भारत के सकल घरेलू उत्पाद के तिमाही आंकड़े जारी

  • 05 Jun 2021

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (Central Statistics Office- CSO) ने 31 मई, 2021 को वित्त वर्ष 2020-21 की जनवरी-मार्च तिमाही के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़े जारी किए।

महत्वपूर्ण तथ्य: सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी अनंतिम राष्ट्रीय आय अनुमानों के अनुसार, भारत के सकल घरेलू उत्पाद में 2020-21 में 7.3% का संकुचन है, जो फरवरी 2021 के 8% के संकुचन के अनुमान से थोड़ा बेहतर है। पिछले साल (2019-20) में यह 4% रही थी।

  • अर्थव्यवस्था में सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) 2020-21 में 6.2% तक संकुचित हो गया, जबकि पिछले वर्ष इसमें 4.1% की वृद्धि हुई थी।
  • केवल दो क्षेत्रों ने नकारात्मक जीवीए वृद्धि की प्रवृत्ति को कम किया है- कृषि, वानिकी और मत्स्यिकी जिसमें 3.6% की वृद्धि हुई तथा बिजली, गैस, जल आपूर्ति और अन्य उपयोगिता सेवाओं में 1.9% की वृद्धि हुई।
  • व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और प्रसारण से संबंधित सेवाओं से जीवीए में 18.2% की सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई, इसके बाद निर्माण (-8.6%), खनन और उत्खनन (-8.5%) और विनिर्माण (-7.2%) का स्थान रहा।
  • अप्रैल से जून 2020 की तिमाही में जीडीपी में 24.4% की कमी आई थी, इसके बाद दूसरी तिमाही में 7.4% की कमी आई थी। सितंबर से दिसंबर तिमाही में यह 0.4% की मामूली वृद्धि के साथ सकारात्मक क्षेत्र में लौट आया था।