यूरोज़ोन तथा शेंगेन क्षेत्र में शामिल हुआ क्रोएशिया

  • 11 Jan 2023

1 जनवरी, 2023 से क्रोएशिया यूरोपीय मुद्रा-यूरो (इसे € संकेत द्वारा निरूपित किया जाता है) को अपनाकर यूरोजोन के देशों में शामिल हो गया; साथ ही वह यूरोप के सीमा-मुक्त ‘शेंगेन क्षेत्र’ (Europe’s border-free SCHENGEN ZONE) में भी शामिल हुआ।

  • क्रोएशिया ने वर्ष 2013 में यूरोपीय संघ (European Union) की सदस्यता ग्रहण की थी। यह शेंगेन क्षेत्र में शामिल होने वाला 27वां और यूरो मुद्रा अपनाने वाला 20वां देश बन गया है। अब तक क्रोएशिया की मुद्रा को कुना (Kuna) के नाम से जाना जाता था।
  • ध्यान रहे कि, वर्ष 2015 में लिथुआनिया के शामिल होने के पश्चात लगभग आठ वर्षों में यह यूरोज़ोन का पहला विस्तार है।

यूरो क्षेत्र क्या है?

  • परिचय: यूरो क्षेत्र अथवा 'यूरोज़ोन' यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के एक ऐसे समूह को कहा जाता है जिन्होंने अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं को एकल मुद्रा-यूरो से परिवर्तित कर दिया है।
  • योग्यता शर्तें: यूरोपीय संघ का वही सदस्य देश यूरो क्षेत्र का सदस्य बनने की योग्यता रखता है जो EU द्वारा निर्धारित आर्थिक मानदंडों एवं कानूनी शर्तों को पूरा करता है। इन मानदंडों में संतुलित मुद्रास्फीति तथा स्थिर विनिमय दर जैसी अनेक विशेषताएं शामिल हैं।
  • क्रोएशिया को लाभ: यूरो क्षेत्र का सदस्य बनने से क्रोएशिया को रूस-यूक्रेन युद्ध की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बढ़ती मुद्रास्फीति के मध्य अपनी अर्थव्यवस्था को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी।

शेंगेन क्षेत्र क्या है?

  • परिचय: शेंगेन क्षेत्र (Schengen Area) को एक ऐसे क्षेत्र के रूप में जाना जाता है जहां यूरोपीय देशों ने नागरिकों की मुक्त और अप्रतिबंधित आवाजाही (Free and unrestricted movement) के लिए अपनी आंतरिक सीमाओं (Internal borders) को समाप्त कर दिया है।
    • वर्तमान समय में लगभग 400 मिलियन से अधिक यूरोपीय संघ के नागरिकों के साथ-साथ दूसरे देशों के पर्यटक तथा गैर-सदस्य राष्ट्रों के ऐसे नागरिक जो यूरोपीय संघ में निवास करते हैं, को यूरोपीय संघ के देशों की यात्रा करने, व्यवसाय अथवा रोजगार करने तथा छात्रों के आदान-प्रदान की मुक्त आवाजाही की अनुमति प्राप्त है।
  • सदस्य: शेंगेन क्षेत्र के अंतर्गत कुल 27 सदस्य देश हैं; इनमें 23 यूरोपीय संघ के देश तथा 4 अन्य देश [नॉर्वे, स्विट्जरलैंड, आइसलैंड और लिचेटेंस्टीन (Liechtenstein)] शामिल हैं; शेंगेन क्षेत्र के ये 4 देश यूरोपीय संघ में शामिल नहीं हैं, परन्तु इन्होंने 1985 के शेंगेन समझौते (Schengen Agreement, 1985) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • क्रोएशिया को लाभ: शेंगेन क्षेत्र में शामिल होने के साथ अब क्रोएशियाई नागरिकों को अन्य शेंगेन सदस्य देशों में स्वतंत्र आवाजाही की अनुमति प्राप्त होगी तथा उन्हें यात्रा के समय अपना पासपोर्ट दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी।