बेबी स्क्विड्स और टार्डिग्रेड्स को अंतरिक्ष में भेजा गया

  • 29 Jun 2021

3 जून‚ 2021 को नासा द्वारा द्वारा बेबी स्क्विड (Squids) एवं टार्डिग्रेड्स (वाटर बियर) नामक सूक्ष्म-जीवों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) भेजा गया है।

महत्वपूर्ण तथ्य: ये जीव स्पेसएक्स के 22वें पुन: आपूर्ति सेवा मिशन के माध्यम से अंतरिक्ष स्टेशन को भेजी जाने वाली वैज्ञानिक प्रयोगों संबंधी आपूर्ति सामग्री के साथ भेजे गए हैं।

बेबी स्क्विड: बेबी बॉबटेल स्क्विड (Euprymna scolopes) की मदद से शोधकर्ताओं को रोगाणुओं और उनके पशु होस्ट (Host) के बीच सहजीवी संबंधों को समझने में मदद मिलेगी। बेबी बॉबटेल स्क्विड का प्राकृतिक जीवाणुओं के साथ सहजीवी संबंध होता है ।

  • वे यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या अंतरिक्ष उड़ान इस परस्पर क्रिया को प्रभावित करती है, ताकि लंबी अवधि के अंतरिक्ष मिशनों पर अंतरिक्ष यात्री स्वास्थ्य सुरक्षा के बेहतर उपाय किये जा सकें।

टार्डिग्रेड्स: टार्डिग्रेड्स (Tardigrads), जिन्हें वाटर बियर भी कहा जाता है‚ अनेक वर्षों तक अतिशीत अंतरिक्षीय वातावरण में भी जीवित रह सकते हैं।

  • यह टार्डिग्रेड्स (Hypsibius exemplaris) को पृथ्वी और अंतरिक्ष में विषम परिस्थितियों में जैविक अस्तित्व का अध्ययन करने के लिए एक आदर्श जीव बनाता है।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन: एक अंतरिक्ष स्टेशन अनिवार्य रूप से एक बड़ा अंतरिक्ष यान है, जो विस्तारित अवधि के लिए 'लो-अर्थ ऑर्बिट’ (low-earth orbit) में रहता है। यह अंतरिक्ष में एक बड़ी प्रयोगशाला की तरह है, जो अंतरिक्ष यात्रियों को हफ्तों या महीनों तक माइक्रोग्रैविटी में प्रयोग करने की अनुमति देता है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन 1998 से अंतरिक्ष में है।