समसामयिकी -25 November 2021
पीआईबी न्यूज राष्ट्रीय
वीरता पुरस्कार 2020
22 नवंबर, 2021 को राष्ट्रपति ने वर्ष 2020 के लिए वीरता पुरस्कार प्रदान किए।
वीर चक्र: भारतीय वायु सेना के जांबाज फाइटर पायलट विंग कमांडर (वर्तमान में ग्रुप कैप्टन) ‘अभिनंदन वर्थमान’ को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा तीसरा सर्वोच्च युद्ध वीरता पुरस्कार 'वीर चक्र' प्रदान किया गया।
- उन्होंने बालाकोट हवाई हमले के एक दिन बाद 27 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के साथ हवाई संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था।
कीर्ति चक्र: जम्मू और कश्मीर में एक ऑपरेशन में आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए शहीद ‘सैपर प्रकाश जाधव’ को मरणोपरांत दूसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र दिया गया।
शौर्य चक्र: उत्तराखंड के शहीद ‘मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल’ को आतंकवाद विरोधी अभियान में उनकी भूमिका के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र दिया गया। उन्होंने पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। यह पुरस्कार उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और उनकी मां ने प्राप्त किया।
- जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन में एक खूंखार आतंकवादी को मार गिराने के लिए ‘नायब सूबेदार सोमबीर’ को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया।
- सैनिक स्कूल सतारा के पूर्व छात्र रहे ‘मेजर महेश कुमार भूरे’ को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया, जिन्होंने एक ऑपरेशन का नेतृत्व किया था, जिसमें छ: शीर्ष आतंकवादी कमांडर मारे गए थे।
वीरता पुरस्कार: वीरता पुरस्कारों की घोषणा वर्ष में दो बार की जाती है - पहले गणतंत्र दिवस के अवसर पर और फिर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर। परमवीर चक्र और अशोक चक्र राष्ट्रपति द्वारा राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।
- इन पुरस्कारों का वरीयता क्रम- परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र है।
सामयिक खबरें आर्थिकी
भारतीय रेलवे का पहला पॉड होटल
रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने 17 नवंबर, 2021 को मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भारतीय रेलवे के पहले पॉड होटल (pod hotel) का उद्घाटन किया।
(Image Source: https://twitter.com/htTweets)
महत्वपूर्ण तथ्य: पहली बार, भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने भारतीय रेलवे के सहयोग से, 'मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन' पर बिस्तर के आकार के आरामदायक रूम की "पॉड अवधारणा" पेश की है।
- एक पॉड या कैप्सूल होटल, जिसे पहले जापान में विकसित किया गया था, में बड़ी संख्या में छोटे, बिस्तर के आकार के कमरे हैं, जिन्हें कैप्सूल के रूप में जाना जाता है।
- ये होटल उन मेहमानों के लिए किफायती होते हैं, जिन्हें परंपरागत होटलों द्वारा पेश किए जाने वाले बड़े, अधिक महंगे कमरों की आवश्यकता नहीं होती है।
- इस पॉड होटल में ठहरने के लिए 12 घंटे के लिए 999 रुपये और 24 घंटे के लिए 1,999 रुपये का भुगतान करना होगा। इनमें वाईफाई, टीवी, एक छोटा लॉकर, एडजस्टेबल मिरर और रीडिंग लाइट आदि जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
सामयिक खबरें राष्ट्रीय
स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2021
