दो और भारतीय समुद्र तटों को मिला प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग प्रमाणन

  • 28 Sep 2021

सितंबर 2021 में दो नए भारतीय समुद्र तटों- तमिलनाडु में कोवलम (Kovalam) और पुडुचेरी में इडेन (Eden) को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय इको-लेबल 'ब्लू फ्लैग' प्रमाणन प्रदान किया गया है। भारत में अब ब्लू फ्लैग वाले 10 समुद्र तट मौजूद हैं।

(Image Source: FEE)

महत्वपूर्ण तथ्य: फाउंडेशन फॉर एनवायर्नमेंट एजुकेशन इन डेनमार्क (FEE), जो वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त इको-लेबल- ब्लू फ्लैग प्रमाणन प्रदान करता है, ने 8 नामांकित समुद्र तटों शिवराजपुर (गुजरात), घोघला (दीव), कासरकोड एवं पदुबिद्री (कर्नाटक), कप्पड (केरल), रुशिकोंडा (आंध्र प्रदेश), गोल्डन (ओडिशा) और राधानगर (अंडमान एवं निकोबार) के लिए दोबारा प्रमाणन भी दिया है। इन समुद्र तटों को पिछले साल ब्लू फ्लैग प्रमाण पत्र दिया गया था।

  • FEE डेनमार्क हर समय 33 सख्त अनुपालन मानदंडों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करता है। लहराता हुआ 'ब्लू फ्लैग' इन 33 सख्त मानदंडों और समुद्र तट के अच्छे स्वास्थ्य के लिए 100 प्रतिशत अनुपालन का संकेतक है।

बीच एनवायर्नमेंट एंड एस्थेटिक्स मैनेजमेंट सर्विसेज (BEAMS): यह भारत के तटीय क्षेत्रों के सतत विकास के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा ‘एकीकृत तटीय क्षेत्र प्रबंधन’ दृष्टिकोण के तहत शुरू की गई एक पहल है।

  • इस कार्यक्रम का उद्देश्य तटीय समुद्र में प्रदूषण को कम करना, समुद्र तटीय वस्तुओं के सतत विकास को बढ़ावा देना, तटीय पारिस्थितिक तंत्र एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना है।