चक्रवात ताउते

  • 29 May 2021

मई 2021 में अरब सागर में विकसित 'अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान’ (Extremely severe cyclonic storm) ‘ताउते’ (Cyclone Tauktae) में 100 से अधिक लोग मारे गए, जो पिछले एक दशक में अरब सागर से आए किसी एक चक्रवात में मरने वालों की संख्या से अधिक है।

महत्वपूर्ण तथ्य: इसने केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र राज्यों के तटीय क्षेत्रों से गुजरते हुए गुजरात में भारी तबाही मचाई। ताउते 23 वर्षों में गुजरात से टकराने वाला दूसरा 'अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान’ था।

  • ताउते एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात (Tropical Cyclone) था, जिसका नाम म्याँमार द्वारा रखा गया। बर्मीज भाषा में इसका अर्थ है 'गेको', जो एक अत्यधिक शोर करने वाली छिपकली (Highly Vocal Lizard) है।
  • चक्रवात नामकरण: विश्व मौसम विज्ञान संगठन और एशिया और प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UN ESCAP) के नेतृत्व में उष्णकटिबंधीय चक्रवातों पर पैनल चक्रवातों के नाम तैयार करता है, जिसमें क्षेत्रीय विशेष मौसम विज्ञान केंद्र (RSMC) के साथ-साथ उष्णकटिबंधीय चक्रवात चेतावनी केंद्र भी शामिल हैं।
  • भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) दुनिया के छ: RSMC में से एक है, जिसे चेतावनी जारी करने और उत्तर हिंद महासागर क्षेत्र में उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के नाम रखने का अधिकार है।
  • भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, पाकिस्तान, मालदीव, ओमान, श्रीलंका, थाईलैंड, ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन सहित 13 देशों के पैनल ने इस क्षेत्र में चक्रवातों का नाम रखा है।
  • 2020 में, नामों की एक नई सूची जारी की गई जिसमें चक्रवातों के 169 नाम थे, जिनमें 13 देशों (प्रत्येक के) द्वारा 13 नामों का सुझाव दिया गया था।