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 20 नवंबर, 2021 को नई दिल्ली में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव को संबोधित किया और स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2021 प्रदान किए। लगातार पांचवें वर्ष, इंदौर को स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत भारत का सबसे स्वच्छ शहर होने के खिताब से सम्मानित किया गया।
(Image Source: PIB)
पुरस्कार विजेता-
1 लाख से अधिक आबादी श्रेणी: 1- इंदौर, 2- सूरत, 3- विजयवाड़ा।
1 लाख से कम आबादी श्रेणी: 1- वीटा, 2- लोनावाला, 3- सासवड (तीनों शहर सभी महाराष्ट्र में स्थित)।
10 लाख से अधिक आबादी श्रेणी: 1- इंदौर, 2- सूरत, 3- विजयवाड़ा, 4- नवी मुंबई, 5- पुणे
स्वच्छ छोटा शहर (1 लाख से 3 लाख आबादी श्रेणी): नई दिल्ली
स्वच्छ मध्यम शहर (3 लाख से 10 लाख आबादी श्रेणी): नोएडा
स्वच्छ बड़ा शहर (10 लाख से 40 लाख आबादी श्रेणी): नवी मुंबई
सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला छोटा शहर (1 लाख से 3 लाख आबादी श्रेणी): होशंगाबाद (मध्य प्रदेश)
सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला मध्यम शहर (3 लाख से 10 लाख आबादी श्रेणी): हुबली-धारवाड़(कर्नाटक)
सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला बड़ा शहर (10 लाख से 40 लाख आबादी श्रेणी): मेरठ (उत्तर प्रदेश)
सर्वश्रेष्ठ गंगा शहर: वाराणसी (1 लाख से अधिक आबादी श्रेणी), कन्नौज (1 लाख से कम आबादी श्रेणी)
'नागरिकों की प्रतिक्रिया' में सर्वश्रेष्ठ छोटा शहर (1 लाख से 3 लाख आबादी श्रेणी): तिरुपति (आंध्र प्रदेश)
'नागरिकों की प्रतिक्रिया' में सर्वश्रेष्ठ मध्यम शहर (3 लाख से 10 लाख आबादी श्रेणी): उज्जैन (मध्य प्रदेश)
'नागरिकों की प्रतिक्रिया' में सर्वश्रेष्ठ बड़ा शहर (10 लाख से 40 लाख आबादी श्रेणी): ग्रेटर विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश)
भारत की सबसे स्वच्छ छावनी: 1- अहमदाबाद छावनी, 2- मेरठ छावनी, 3- दिल्ली छावनी
'अधिकतम नागरिक भागीदारी' में सर्वश्रेष्ठ छावनी: लैंसडाउन छावनी (पौड़ी गढ़वाल) उत्तराखंड
‘100 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों’ की श्रेणी में 'सबसे स्वच्छ राज्य': छत्तीसगढ़
100 से कम शहरी स्थानीय निकायों’ की श्रेणी में 'सबसे स्वच्छ राज्य': झारखंड
- कचरा मुक्त शहरों को स्टार रेटिंग प्रोटोकॉल के अंतर्गत 9 शहर ‘5-सितारा’ जबकि 143 शहर ‘3-सितारा’ कचरा मुक्त शहर घोषित किए गए।
- स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत शुरू की गई एक नई प्रदर्शन श्रेणी 'प्रेरक दौर सम्मान' के तहत पांच शहरों - इंदौर, सूरत, नवी मुंबई, नई दिल्ली नगर परिषद और तिरुपति को 'दिव्य' (प्लैटिनम) के रूप में वर्गीकृत किया गया था।
संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप निधन
प्रसिद्ध मप्पिलापट्टू गायक पीर मोहम्मद का निधन
प्रसिद्ध मप्पीला गीत (मप्पिलापट्टू) के गायक पीर मोहम्मद का 16 नवंबर, 2021 को कन्नूर में निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे।
(Image Source: https://english.mathrubhumi.com/)
- पीर मोहम्मद ने मप्पीला गीतों को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्हें मप्पिलापट्टू परंपरा के अग्रदूतों में से एक माना जाता है।
- वे 1976 में दूरदर्शन पर मप्पिलापट्टू प्रस्तुत करने वाले पहले कलाकार थे।
- पीर मोहम्मद ने केरल लोकगीत अकादमी पुरस्कार, केरल मप्पीला संगीत अकादमी पुरस्कार और मोयनकुट्टी वैद्यर स्मारक पुरस्कार सहित कई पुरस्कार जीते थे।
