समसामयिकी -10 May 2022

पीआईबी न्यूज अंतरराष्ट्रीय

भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता


ऐतिहासिक 'भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता' आधिकारिक तौर पर 1 मई, 2022 को लागू हुआ। इस समझौते पर 18 फरवरी, 2022 को दोनों देशों के बीच हस्ताक्षर किए गए थे।

महत्वपूर्ण तथ्य: कुल मिलाकर, भारत को अपनी 97% से अधिक टैरिफ लाइनों पर संयुक्त अरब अमीरात द्वारा प्रदान की जाने वाली तरजीही बाजार पहुंच से लाभ होगा, जो विशेष रूप से श्रम-गहन क्षेत्रों जैसे- रत्न और आभूषण, वस्त्र, चमड़े, जूते से मूल्य के संदर्भ में यूएई को 99% भारतीय निर्यात करता है।

  • सेवाओं में व्यापार के संबंध में, भारतीय सेवा प्रदाताओं की 11 व्यापक सेवा क्षेत्रों के लगभग 111 उप-क्षेत्रों तक पहुंच में वृद्धि होगी।
  • भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते से पांच वर्षों के भीतर वस्तुओं में द्विपक्षीय व्यापार के कुल मूल्य को 100 बिलियन डॉलर और सेवाओं में व्यापार को 15 बिलियन डॉलर से अधिक तक बढ़ाने की उम्मीद है।

सामयिक खबरें आर्थिकी

स्वदेशी रूप से विकसित ऑनलाइन ई-कॉमर्स नेटवर्क


भारत सरकार ने दिवाली तक 100 भारतीय शहरों में अपने स्वदेशी रूप से विकसित ‘ऑनलाइन ई-कॉमर्स नेटवर्क’ को शुरू करने की योजना बनाई है ताकि लाखों किराना स्टोर और उपभोक्ताओं को अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे बहुराष्ट्रीय प्लेटफार्मों का विकल्प प्रदान किया जा सके।

महत्वपूर्ण तथ्य: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 29 अप्रैल, 2022 को ओपन-सोर्स सिस्टम के परीक्षण-लॉन्च की घोषणा की।

  • बीटा लॉन्च डिजिटल कॉमर्स के लिए ओपन नेटवर्क (Open Network for Digital Commerce: ONDC) के आईटी अनुप्रयोगों का अनावरण करेगा और शुरुआत में बेंगलुरू में खुदरा विक्रेताओं और ग्राहकों की एक छोटी संख्या को कवर करेगा।
  • यह वृहद स्तर की परियोजना है क्योंकि यह सभी उपभोक्ताओं और खुदरा विक्रेताओं को व्यापक विकल्प प्रदान करेगी और सिस्टम के सफल परीक्षण के बाद औपचारिक लॉन्च होगा।
  • छ: माह में 100 शहरों में इसे लॉन्च करने के उद्देश्य से एक प्लेबुक बनाने के लिए एंड-टू-एंड टेस्टिंग की जा रही है।
  • प्रारंभिक परीक्षण लॉन्च, जो बेंगलुरू में शुरू किया गया था, दिल्ली, कोयंबटूर, भोपाल और शिलांग जैसे शहरों को भी कवर करेगा।
  • इन्वेंट्री, वेयरहाउसिंग, आपूर्तिकर्ता, लॉजिस्टिक्स और भुगतान के मामले में सिस्टम में खुदरा विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों के लिए कई विकल्प होंगे।

सामयिक खबरें राष्ट्रीय

भारत की पी-75आई परियोजना


फ्रांसीसी कंपनी नेवल ग्रुप (Naval Group) ने 3 मई, 2022 को कहा कि वह एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (एआईपी) सिस्टम से संबंधित रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) में उल्लिखित शर्तों के कारण 'भारत की पी-75आई परियोजना' (India’s P-75I submarine project) का हिस्सा नहीं बन पाएगा।

