वीरता पुरस्कार 2020

  • 25 Nov 2021

22 नवंबर, 2021 को राष्ट्रपति ने वर्ष 2020 के लिए वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

वीर चक्र: भारतीय वायु सेना के जांबाज फाइटर पायलट विंग कमांडर (वर्तमान में ग्रुप कैप्टन) ‘अभिनंदन वर्थमान’ को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा तीसरा सर्वोच्च युद्ध वीरता पुरस्कार 'वीर चक्र' प्रदान किया गया।

  • उन्होंने बालाकोट हवाई हमले के एक दिन बाद 27 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के साथ हवाई संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था।

कीर्ति चक्र: जम्मू और कश्मीर में एक ऑपरेशन में आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए शहीद ‘सैपर प्रकाश जाधव’ को मरणोपरांत दूसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र दिया गया।

शौर्य चक्र: उत्तराखंड के शहीद ‘मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल’ को आतंकवाद विरोधी अभियान में उनकी भूमिका के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र दिया गया। उन्होंने पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। यह पुरस्कार उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और उनकी मां ने प्राप्त किया।

  • जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन में एक खूंखार आतंकवादी को मार गिराने के लिए ‘नायब सूबेदार सोमबीर’ को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया।
  • सैनिक स्कूल सतारा के पूर्व छात्र रहे ‘मेजर महेश कुमार भूरे’ को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया, जिन्होंने एक ऑपरेशन का नेतृत्व किया था, जिसमें छ: शीर्ष आतंकवादी कमांडर मारे गए थे।

वीरता पुरस्कार: वीरता पुरस्कारों की घोषणा वर्ष में दो बार की जाती है - पहले गणतंत्र दिवस के अवसर पर और फिर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर। परमवीर चक्र और अशोक चक्र राष्ट्रपति द्वारा राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।

  • इन पुरस्कारों का वरीयता क्रम- परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र है।