- केरल में 'इशालुकल' (Ishalukal) की धुन पर मप्पीला गीत राज्य के मुस्लिम समुदाय के बीच लोकप्रिय हैं। इसमें उर्दू, अरबी, फारसी, हिंदी, संस्कृत, तमिल और कन्नड़ तथा अन्य भाषाओं के बहुत सारे शब्दों और उक्तियों का उपयोग किया गया है।
संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस
अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस (16 नवंबर)
महत्वपूर्ण तथ्य: 1996 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के रूप में घोषित किया। 16 नवंबर, 1995 को यूनेस्को के सदस्य देशों द्वारा ‘सहिष्णुता के सिद्धांतों की घोषणा’ को अपनाया गया।
- 1995 में, ‘सहिष्णुता के लिए संयुक्त राष्ट्र वर्ष’ और महात्मा गांधी के जन्म की 125वीं वर्षगांठ के अवसर पर, UNESCO ने 'सहिष्णुता और अहिंसा को बढ़ावा देने के लिए यूनेस्को-मदनजीत सिंह पुरस्कार' स्थापित किया।
राज्य समाचार हरियाणा
हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने 1 नवंबर, 2021 को हरियाणा दिवस के अवसर पर 'हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल' (https://works.haryana.gov.in) का शुभारंभ किया।
- राज्य सरकार के चार प्राथमिक इंजीनियरिंग विभागों - लोक निर्माण विभाग, सिंचाई और जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के साथ काम करने के इच्छुक ठेकेदारों को कारोबार सुगमता की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पोर्टल शुरू किया गया है।
- इन विभागों की विभिन्न निविदाओं में भाग लेने के इच्छुक ठेकेदार इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
राज्य समाचार महाराष्ट्र
नाग नदी पुनरोद्धार परियोजना को मंजूरी
27 अक्टूबर, 2021 को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा परिकल्पित 'नाग नदी पुनरोद्धार परियोजना' (Nag River revitalization project approved) को व्यय वित्त समिति (ईएफसी) द्वारा अनुमोदित किया गया है।
- यह नागपुर के लोगों के लिए 2117 करोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है।
- इस परियोजना के तहत काम पूरा करने के लिए आठ साल की अवधि निर्धारित की गई है।
- इसके तहत तीन एसटीपी परियोजनाएं, 500 किलोमीटर का सीवरेज नेटवर्क, एक पम्पिंग स्टेशन और सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
- नाग नदी महाराष्ट्र के नागपुर शहर से होकर बहने वाली एक नदी है और ‘नागपुर’ शहर का नाम नाग नदी के नाम पर रखा गया है।
- नाग नदी का उद्गम 'अंबाझरी' नामक झील से होता है, जो नागपुर शहर के पश्चिम में स्थित है।
राज्य समाचार ओडिशा
सड़क सुरक्षा पहल 'रक्षक'
ओडिशा सरकार ने कीमती जिंदगियों को बचाने के लिए 10 नवंबर, 2021 को सड़क सुरक्षा पहल 'रक्षक' की शुरुआत की।
- अपनी तरह के पहले राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में, दुर्घटना संभावित स्थानों के पास स्थित भोजनालयों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रहने या काम करने वाले 30,000 स्वयंसेवकों को सड़क दुर्घटनाओं के लिए प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
- कार्यक्रम के तहत, 300 मास्टर ट्रेनर सभी 30 जिलों में स्थानीय लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रशिक्षित और सशक्त बनाएंगे।
- ये 30,000 स्वयंसेवक दुर्घटना होने के महत्वपूर्ण समय यानी 'गोल्डन आवर' के भीतर दुर्घटना पीड़ितों को प्राथमिक चिकित्सा और अस्पताल पूर्व चोट की देखभाल प्रदान करेंगे।