महत्वपूर्ण तथ्य: इस पी-75आई परियोजना के तहत भारतीय नौसेना के लिए बेहतर सेंसर एवं हथियारों से लैस और एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन सिस्टम (AIP) के साथ छ: पारंपरिक पनडुब्बियों का घरेलू स्तर पर निर्माण किया जाना था।

  • जून 2021 में, रक्षा मंत्रालय ने पी-75आई परियोजना को मंजूरी दी थी और दो शॉर्टलिस्ट की गई भारतीय कंपनियों - निजी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो और राज्यसंचालित मझगांव डॉक्स लिमिटेड को आरएफपी जारी किए गए थे।
  • आरएफपी की शर्तों के अनुसार फ्यूल सेल एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन सिस्टम समुद्र के लिए सिद्ध (sea proven) होने चाहिए, लेकिन नेवल ग्रुप के मामले में ऐसा नहीं है क्योंकि फ्रांसीसी नौसेना इस तरह की प्रणोदन प्रणाली का उपयोग नहीं करती है
  • जून 1999 में, सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति ने 2030 तक 24 पनडुब्बियों का स्वदेशी रूप से निर्माण करनेऔर शामिल करने के लिए नौसेना के लिए 30-वर्षीय योजना को मंजूरी दी थी।
  • पहले चरण में, उत्पादन की दो लाइनें स्थापित की जानी थीं - पहली, पी-75 (P-75) तथा दूसरी पी -75 आई (P-75I)। प्रत्येक परियोजना को छ: पनडुब्बियों का निर्माण करना था।
  • पी-75 के तहत अंतिम पनडुब्बी वाग्शीर को अप्रैल 2022 में लॉन्च किया गया था, जिसे 2023 के अंत तक कमीशन किया जाएगा।

सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय

भारत-ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्यदल की 13वीं बैठक


भारत-ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्यदल की 13वीं बैठक (13th meeting of the India-Australia Joint Working Group on Counter-Terrorism) 4 मई, 2022 को कैनबरा, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित की गई।

महत्वपूर्ण तथ्य: भारत के विदेश मंत्रालय में आतंकवाद रोधी संयुक्त सचिव महावीर सिंघवी और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग में आतंकवाद रोधी राजदूत रोजर नोबल ने विशेषज्ञों के संबंधित प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

  • भारत और ऑस्ट्रेलिया ने आतंकवाद के सभी स्वरूपों की कड़ी निंदा की है। ऑस्ट्रेलिया ने 26/11 मुंबई, पठानकोट और पुलवामा हमलों सहित भारत में आतंकवादी हमलों की निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत सरकार के लिए अपना समर्थन दोहराया।
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया ने सभी देशों के लिए तत्काल, निरंतर, सत्यापन योग्य और अपरिवर्तनीय कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके नियंत्रण में किसी भी क्षेत्र का उपयोग आतंकवादी हमलों के लिए न किया जाए।
  • दोनों पक्षों ने आतंकवाद के क्षेत्र में बातचीत, सहयोग और सूचना साझा करने के लिए अपनी-अपनी समकक्ष एजेंसियों के बीच जुड़ाव को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।
  • दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, जी20 और एफएटीएफ (फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स) और हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) जैसे बहुपक्षीय मंचों के साथ-साथ क्वाड भागीदारों के साथ आतंकवाद विरोधी सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा की।
  • ऑस्ट्रेलिया अक्टूबर 2022 में अगले 'क्वाड काउंटर-टेररिज्म टेबलटॉप एक्सरसाइज' (Quad Counter-Terrorism Tabletop Exercise) में भारत की मेजबानी करेगा, जबकि भारत ने 2022 के अंत में नई दिल्ली में प्रस्तावित 'नो मनी फॉर टेरर कॉन्फ्रेंस' (No Money for Terror Conference) में ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी का स्वागत किया है।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित व्यक्ति

प्रियंका मोहिते 8,000 मीटर से ऊपर की पांच चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं


पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा की प्रियंका मोहिते 5 मई, 2022 को कंचनजंगा पर्वत पर चढ़ने के बाद 8,000 मीटर से ऊपर की पांच चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

(Image Source: https://thebridge.in)

  • तेनजिंग नोर्गे एडवेंचर अवॉर्ड 2020 की प्राप्तकर्ता, प्रियंका ने विश्व के तीसरे सबसे ऊंचे पर्वत कंचनजंगा (8,586 मीटर) पर अपना अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।
  • अप्रैल 2021 में, उन्होंने दुनिया की 10वीं सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर) को फतह किया था और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बनी थीं।
  • प्रियंका ने 2013 में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर), 2018 में माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) और 2016 में माउंट मकालू (8,485 मीटर) तथा माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर) पर भी चढ़ाई की है।
  • 2015 में प्रियंका ने 'माउंट मेंथोसा' (Mt. Menthosa) को फतह किया, जो 6443 मीटर की ऊंचाई पर हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले की दूसरी सबसे ऊंची चोटी है।
  • वह 2017-2018 के लिए साहसिक खेलों के लिए महाराष्ट्र सरकार के शिव छत्रपति राज्य पुरस्कार की प्राप्तकर्ता भी हैं।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप अभियान/सम्मेलन/आयोजन

आपदा रोधी अवसंरचना पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन


आपदा प्रबंधन अवसंरचना पर अंतरराष्ट्रीय गठबंधन (Coalition for Disaster Resilient Infrastructure (CDRI) ने यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी) के साथ साझेदारी में 4 से 6 मई, 2022 तक नई दिल्ली में हाइब्रिड प्रारूप में आपदा रोधी अवसंरचना पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (Fourth edition of the International Conference on Disaster Resilient Infrastructure) की मेजबानी की।

उद्देश्य: मानव-केंद्रित दृष्टिकोणों पर जोर देने के साथ, बदलती अवसंरचना प्रणालियों के आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के तरीकों का पता लगाना।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से आपदा रोधी अवसंरचना पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि CDRI के नेतृत्व में 'आपदा प्रबंधन अवसंरचना प्रणाली का वैश्विक आकलन' (Global Assessment of Disaster Resilience of Infrastructure Systems) वैश्विक ज्ञान में मदद करेगा, जो बेहद मूल्यवान होगा।
  • ज्ञात हो कि 2021 में जलवायु परिवर्तन पर सम्मेलन कॉप-26 (COP-26) में भारत ने 2070 तक 'नेट जीरो' हासिल करने की प्रतिबद्धता जताई है।

आपदा प्रबंधन अवसंरचना पर अंतरराष्ट्रीय गठबंधन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन 2019 में आपदा प्रबंधन अवसंरचना पर अंतरराष्ट्रीय गठबंधन (CDRI) की घोषणा की।

  • इस वैश्विक गठबंधन का उद्देश्य जलवायु और आपदा जोखिमों के लिए नई और मौजूदा बुनियादी ढांचा प्रणालियों के अनुकूलन को बढ़ावा देना है। CDRI का सचिवालय नई दिल्ली में स्थित है।

संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस (3 मई)


2022 का विषय: 'जर्नलिज्म अंडर डिजिटल साइज' (Journalism under digital siege)।

महत्वपूर्ण तथ्य: इस दिवस का उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के मूल सिद्धांतों का जश्न मनाना, दुनिया भर में प्रेस की स्वतंत्रता की स्थिति का आकलन करना, मीडिया की स्वतंत्रता पर होने वाले हमलों के खिलाफ बचाव करना और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जान गँवाने वाले पत्रकारों को श्रद्धांजलि देना है।

  • यूनेस्को के महासम्मेलन की सिफारिश के बाद दिसंबर 1993 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाने की घोषणा की गई थी।

राज्य समाचार बिहार

भारत का पहला ग्रीनफील्ड अनाज आधारित इथेनॉल संयंत्र


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 अप्रैल, 2022 को पूर्णिया जिले में देश का पहला ग्रीनफील्ड अनाज आधारित इथेनॉल संयंत्र का शुभारंभ किया।

