकीकरण: AI आधारित Clinical Decision Support System (CDSS) को ई-संजीवनी में एकीकृत किया गया है। इस नवाचार को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
  • आपातकालीन सेवा: ई-संजीवनी को आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस)-112 के साथ भी एकीकृत किया गया है।