देशव्यापी क्लाउड एवं एआई कौशल विकास पहल

  • 24 Aug 2026

23 अगस्त, 2026 को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और कल्टस एजुकेशन ने अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के सहयोग से ‘देशव्यापी क्लाउड एवं एआई कौशल विकास पहल’ (Nationwide Cloud and AI Skilling Initiative) के शुभारंभ की घोषणा की।

मुख्य बिंदु

  • प्रशिक्षण का लक्ष्य: इस कार्यक्रम के तहत AWS की डिजिटल प्रशिक्षण सामग्री के माध्यम से 1.5 लाख शिक्षार्थियों को एआई एवं क्लाउड की बुनियादी जानकारी प्रदान की जाएगी, जबकि 10,000 प्रतिभागियों को AWS री/स्टार्ट कार्यक्रम के माध्यम से रोजगारोन्मुख गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • व्यापक पहुँच: यह पहल सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को कवर करेगी तथा वंचित समुदायों के युवाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी।
  • ऑनलाइन प्रशिक्षण: पूर्णतः ऑनलाइन मॉडल के माध्यम से शिक्षार्थी AWS की डिजिटल प्रशिक्षण सामग्री तक पहुँच सकेंगे और अपनी तैयारी के आधार पर AWS री/स्टार्ट कार्यक्रम में आगे बढ़ सकेंगे, जहाँ उन्हें क्लाउड अवसंरचना, सुरक्षा, नेटवर्किंग एवं एआई की बुनियादी अवधारणाओं में प्रशिक्षक-आधारित प्रशिक्षण मिलेगा।
  • रोजगार के अवसर: इस पहल का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों तक पहुँच का विस्तार करके भारत के युवाओं के लिए सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव उत्पन्न करना है, विशेष रूप से वंचित एवं उभरते प्रतिभा केंद्रों में।
  • टियर-2 एवं टियर-3 शहरों पर ध्यान: 100% ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉडल के माध्यम से टियर-2 एवं टियर-3 शहरों के युवा महानगरों में स्थानांतरित हुए बिना प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और बुनियादी डिजिटल साक्षरता से लेकर वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्रों एवं रोजगार के अवसरों तक पहुँच बना सकेंगे।