  • 105 करोड़ रुपए के इस संयंत्र को निजी निवेशक 'ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा स्थापित किया गया है। इसकी प्रति दिन 65000 लीटर इथेनॉल उत्पादन करने की क्षमता है।
  • यह केंद्र सरकार द्वारा बिहार सरकार की इथेनॉल उत्पादन और संवर्धन नीति-2021 को मंजूरी देने के बाद से विकसित पहला संयंत्र है।
  • 'जीरो वेस्ट डिस्चार्ज' (zero waste discharge) का उपयोग कर नवीनतम तकनीक से स्थापित इथेनॉल संयंत्र 15 एकड़ में है।
  • यह संयंत्र किसानों से प्रतिदिन 130 टन चावल की भूसी और 150 टन मक्का या चावल की खरीद करेगा।
  • इथेनॉल को विशेष रूप से राज्य में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम और पड़ोसी राज्यों में पश्चिम बंगाल और झारखंड में बेचा जाएगा।
  • इथेनॉल उत्पादन से पेट्रोल की लागत कम होने और रोजगार सृजन में मदद मिलने की उम्मीद है।
  • बिहार के 38 में से 18 जिलों को मकई की पट्टी (corn belt) के रूप में जाना जाता है, राज्य सरकार ने अगले दो वर्षों में कम से कम 17 इथेनॉल संयंत्र खोलने का प्रस्ताव किया है।

खेल समाचार विविध

लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2022


24 अप्रैल, 2022 को स्पेन के सेविले में आयोजित एक आभासी पुरुस्कार समारोह में लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2022 (Laureus world sports awards 2022) के विजेताओं को अवॉर्ड्स प्रदान किए गए।

(Image Source: https://twitter.com/LaureusSport/)

  • 2021 में फॉर्मूला वन विश्व चैम्पियन मैक्स वर्सटाप्पेन (मोटर रेसिंग) को 'लॉरियस स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड प्रदान किया गया, जबकि जमैका की ओलम्पिक चैम्पियन स्प्रिंटर (एथलीट) एलेन थॉम्पसन-हेराह ने 'लॉरियस स्पोर्ट्सवुमेन ऑफ द ईयर 2022' अवॉर्ड जीता।
  • यह अवॉर्ड्स खेल जगत में वर्ष 2021 के प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किए गए।

अन्य विजेता-

  • लॉरियस ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर: एम्मा राडुकानू (यूनाइटेड किंगडम - टेनिस)
  • लॉरियस स्पोर्टिंग आइकॉन अवॉर्ड: वैलेंटिनो रोसी
  • लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर: इटली की पुरुष फुटबॉल टीम
  • लॉरियस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: टॉम ब्रैडी (यूएसए - फुटबॉल)
  • लॉरियस अकेडमी एक्सेप्शनल अचीवमेंट अवॉर्ड: रॉबर्ट लेवांडोव्स्की (पोलैंड - फुटबॉल)
  • लॉरियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ द ईयर: स्काई ब्राउन (स्केटबोर्ड)
  • लॉरियस स्पोर्ट फॉर गुड अवॉर्ड: लॉस्ट बॉयज इंक (यूएसए - बेसबॉल)
  • लॉरियस स्पोर्ट फॉर गुड सोसाइटी अवॉर्ड: रियल मैड्रिड (फुटबॉल क्लब)
  • लॉरियस वर्ल्ड एक्शन स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ द ईयर: बेथानी श्राइवर
  • लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ द ईयर विद ए डिसेबिलिटी: मार्सेल हग (व्हीलचेयर एथलेटिक्स)
  • लॉरियस एथलीट एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड: गेराल्ड असामोआ एंड द ब्लैक ईगल्स (फुटबॉल)

अन्य तथ्य: टोक्यो ओलम्पिक 2020 में पुरुषों की भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के नीरज चोपड़ा को लॉरियस ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर श्रेणी के लिए नामांकित किया गया था।