भारत का पहला ग्रीनफील्ड अनाज आधारित इथेनॉल संयंत्र

  • 10 May 2022

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 अप्रैल, 2022 को पूर्णिया जिले में देश का पहला ग्रीनफील्ड अनाज आधारित इथेनॉल संयंत्र का शुभारंभ किया।

  • 105 करोड़ रुपए के इस संयंत्र को निजी निवेशक 'ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा स्थापित किया गया है। इसकी प्रति दिन 65000 लीटर इथेनॉल उत्पादन करने की क्षमता है।
  • यह केंद्र सरकार द्वारा बिहार सरकार की इथेनॉल उत्पादन और संवर्धन नीति-2021 को मंजूरी देने के बाद से विकसित पहला संयंत्र है।
  • 'जीरो वेस्ट डिस्चार्ज' (zero waste discharge) का उपयोग कर नवीनतम तकनीक से स्थापित इथेनॉल संयंत्र 15 एकड़ में है।
  • यह संयंत्र किसानों से प्रतिदिन 130 टन चावल की भूसी और 150 टन मक्का या चावल की खरीद करेगा।
  • इथेनॉल को विशेष रूप से राज्य में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम और पड़ोसी राज्यों में पश्चिम बंगाल और झारखंड में बेचा जाएगा।
  • इथेनॉल उत्पादन से पेट्रोल की लागत कम होने और रोजगार सृजन में मदद मिलने की उम्मीद है।
  • बिहार के 38 में से 18 जिलों को मकई की पट्टी (corn belt) के रूप में जाना जाता है, राज्य सरकार ने अगले दो वर्षों में कम से कम 17 इथेनॉल संयंत्र खोलने का प्रस्ताव किया है।