दुनिया का सबसे शक्तिशाली सुपर कंप्यूटर फुगाकू

  • 29 Mar 2021

9 मार्च, 2021 को दुनिया का सबसे शक्तिशाली सुपर कंप्यूटर ‘फुगाकू’ (Fugaku) जापान में पूर्ण रूप से अनुसंधान उपयोग हेतु विकसित हो गया है।

महत्वपूर्ण तथ्य: जापानी वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान रिकेन (RIKEN) और फुजित्सु (FUJITSU) ने जापान की कंप्यूटिंग अवसंरचना में वृद्धि करने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में इस सुपर कंप्यूटर पर कार्य करना शुरू किया था।

  • अप्रैल 2020 में कोविड-19 महामारी से निपटने हेतु विशेष परियोजनाओं के लिए इस सुपर कंप्यूटर का परीक्षण किया गया था।
  • ‘फुगाकू’ सुपर कंप्यूटर की जापान के ही ‘के सुपर कंप्यूटर’ (K supercomputer) की तुलना में 100 गुना अधिक प्रदर्शन क्षमता है। इसे मुख्य रूप से उच्च-रिजॉल्यूशन, लंबी अवधि और बड़े पैमाने पर सिमुलेशन को लागू करने हेतु विकसित किया गया है।
  • कंप्यूटर न केवल वैज्ञानिक शोधों के लिए बनाया गया है, बल्कि 'सोसायटी 5.0' बनाने में भी मदद करता है। जापानी सरकार की पहल सोसायटी 5.0 का उद्देश्य एक ऐसा समाज बनाना है, जहाँ सभी लोग सुरक्षित और आरामदायक जीवन जी सकें।
  • सुपर कंप्यूटर ‘फुगाकू’ ने नवंबर 2020 में प्रकाशित सबसे तेज सुपर कंप्यूटर की शीर्ष 500 सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जो कि सुपर कंप्यूटर ‘बेंचमार्क इंडेक्स’ है।