मानस राष्ट्रीय उद्यान में नई पुष्पीय प्रजाति की खोज

  • 27 Oct 2026

22 अक्टूबर, 2026 को शोधकर्ता बरनाली दास और नमिता नाथ ने असम के मानस राष्ट्रीय उद्यान में मिली नई पुष्पीय प्रजाति Osbeckia assamensis का वैज्ञानिक विवरण प्रकाशित किया।

मुख्य तथ्य

  • नई प्रजाति: Osbeckia assamensis एक बहुवर्षीय झाड़ी है, जो मेलास्टोमैटेसी (Melastomataceae) कुल और ऑस्बेकिया (Osbeckia) वंश से संबंधित है।
  • शोध का प्रकाशन: इसका वैज्ञानिक विवरण 22 अक्टूबर, 2026 को वनस्पति वर्गिकी की शोध पत्रिका Phytotaxa में प्रकाशित हुआ।
  • खोज का स्थान: वर्ष 2021–2025 के वनस्पति सर्वेक्षणों में यह प्रजाति मानस राष्ट्रीय उद्यान के घास के मैदानों में बिखरी हुई आबादी के रूप में मिली।
  • नमूना संग्रह: इसका पहला संदर्भ नमूना 8 अक्टूबर, 2022 को एकत्र किया गया, जबकि एक अन्य नमूना अक्टूबर 2025 में दर्ज हुआ।
  • भौतिक विशेषताएँ: पौधे की ऊँचाई लगभग 2–2.5 मीटर होती है। इसके गुलाबी फूल लगभग 3–3.5 सेंटीमीटर के होते हैं और एक पुष्पगुच्छ में 30–35 फूल लगते हैं। इस प्रजाति में सितंबर से फरवरी के दौरान फूल और फल विकसित होते हैं।
  • वैज्ञानिक पहचान: तने, पत्तियों, पुष्पक्रम, बाह्यदलपुंज (Calyx) के रोमयुक्त किनारों और बीजों के आकार के आधार पर इसे संबंधित प्रजाति Osbeckia nayarii से अलग पहचाना गया।
  • संरक्षण स्थिति: शोधकर्ताओं ने IUCN मानदंडों के अनुसार इसे डेटा डेफिशिएंट (DD) श्रेणी में रखा है, क्योंकि इसके विलुप्ति जोखिम के आकलन हेतु पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है।
  • सार्वजनिक घोषणा: 26 अक्टूबर, 2026 को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस नई प्रजाति की खोज की जानकारी सार्वजनिक की।